भुवनेश्वर इंडोर स्टेडियम तमिलनाडु की पोल वॉल्टर बरानिका एलंगोवन के लिए कमाल का साबित हुआ है जहां सिर्फ पांच हफ्तों के अंदर 29 साल की बरानिका ने राष्ट्रीय रिकॉर्ड दो बार बेहतर किया. दोनों मौकों पर आयोजन स्थल भुवनेश्वर का इंडोर स्टेडियम ही था. रविवार को बरानिका एलंगोवन ने 4.23 मीटर की ऊंचाई पार कर अपना ही राष्ट्रीय रिकॉर्ड बेहतर किया.
क्वीन तोड़ रहीं रिकॉर्ड!
इससे पहले उन्होंने मार्च के अंतिम सप्ताह में भुवनेश्वर में आयोजित पहले राष्ट्रीय इंडोर एथलेटिक्स चैंपियनशिप में 4.22 मीटर का रिकॉर्ड बनाया था. उन्होंने 4.23 मीटर की ऊंचाई अपने तीसरी कोशिश में पार की. महिला पोल वॉल्ट में नया कीर्तिमान स्थापित करने पर बरानिका ने कहा, 'यह मेरे लिए एक और शानदार दिन था.' बरानिका तमिलनाडु से ओडिशा शिफ्ट हो गई हैं और भुवनेश्वर में अभ्यास करती हैं.
एशियाड में पदक से कितनी दूर?
महिला पोल वॉल्ट में भारत ने अब तक एशियन गेम्स में कोई मेडल नहीं जीता है. 2022 के Hangzhou एशियन गेम्स में चीन कीली लिंग ने 4.63 मी. का जम्प लगाकर Gold जीता था. जबकि, जापान की मिसाकी मोरोटा ने 4.68 मी. के साथ Silver और चीन की निऊ चुंगे ने 4.30 मी. के साथ Bronze जीता था. बरानिका अपने 4.23 मी. के रिकॉर्ड के साथ एशियाड में धूम मचा सकती हैं. क्या वो एशियाड में इतिहास कायम कर पाएंगी? ये सवाल लगातार बड़ा बनता जायेगा.
पुरुष हेप्टाथलन में एनसीओई त्रिवेंद्रम के थौफीक एन ने अपने प्रतिद्वंद्वियों पर बढ़त बनाए रखी. उन्होंने 5350 अंकों के साथ स्वर्ण पदक जीता. पहले दिन वे 2943 अंकों के साथ आगे चल रहे थे. तमिलनाडु के कीर्तिक वासन एस ने 4609 अंकों के साथ पुरुष अंडर-20 हेप्टाथलन का खिताब जीता.
ओडिशा की पूर्णिमा हेम्ब्रम महिला पेंटाथलन की विजेता रहीं. उन्होंने 3835 अंक हासिल किए. महिला अंडर-20 पेंटाथलन का खिताब उत्तराखंड की जसकिरन कौर ने जीता. उनके कुल अंक 3272 रहे.
पुरुष: हेप्टाथलन: थौफीक एन (एनसीओई त्रिवेंद्रम) 5350 अंक, उसैद खान (आर्मी) 5288 अंक, जशबीर नायक (ओडिशा) 5250 अंक.
पुरुष: अंडर-20: हेप्टाथलन: कीर्तिक वासन एस (तमिलनाडु) 4609 अंक, जिनोय जयन (एनसीओई त्रिवेंद्रम) 4518 अंक, आर्यन प्रकाश (मध्य प्रदेश) 4509 अंक.
महिला:
पेंटाथलन: पूर्णिमा हेम्ब्रम (ओडिशा) 3835 अंक, ईशा चंद्र प्रकाश (उत्तराखंड) 3671 अंक, बिदिशा कुंडू (पश्चिम बंगाल) 3600 अंक.
महिला: अंडर-20: पेंटाथलन: जसकिरन कौर (उत्तराखंड) 3272 अंक, प्रिया (हरियाणा) 3133 अंक, अल्फाज कौर ग्रेवाल (पंजाब) 3066 अंक.
महिला: पोल वॉल्ट: बरानिका एलंगोवन (तमिलनाडु) 4.23 मीटर (राष्ट्रीय रिकॉर्ड), नितिका (मध्य प्रदेश) 3.90 मीटर, ब्लेसी कुंजुमोन (केरल) 3.90 मीटर.
यह भी पढ़ें- 'बाइपोलर थे फुटबॉल लेजेंड माराडोना', मौत से जुड़े मुकदमे के दौरान उनके मनोवैज्ञानिक ने कोर्ट में दी जानकारी
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं