विज्ञापन
This Article is From Nov 03, 2016

सलमान के बॉडीगार्ड शेरा ने थाने में दी शिकायत, अजय नामक शख्‍स पर लगाया धमकाने पर आरोप

सलमान के बॉडीगार्ड शेरा ने थाने में दी शिकायत, अजय नामक शख्‍स पर लगाया धमकाने पर आरोप
फाइल फोटो...
मुंबई: अभिनेता सलमान खान के बॉडीगॉर्ड शेरा ने जुहू पुलिस थाने में लिखित शिकायत दी है. शेरा ने पत्र में अजय नामक शख्स पर धमकाने का आरोप लगाया है. यह मामला 26 अक्टूबर से जुड़ा है.

दरअसल, अतहर कुरैशी नाम के शख्स ने शेरा पर उसे पीटने का आरोप लगाया था, लेकिन जांच में अभी तक वारदात की पुष्टि नहीं हो पाई है. शेरा का आरोप है कि उसी रात दूसरी जगह पर कुछ लोगों ने उलटे शेरा से गाली-गलौज की थी और धमकाया था.

शेरा के खिलाफ दर्ज मामले में अभी तक शिकायत में बताए गए स्थान पर मारपीट का कोई सुराग नहीं मिला है, लेकिन इतना पता चला है कि रात में शराब के नशे में धूत शेरा ने अजय नवंदर नाम के शख्स को फ़ोन पर अपशब्द कहे थे. अंधेरी में कोकिलाबेन अंबानी अस्पताल के पास स्थित उस पब में उस समय मुंबई का एक विवादित पुलिस अफसर भी मौजूद था.

सूत्रों के मुताबिक पब के पास शेरा को देख पुलिस वाले ने उसे अंदर बुलाया. शेरा अंदर तो गया, लेकिन अपने साथ शराब की बोतल भी ले गया, जिस पर पब वालों ने आपत्ति की. नतीज़तन शेरा बाहर आ गया. बाहर आने पर उस पुलिस वाले ने शेरा से अपने साथ मौजूद युवक वैलेंटाइन से मिलाया. शेरा ने उसे पहचानने से इंकार किया, तब वैलेंटाइन ने बताया कि अजय के साथ वो मिला था. बताते हैं कि अजय का नाम सुनते ही शेरा आग-बबूला हो गया और भला बुरा कहने लगा.

वैलेंटाइन ने उसे अजय को फोन लगाकर दिया. शेरा ने फ़ोन पर भी अजय को अपशब्द कहे. पुलिस के मुताबिक, यहां तक की कड़ी तो जुड़ रही है, लेकिन उसके बाद क्या हुआ, ये अभी साफ नहीं हो पाया है. इसलिए आसपास के सीसीटीवी खंगाले जा रहे हैं. इस बीच पूरे विवाद की जड़ अजय नवंदर अभी तक पुलिस के सामने बयान देने के लिए हाजिर नहीं हुआ है. अजय के बारे में पता चला है कि वो फिल्म लायजनिंग का काम करता है और पहले भी विवादों में रह चुका है.
एनडीटीवी ने इस संबंध में फोन पर अजय नवन्दर, शेरा और उस पुलिस वाले से भी फोन पर संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन किसी ने भी फ़ोन नही उठाया.

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
मुंबई, शेरा, सलमान खान, अजय नवंदर, मुंबई पुलिस, Mumbai, Shera, Salman Khan Bodyguard Shera, Mumbai Police
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com