विज्ञापन
This Article is From Oct 19, 2018

अमृतसर में बड़ा ट्रेन हादसा, ट्रेन ने कई लोगों को कुचला, 60 लोगों की मौत

इस घटना से स्थानीय लोगों में आक्रोश है और त्योहार के दिन देशभर में लोग गमगीन हैं. अमृतसर के सब डिवीजनल मजिस्ट्रेट राजेश शर्मा ने कहा कि 50 शव बरामद कर लिए गए हैं.

अमृतसर में बड़ा ट्रेन हादसा, ट्रेन ने कई लोगों को कुचला, 60 लोगों की मौत
अमृतसर: पंजाब के अमृतसर में शुक्रवार की शाम एक भीषण हादसा हो गया. रावण दहन देख रहे लोग तेज रफ्तार ट्रेन की चपेट में आ गए, जिससे कम से कम 60 लोगों की मौत हो गई और 51 अन्य घायल हो गए. घायलों में कई की हालत गंभीर है. इस घटना से स्थानीय लोगों में आक्रोश है और त्योहार के दिन देशभर में लोग गमगीन हैं. अमृतसर के सब डिवीजनल मजिस्ट्रेट राजेश शर्मा ने कहा कि 50 शव बरामद कर लिए गए हैं और करीब 50 घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है. अमृतसर पुलिस आयुक्त एस.एस. श्रीवास्तव ने कहा कि मृतकों की संख्या 50-60 से ज्यादा होगी.

ट्रेन जालंधर से अमृतसर आ रही थी तभी जोड़ा फाटक पर यह हादसा हुआ. मौके पर कम से कम 300 लोग मौजूद थे जो पटरियों के निकट एक मैदान में रावण दहन देख रहे थे. अमृतसर के प्रथम उपमंडलीय मजिस्ट्रेट राजेश शर्मा ने बताया कि 50 शवों को बरामद किया गया है और कम से कम 50 घायलों को एक सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया है. अधिकारियों ने बताया कि रावण के पुतले को आग लगाने और पटाखे फूटने के बाद भीड़ में से कुछ लोग रेल की पटरियों की ओर बढ़ना शुरू हो गए जहां पहले से ही बड़ी संख्या में लोग खड़े होकर रावण दहन देख रहे थे. ट्रेन नंबर 74643 से यह हादसा हुआ है. बड़ी संख्या में लोग रेल पटरी पर खड़े होकर रावण दहन देख रहे थे. इसी दौरान रेलगाड़ी आ गई और बड़ी तादाद में लोग इसकी चपेट में आ गए. रावण दहन के दौरान पटाखों की गूंज की वजह से लोग ट्रेन की सीटी नहीं सुन सके.

अधिकरी ने बताया कि उसी वक्त दो विपरीत दिशाओं से एक साथ दो ट्रेनें आई और लोगों को बचने का बहुत कम समय मिला. उन्होंने बताया कि एक ट्रेन की चपेट में कई लोग आ गए. इस घटना के बाद से ही मौके पर चीख पुकार मच गई, बदहवास लोग अपने करीबियों को तलाशने लगे. क्षत-विक्षत शव घटना के घंटों बाद भी घटनास्थल पर ही पड़े थे क्योंकि नाराज लोग प्रशासन को शव हटाने नहीं दे रहे थे. कई शवों की पहचान भी नहीं हो सकी. जमीन पर क्षत-विक्षत शव पड़े हुए थे. लोगों ने स्थानीय विधायक नवजोत कौर सिद्धु के खिलाफ नारेबाजी की जो रावण दहन कार्यक्रम के दौरान मुख्य अतिथि के तौर पर वहां मौजूद थीं. इस घटना के बाद परेशान लोगों ने अपने दिल दहलाने वाले अनुभव साझा किये. एक गमगीन महिला ने कहा, ‘‘मैंने अपना नाबालिग बेटा खो दिया। मुझे मेरा बेटा लौटा दो.''

एक स्थानीय शख्स ने कहा, ‘‘कई बार हमनें अधिकारियों और स्थानीय नेताओं से कहा कि इस मुद्दे को रेलवे के साथ उठाएं कि दशहरे के दौरान फाटक के पास ट्रेनों की गति को कम रखा जाए, लेकिन किसी ने हमारी बात नहीं सुनी.'' एक अन्य व्यक्ति ने कहा कि पटाखों के शोर की वजह से लोगों को आ रही ट्रेन की आवाज नहीं सुन सकी. इस घटना के बाद देश भर में शोक की लहर फैल गई. राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने लोगों की मौत पर दुख व्यक्त किया है.

रेलवे ने हादसे को लेकर हेल्पलाइन नंबर 0183-2223171, 0183-2564485 जारी किया है.
 
एक पुलिस अधिकारी ने बताया, 'हम वहां से लोगों को हटा रहे हैं. स्थिति का जायजा लिया जा रहा है.' सूत्रों ने बताया कि घटनास्थल पर रावण दहन देखने के लिए कम से कम 300 लोग जमा थे. एडीसीपी लखबीर सिंह ने कहा कि 15 शव बरामद किए गए हैं. उन्होंने कहा कि मृतकों की संख्या बढ़ने का अंदेशा है. उपजिलाधिकारी राजेश शर्मा ने बताया कि हादसे में मृतकों का आंकड़ा 50 तक पहुंच गया है. पंजाब सरकार ने मरने वालों के परिवारों के लिए 5-5 लाख रुपये के मुआवजे का ऐलान किया है. रेल राज्‍यमंत्री मनोज सिन्‍हा भी घटना स्‍थल जा रहे हैं.

अमृतसर के पुलिस कमिश्‍नर एसएस श्रीवास्‍तव ने बताया कि मरने वालों की सही संख्‍या की फिलहाल जानकारी नहीं है लेकिन निश्चित रूप से 50-60 लोगों मौत हुई है.
 
एक प्रत्‍यक्षदर्शी ने बताया कि तेज गति से आ रही ट्रेन ने चौड़ा बाजार के पास कई लोगों को कुचल दिया.
  पंजाब के मुख्‍यमंत्री ने कैप्‍टन अमरिंदर सिंह ट्वीट कर कहा, 'अमृतसर में रेल दुर्घटना की खबर सुनकर सदमे में हूं. दुख की इस घड़ी में सभी सरकारी और प्राइवेट अस्‍पतालों को खुला रखने के निर्देश दे दिए गए हैं. जिला प्रशासन को राहत एवं बचाव कार्य युद्ध स्‍तर पर करने के निर्देश दिए गए हैं.
 
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अमृतसर की ट्रेन दुर्घटना पर दुख व्यक्त करते हुए अधिकारियों को तत्काल पीड़ितों को सहायता पहुंचाने के लिए कहा. प्रधानमंत्री ने ट्वीट किया...
 गृह मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि केंद्र पंजाब को हर मुमकिन मदद मुहैया कराएगा.
 
कांग्रेस प्रमुख राहुल गांधी ने राज्य सरकार और पार्टी कार्यकर्ताओं से अमृतसर में ट्रेन दुर्घटना स्थल पर तुरंत राहत मुहैया कराने को कहा.
 
रेल मंत्री पीयूष गोयल ने भी हादसे पर दुख व्‍यक्‍त करते हुए कहा कि रेलवे तत्काल राहत और बचाव अभियान चला रहा है.
 

अमृतसर रेल हादसे के संबंध में नवजोत कौर सिद्धू ने कहा है कि रावण का पुतला दहन होसे थोड़ी देर पहले ही मैं वहां से निकली थी. घायलों को इलाज की प्राथमिकता देना प्राथमिकता है. जो लोग इस घटना पर राजनीति कर रहे हैं उन्हें शर्म आनी चाहिए.
 
VIDEO: ट्रेन ने अमृतसर में इस तरह लोगों को कुचला

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Train Accident In Amritsar, Amritsar Train Accident
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com