विज्ञापन
This Article is From Aug 05, 2016

तस्वीरें : भारी बारिश से मुंबई की रफ्तार थमी, अगले 48 घंटे के लिए अलर्ट जारी

तस्वीरें : भारी बारिश से मुंबई की रफ्तार थमी, अगले 48 घंटे के लिए अलर्ट जारी
मुंबई में बारिश से ट्रैफिक बाधित रहा
मुंबई: मुंबई में भारी बारिश से जन जीवन अस्त व्यस्त हो गया है. मुंबई की रफ़्तार मानो रुक गई है और लोकल ट्रेनें काफी देरी से चल रही हैं. इसके अलावा उड़ानों पर भी असर पड़ा है, कई इलाक़ों में जलभराव से परेशानी हो रही है. कुछ जगहों पर पटरियों पर पानी जमा होने से मध्य रेलवे की उपनगरीय सेवाएं बाधित होने से भी लोगों को खासी दिक्कतों का सामना करना पड़ा है. आज ज्वारभाटा का पूर्वानुमान लगाया गया है और अगले 24 से 48 घंटों में कोंकण और मध्य महाराष्ट्र क्षेत्रों में भारी से बहुत भारी बारिश होने की संभावना है.
 

हाई अलर्ट जारी

पुलिस, फायर ब्रिगेड और राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (NRDF) को हाई अलर्ट पर रखा गया है. मध्य रेलवे से मिली जानकारी के मुताबिक लगातार भारी बारिश से कई जगह पानी भर जाने के कारण छत्रपति शिवाजी टर्मिनल और ठाणे के बीच उपनगरीय सेवाएं निलंबित की गईं हैं. बताया जा रहा है कि शीओन स्टेशन के पास पटरियों पर पांच से सात इंच तक पानी जमा हो गया है और किसी अप्रिय घटना से बचने के लिए सीएसटी और ठाणे स्टेशनों के बीच ट्रेन परिचालन को रोक दिया गया है.
 

शुक्रवार की सुबह बारिश की वजह से ईस्टर्न और वेस्टर्न एक्सप्रेस पर ट्रैफिक लगभग रेंगता रहा जिसकी वजह से दफ्तर जाने वाले हज़ारों लोगों को असुविधा का सामना करना पड़ा. बताया जा रहा है कि पटरियों पर पानी भरने के कारण चालकों से ट्रेनों को सीमित रफ्तार से चलाने के लिए कहा गया है.
 

यही नहीं मुंबई की लाइफलाइन कही जाने वाली लोकल ट्रेन भी बाधित रहीं. सेंट्रल लाइन के पास सियोन-कुरला पर पानी काफी बढ़ गया था जिसकी वजह से अन्य लाइनों पर भी असर पड़ा. चूंकि ट्रेन सेवाएं बाधित हुई हैं, उपनगरीय यात्रियों को सीएसटी और कल्याण के बीच लंबी दूरी की ट्रेनों पर चढ़ने की अनुमति दी गई है. बीएमसी के उपमहानगर आयुक्त सुधीर नाइक ने कहा कि आज सुबह से सौ मिलीमीटर से अधिक की बारिश दर्ज की गई है.

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
मुंबई बारिश, लोकल ट्रेन, मुंबई में बारिश, Mumbai Rains, Local Train, Heavy Rain In Mumbai
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com