विज्ञापन

CWG 2026: संजना स्नैच के तीनों प्रयास में नाकाम, साजन प्रकाश भी क्वालीफाई करने से चूके

बुधवार की भारत की शुरुआत ही मेडल इवेंट से हुई, लेकिन 77 किग्रा भार वर्ग में संजना स्नेच राउंड के तीनों ही प्रयास में नाकाम रहीं, तो क्लीन एंड जर्क से उनकी स्वत: ही छुट्टी हो गई

CWG 2026: संजना स्नैच के तीनों प्रयास में नाकाम, साजन प्रकाश भी क्वालीफाई करने से चूके
साजन प्रकाश और संजना दोनों ही अपनी स्पर्धाओं में आगे नहीं बढ़ सके
Source: Social media

भारतीय भारोत्तोलक संजना राष्ट्रमंडल खेलों में महिलाओं के 77 किलोवर्ग से बुधवार को बाहर हो गई जब स्नैच में उनके तीनों प्रयास विफल रहे . 19 वर्ष की संजना 94 किलो का लक्ष्य तीनों प्रयास में हासिल नहीं कर सकी जिससे क्लीन एंड जर्क के पहले ही उनकी चुनौती समाप्त हो गई . स्नैच में एक भी लिफ्ट वैध नहीं होने के कारण वह क्लीन एंड जर्क में भाग नहीं ले सकती थी.  इससे पहले महिलाओं के 63 किलो वर्ग में निरूपमा देवी के नाम के आगे भी ‘डिड नॉट फिनिश ' (मुकाबला पूरा नहीं कर सकी) लिखा था. वह क्लीन एंड जर्क में तीनों प्रयास में नाकाम रही जबकि स्नैच में उन्होंने 93 किलो वजन उठाया था.

संजना की बात करें, तो उन्होंने प्रतिस्पर्धा में स्नैच में 94 और क्लीन एंड जर्क में 122 किलो का लक्ष्य रखा था जो 10 प्रतिभागियों में दूसरा सर्वोच्च भार था.

फ्रीस्टाइल फाइनल के लिये क्वालीफाई नहीं कर सके साजन प्रकाश

वहीं, भारत के अनुभवी तैराक साजन प्रकाश राष्ट्रमंडल खेलों में पुरूषों की 200 मीटर फ्रीस्टाइल स्पर्धा के फाइनल में नहीं पहुंच सके और अपनी हीट में पांचवें तथा कुल 20वें स्थान पर रहे. आठ सर्वश्रेष्ठ तैराक ही फाइनल में पहुंचते हैं. साजन 1:51.99 सेकंड का समय निकालकर काफी पीछे थे. 

उनका सर्वश्रेष्ठ निजी प्रदर्शन और राष्ट्रीय रिकॉर्ड 1:46.61 सेकंड का है. 32 वर्ष के साजन भारत के ही अनीश गौड़ा से भी पीछे रहे जो पदार्पण करते हुए 1:51.64 सेकंड का समय निकालकर 18वें स्थान पर रहे. गौड़ा का सर्वश्रेष्ठ निजी प्रदर्शन 1 : 51 . 88 सेकंड है. इससे पहले साजन पुरुषों की 50 मीटर बटरफ्लाइ और 200 मीटर बटरफ्लाइ में भी सेमीफाइनल में नहीं जा सके थे.

तेजिंदरपाल  और समरजीत ने आखिरी दौर के लिए क्वालीफाई किया


एक और प्रतिस्पर्धा में भारतीय शॉटपुट खिलाड़ी तेजिंदरपाल सिंह तूर और समरदीप सिंह गिल ने राष्ट्रमंडल खेलों के आखिरी दौर के लिये आसानी से क्वालीफाई कर लिया. राष्ट्रीय रिकॉर्डधारी तूर ने दो प्रयासों में ही ग्रुप ए से 20 मीटर का स्वत: क्वालीफिकेशन मार्क हासिल कर लिया. उनका पहला प्रयास 19.93 मीटर और दूसरा 20.14 मीटर था. उन्होंने तीसरा प्रयास नहीं किया.

ग्रुप बी से गिल का सर्वश्रेष्ठ प्रयास पहला ही था, जिसमें उन्होंने 19.95 मीटर का थ्रो फेंका. दूसरा थ्रो 19 . 75 मीटर और तीसरा फाउल रहा. वह 15 खिलाड़ियों में कुल पांचवें स्थान पर रहे. ग्रुप ए में सात और बी में आठ प्रतियोगी थे. 20 मीटर का आंकड़ा पार करने वाले या सर्वश्रेष्ठ 12 को बृहस्पतिवार को होने वाले फाइनल में जगह मिली. न्यूजीलैंड के टॉम वाल्श ने 21 . 03 का थ्रो लगाकर पहला स्थान हासिल किया.

तूर का सत्र का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 21. 03 मीटर है, जबकि उनका राष्ट्रीय रिकॉर्ड 21.77 मीटर का है जो उन्होंने 2023 में बनाया था. पिछले दो एशियाई खेलों के स्वर्ण पदक विजेता तूर दूसरी बार राष्ट्रमंडल खेलों में भाग ले रहे हैं. वह 2018 में गोल्ड कोस्ट में आठवें स्थान पर रहे थे जबकि पिछली बार चोट के कारण भाग नहीं लिया था.
 

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Commonwealth Games 2026, Other Sports
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com