विज्ञापन
This Article is From May 11, 2017

महाराष्ट्र भाजपा के अध्यक्ष की फिसली जुबान, पार्टी कार्यकर्ता को ही सबके सामने कह डाले अपशब्‍द

महाराष्ट्र भाजपा के अध्यक्ष की फिसली जुबान, पार्टी कार्यकर्ता को ही सबके सामने कह डाले अपशब्‍द
महाराष्ट्र बीजेपी के अध्यक्ष और पूर्व केंद्रीय राज्यमंत्री रावसाहब दानवे...
मुंबई: महाराष्ट्र बीजेपी के अध्यक्ष और पूर्व केंद्रीय राज्यमंत्री रावसाहब दानवे का विवादों में छा जाना बरकरार है. ताज़ा विवाद में उन्होंने पार्टी कार्यकर्ता को ही सार्वजनिक तौर पर अपशब्द सुना दिए हैं.

मराठवाड़ा के जालना में एक समारोह के दौरान जब रावसाहब दानवे को अरहर खरीद को लेकर सवाल पूछे गए तो उनका माथा ठनका. दानवे ने आव देखा न ताव, जवाब में कह दिया कि इतनी अरहर खरीद ली फिर भी रो रहे हैं. इस वाक्य के बाद उनके मुंह से अपशब्द निकल गया.

दानवे बताने की कोशिश कर रहे थे कि किस तरह राज्य की बीजेपी सरकार अरहर उत्पादक किसान की परेशानियों को खत्म करने की कोशिश कर रही है. ज्ञात हो कि इस साल महाराष्ट्र में अरहर का बंपर उत्पादन हुआ है और वह देश में सर्वाधिक अर्थात करीब 28 मि‍ट्रिक टन है. ऐसे में राज्य सरकार ने भी किसानों से रिकार्ड तोड़ संख्या में 6 लाख टन दाल खरीदने का लक्ष्य रखा है.

वैसे दानवे की फिसली जुबान ने विपक्ष को बैठे बिठाए एक मुद्दा मिल गया है. विपक्ष ने दानवे को प्रदेश अध्यक्ष के पद से हटाने की मांग की है. महाराष्ट्र कांग्रेस के अध्यक्ष अशोक चव्हाण ने अपनी प्रेस रिलीज में कहा है कि यह सत्ता का नशा है कि दानवे किसानों के जख्मों पर नमक छिड़क रहे हैं. किसान इन्हें सत्ता से बेदखल करके रहेंगे.

रावसाहब दानवे ने हाल ही में कहा था कि कर्जमाफ़ी के बाद किसान आत्महत्याएं नहीं होंगी... इसकी लिखित गारंटी विपक्ष को देनी चाहिए. इस विवादास्पद बयान के अलावा उनके विधायक बेटे की शाही शादी का आयोजन भी विवाद को बुलावा दे चुका है.

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com