विज्ञापन
This Article is From Feb 07, 2017

मुंबई : कॉलेज की कैंटीन में छात्र-छात्राओं के बीच बांध दी गई रस्सी!

मुंबई : कॉलेज की कैंटीन में छात्र-छात्राओं के बीच बांध दी गई रस्सी!
प्रतीकात्मक फोटो.
मुंबई: मुंबई के बांद्रा के पॉलीटेक्निक कॉलेज में दो दिन पहले कैंटीन में छात्र-छात्राओं के बैठने की जगह को एक रस्सी बांधकर अलग किया गया. कॉलेज प्रिंसिपल जल्द ही छात्राओं पर सिर्फ सलवार सूट पहनने का नियम भी लाने वाली हैं. यह फैसला वैसे तो कॉलेज की प्रिंसिपल ने लिया, लेकिन सफाई में कॉलेज प्रशासन सुरक्षा कारणों को इस फैसले की वजह बता रहा है.

उप-प्रधानाचार्य सुनील जोशी ने कहा कि, "कॉलेज में ईव-टीसिंग की कुछ घटनाएं हुई थीं. कैंटीन में रस्सी बांधकर लड़के-लड़कियों को अलग-अलग बिठाने का फैसला ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए लिया गया है."

यह पाबंदी सिर्फ कॉलेज कैंटीन तक ही नहीं रुकी. कॉलेज जल्द ही छात्राओं की यूनिफार्म बदलने वाला है. इस नियम के तहत छात्राओं को सिर्फ सलवार-सूट पहनने की ही इजाजत होगी. कॉलेज के मुताबिक ऐसा छात्राओं को बीमारी से बचाने के लिए किया जा रहा है.

छात्र-छात्राओं में इस फैसले के खिलाफ काफी नाराजगी जताई है. उनका मानना है कि इस तरह के फैसले उन पर थोपे जाना गलत है. जहां एक ओर छात्र-छात्राएं साथ में बैठकर पढ़ते हैं तो वहीं वे कैंटीन में साथ में बैठकर खाना क्यों नहीं खा सकते. कॉलेज की छात्राओं का कहना है कि इस तरह उन पर सलवार सूट पहनने का दबाव बनाना गलत है.  

छात्राओं ने यह भी कहा कि ऐसा पहली बार नहीं हुआ है कि प्रिंसिपल द्वारा ऐसा कोई फरमान लाया गया हो. इससे पहले भी कई पाबंदियां लागू की गई हैं- जैसे छात्राओं को अपने बाल खुले रखने की इजाजत नहीं, लड़के-लड़कियों को ज्यादा बात करते हुए देखे जाने पर फाइन लगाने की धमकी भी दी जाती रही है.

छात्र-छात्राओं पर इस तरह के तानाशाहीपूर्ण फरमान लगाने के वाकये देश के अलग-अलग हिस्सों से अक्सर आते रहते हैं. लेकिन मुंबई जैसे आधुनिक शहर में छात्र-छात्राओं को इस तरह अलग करना और छात्राओं पर यूनिफार्म के नाम पर पाबंदी लगाने का यह वाकया चौंकाने वाला है.

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
मुंबई, बांद्रा, पॉलिटेक्निक, Mumabi, Bandra, Polytechnic Student
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com