विज्ञापन

CWG 2026: ज्ञानेश्वरी यादव ने दिलाया भारत को तीसरा सिल्वर, पीएम मोदी, रक्षा मंत्री, खेल मंत्री ने दी बधाई

ज्ञानेश्वरी यादव ने भारत को ग्लासगो में पांचवां मेडल दिलाया है. उनकी इस उपलब्धी पर पीएम मोदी ने उन्हें बधाई दी है.

CWG 2026: ज्ञानेश्वरी यादव ने दिलाया भारत को तीसरा सिल्वर, पीएम मोदी, रक्षा मंत्री, खेल मंत्री ने दी बधाई
CWG 2026: Gyanehswari Yadav wins silver in women 53kg weightlifting

भारतीय वेटलिफ्टरों का ग्लासगो में खेले जा रहे कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 में शानदार प्रदर्शन रहा है. सोमवार को महिलाओं की 53 किग्रा भार वर्ग में ज्ञानेश्वरी यादव ने रजत पदक जीता. ज्ञानेश्वरी मात्र 7 किलोग्राम के अंतर से स्वर्ण पदक से चूक गईं. अपनी उपलब्धि पर मीडिया से बात करते हुए ज्ञानेश्वरी यादव ने कहा,"मैं बहुत खुश हूं. यह मेरा पहला कॉमनवेल्थ गेम्स है. मेरा मकसद अपना निजी श्रेष्ठ प्रदर्शन करते हुए पदक जीतना था. मैंने वहीं किया. अन्य प्रतियोगी भी काफी मजबूत थे, इसलिए स्वर्ण पदक नहीं जीत पाई. मैं रजत पदक से खुश हूं."

ज्ञानेश्वरी यादव को उनकी इस सफलता पर देश के उपराष्ट्रपति, प्रधानमंत्री, रक्षा मंत्री और खेल मंत्री ने बधाई दी है. उपराष्ट्रपति सी. पी. राधाकृष्णन ने अपने आधिकारिक एक्स पर लिखा,"कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 में महिलाओं की 53 किग्रा वेटलिफ्टिंग इवेंट में रजत पदक जीतने पर ज्ञानेश्वरी यादव को बहुत-बहुत बधाई. पूरा देश इस शानदार कामयाबी का जश्न मना रहा है और आपकी कामयाबी पर गर्व कर रहा है. आगे के सफर में आपको हर तरह की सफलता की दुआ करता हूं."

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने एक्स पर लिखा,"कॉमनवेल्थ गेम्स ग्लासगो 2026 में वेटलिफ्टिंग में सिल्वर मेडल जीतने पर ज्ञानेश्वरी यादव को बधाई. यह सफलता और भी खास है क्योंकि उन्होंने इस कॉम्पिटिशन में अपना निजी श्रेष्ठ प्रदर्शन किया है. उनकी सफलता भारत के युवाओं को प्रेरित करे. आगे के सफर में उनकी लगातार सफलता की कामना करता हूं." 

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने एक्स पर लिखा,"ग्लासगो कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 में वेटलिफ्टिंग इवेंट में रजत पदक जीतने पर ज्ञानेश्वरी यादव को बधाई. सभी छह लिफ्ट सफलतापूर्वक पूरी करके, एक नया निजी श्रेष्ठ रिकॉर्ड बनाना उनकी शानदार तैयारी, धैर्य और हिम्मत को दिखाता है. आने वाले सालों में उनके लिए और भी कई उपलब्धियों और लगातार सफलता की कामना करता हूं."

खेल मंत्री मनसुख मांडविया ने एक्स पर लिखा,"भारत का गौरव और ऊंचा करते हुए. खेलो इंडिया एथलीट ज्ञानेश्वरी यादव को ग्लासगो कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 में महिलाओं के 53 किग्रा वेटलिफ्टिंग इवेंट में कड़े मुकाबले में रजत पदक जीतने पर बहुत-बहुत बधाई." 

महिलाओं की 53 किग्रा में स्वर्ण पदक जीतने वाली नाइजीरिया की डिडिह ओनोमे ओमोलोला ने आईएएनएस से कहा,"मेरे देश को और मेरे आस-पास के सभी लोगों को बधाई, क्योंकि ग्लासगो में होना मेरे लिए एक अच्छा, बहुत बड़ा सौभाग्य है. यह मेरा पहला गेम्स है. यह मेरे लिए बहुत मायने रखता है. मैंने खुद से वादा किया था कि मैं यह स्वर्ण पदक जीतने के लिए कुछ भी करूंगी, और मैंने यह कर दिखाया है."

महिलाओं की 53 किग्रा में कांस्य जीतने वाली कनाडा की रेबेका ग्रौल्क्स आईएएनएस से कहा,"मुझे लगता है कि मैंने सच में अपनी प्रदर्शन पर ध्यान देने, कमरे की ऊर्जा को महसूस करने, अपनी तकनीक पर फोकस करने की कोशिश की, और मैंने वही किया. इसका नतीजा कांस्य पदक के रूप में मिला. मैं सच में खुश हूं कि मैं इतने मजबूत विरोधियों के साथ मुकाबला कर सकी और उनके साथ पदक जीत सकी."

यह भी पढ़ें: CWG 2026: बॉक्सर सचिन सिवाच क्वार्टर फाइनल नें पहुंचे, मेडल से सिर्फ एक जीत दूर

यह भी पढ़ें: CWG 2026: हर लिफ्ट पर टूटे रिकॉर्ड, ऐसे वेटलिफ्टर ज्ञानेश्वरी यादव ने जीता सिल्वर, भारत को दिलाया पांचवां मेडल

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Other Sports, Commonwealth Games 2026
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com