- मुंबई और आसपास के इलाकों में भारी बारिश से पेड़ कमजोर होकर सड़क पर गिर रहे हैं, दिससे हादसे हो रहे हैं
- मीरा-भायंदर के राई गांव में बाइक पर नारियल का पेड़ गिरने से राहुल अशोक पाटिल की मौत हो घई
- राहुल पाटिल मीरा-भायंदर नगर परिषद के पूर्व डिप्टी मेयर के बेटे थे, पेड़ गिरने से गंभीर घायल हुए थे
बारिश की वजह से मुंबई समेत आसपास के इलाकों का बुरा हाल है. जगह-जगह पानी भर गया है. गड्ढे दिख नहीं रहे. लोग मेनहोल में गिर रहे हैं. पेड़ कमजोर होकर सड़क पर गिर रहे हैं. मुंबई से सटे मीरा-भायंदर इलाके से भी ऐसा ही दर्दनाक मामला सामने आया है. मीरा-भायंदर के राई गांव में दो दिन पहले भारी बारिश के बीच सड़क से गुजर रहे 35 साल के बाइक सवार राहुल अशोक पाटिल के ऊपर अचानक एक नारियल का पेड़ गिर गया था. चलती बाइक पर नारियल का पेड़ गिरने से दबकर वह गंभीर रूप से घायल हो गए थे.
चलती बाइक पर गिरा पेड़,सवार की मौत
हादसे के तुरंत बाद स्थानीय नागरिकों ने राहुल को भारी पेड़ के नीचे से बाहर निकाला और गंभीर हालत में तुरंत अस्पताल के आईसीयू में भर्ती कराया. डॉक्टरों की कोशिशों के बावजूद उनकी जान नहीं बचाई जा सकी. शुक्रवार को उन्होंने अस्पताल में दम तोड़ दिया. मृतक राहुल पाटिल मीरा-भायंदर नगर परिषद के पूर्व डिप्टी मेयर (उप नगराध्यक्ष) अशोक पाटिल के बेटे थे.
मीरा-भायंदर: चलती बाइक पर नारियल का पेड़ गिरने से पूर्व डिप्टी मेयर के बेटे की मौत
— NDTV India (@ndtvindia) July 3, 2026
मीरा-भायंदर के राई गांव में भारी बारिश के दौरान हुए दर्दनाक हादसे में पूर्व डिप्टी मेयर अशोक पाटिल के 35 वर्षीय बेटे राहुल पाटिल की इलाज के दौरान मौत हो गई.#Maharashtra pic.twitter.com/6G6vM9ULsr
पेड़ गिरने से मुंबई में 11 साल के छात्र की मौत
30 जून को मुंबई के चेंबूर (पूर्व) इलाके में भी ऐसा ही दर्दनाक हादसा हुआ था. डायमंड गार्डन के पास 11वीं रोड पर एक भारी-भरकम पीपल का पेड़ उखड़कर यूनिवर्सल स्कूल की बस पर गिर गया था. इस हादसे में 11 साल के मासूम छात्र विहान श्रीवास्तव की मौत हो गई थी. हादसे का शिकार बच्चा अपने माता-पिता का इकलौता बेटा था. परिजनों ने रोते हुए बताया कि उन्होंने उसकी क्रिकेट बॉल भी उसके साथ ही दफन कर दी. अब पूर्व डिप्टी मेयर के बेटे की भी पेड़ के नीचे दबने से मौत हो गई.
ये भी पढ़ें-मुंबई मेनहोल में मौत: 4 सस्पेंड अधिकारियों की सैलरी और जिम्मेदारी Vs मृतक की सैलरी और जिम्मेदारी
ये भी पढ़ें-मुंबई: बच्चों को ले जा रही स्कूल बस पर अचानक आ गिरा पेड़, 1 छात्र की मौत
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं