विज्ञापन

NDTV EXCLUSIVE: कोई सिल्वर जीतकर वायरल, तो कोई 4 गोल्ड जीतकर भी गुमनाम, कोहली की फैन मधुरा कर का छलका दर्द

मधुरा का कहना है कि वो पावरलिफ़्टिंग में आगे भी जूनियर और सीनियर स्तर पर मेडल जीतना चाहती हैं.

मधुरा कर का छलका दर्द

दक्षिण अफ़्रीका के मशहूर सनसिटी में पिछले हफ़्ते (18-29 अगस्त) के बीच हरियाणा में रहने वाली कीया कुणाल बनर्जी ने जूनियर कैटगरी में पावरलिफ़्टिंग का एक सिल्वर मेडल जीता और ज़बरदस्त तरीके से वायरल हो गईं. उसी पावरलिफ़्टिंग वर्ल्ड चैंपियनशिप में पश्चिम बंगाल के जलपाईगुड़ी की 15 साल की मधुरा कर ने 4 गोल्ड मेडल जीते और उनकी कुछ ख़ास चर्चा नहीं हुई. मधुरा और उनके पिता ने NDTV स्पोर्ट्स एडिटर विमल मोहन से EXCLUSIVE बात करते हुए शिकायत तो नहीं की, लेकिन उनका दर्द जरूर छलककर सामने आ गया.

कीया वायरल होकर मायूस, मधुरा गोल्ड जीतकर भी दुखी 

हरियाणा की 21 साल की कीया कुणाल बनर्जी सिल्वर जीतकर वायरल तो हुईं पर बहुत खुश नहीं दिखीं. उनकी तकलीफ ये रही कि लोगों ने सोशल मीडिया पर उनकी कामयाबी से ज़्यादा उनके लुक्स को लेकर चर्चा की और कई बार निगेटिव कमेंट भी किये. 

कीया बनर्जी ने NDTV से ख़ास बात करते हुए कहा कि उन्हें सोशल मीडिया पर इस तरह की कोई आदत नहीं थी और वो सोशल मीडिया पर अपनी ट्रोलिंग से जरूर परेशान हो गईं. जबकि, NDTV से EXCLUSIVE बात करते हुए मधुरा कर ने कहा, 'मैं कीया की कामयाबी के लिए खुश हैं. लेकिन हैरानी जरूर है कि मेरे चार गोल्ड मेडल को लेकर कोई ख़ास चर्चा भी नहीं हुई.'

इसलिए मुझे विराट कोहली हैं पसंद

मधुरा बताती हैं कि वो पावरलिफ़्टिंग में आगे भी जूनियर और सीनियर स्तर पर मेडल जीतना चाहती हैं. वो कहती हैं, 'इन हालात में मुझे विराट कोहली बहुत पसंद आते हैं. उनकी वो बात खासकर मुझे याद रहती है कि प्रेशर एक प्रीविलेज है- यानी दबाव एक विशेषाधिकार है.'

पिता और परिवार की शिकायत

जलपाईगुड़ी शहर के नंबर 3 घुमटी क्षेत्र की रहने वाली और कक्षा 12 की छात्रा मधुरा के पिता सुजात कर बंगाली फ़िल्मों में एक्टिंग करते हैं. NDTV पर बात करते हुए वो कहते हैं, 'मीडिया या सोशल मीडिया को सभी की कामयाबी पर ध्यान देना चाहिए. हर जीत के पीछे कड़ी मेहनत होती है. कीया ने भी वर्ल्ड चैंपियनशिप में मेडल जीता है. हम सब उसके लिए खुश हैं.' NDTV की बातचीत के दौरान वो कहते हैं, 'अच्छा है, चलो आप तो बात कर रहे हैं.'

मधुरा पहले भी इसी साल चीन में एशियाई पावरलिफ्टिंग चैंपियनशिप में सिल्वर मेडल जीत चुकी हैं. मधुरा के पिता सुजात ये भी कहते हैं, 'कई दूसरे खेल भी ओलिंपिक खेलों का हिस्सा नहीं हैं. लेकिन बच्चा जिसमें अच्छा करता है आप बच्चे को उसी खेल में डालते हैं. चेस और मिक्स्ड मार्शल आर्ट जैसे कई लोकप्रिय खेल ओलिंपिक्स का हिस्सा नहीं मगर उन्हें भी कवरेज मिलती है.'

यह भी पढ़ें- कीया बनर्जी SUPER EXCLUSIVE इंटरव्यू: सिल्वर गर्ल की दो टूक, 'सुंदर कहने से पहले मेरी मेहनत भी देख लीजिए'

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Other Sports
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com