विज्ञापन
This Article is From May 01, 2017

कार चालकों को ठगने वाली स्पार्क गैंग का पर्दाफाश, लेकिन ठक-ठक गैंग अब भी आजाद

कार चालकों को ठगने वाली स्पार्क गैंग का पर्दाफाश, लेकिन ठक-ठक गैंग अब भी आजाद
मुंबई: मुंबई की कुर्ला पुलिस ने सड़कों पर सक्रिय एक ऐसे ठग गिरोह को पकड़ा है जो कार में स्पार्क होकर धुआं निकलने की बात कह कर कार चालकों को डराते फिर उसे बनवाने के नाम पर हजारों रुपये ऐंठ लेते. इस गिरोह के खिलाफ मुंबई के गोवंडी और दूसरे पुलिस थानों में भी मामले दर्ज हैं. गिरफ्तार आरोपियों के नाम मोहम्मद ज़ाहिद नूर मोहम्मद, रहमान अमजद अली, अब्दुल लतीफ गौस मोहम्मद सैयद हैं. मुंबई पुलिस के प्रवक्ता डीसीपी अशोक दुधे के मुताबिक पेशे से मैकेनिक स्पार्क गिरोह के ये तीन शातिर जो सिग्नल पर खड़ी कार में ड्राइवर को अकेला देख उसे बताते कि कार के इंजन से धुआं निकल रहा है. हम मैकेनिक हैं और सस्ते में उसे बनवा देंगे. फिर वो पास के गैरेज में कार ले जाकर अच्छे पार्ट को खराब बताकर उसे बदल देते और फिर हजारों रुपये वसूलते. कुर्ला के मामले में भी उन्होंने ऐसा ही किया लेकिन कार चालक को शक हो गया और उसने रुपये मंगाने के बहाने पुलिस को खबर कर दी.

मुंबई में स्पार्क गैंग ही नहीं कई ठक-ठक गैंग भी सक्रिय हैं. ऐसी ही एक ठक-ठक गैंग चिड़ियाघर सीरियल गोमुख का किरदार निभाने वाले अभिनेता सुमित अरोरा का मोबाइल फ़ोन और पॉकिट इतने शातिराना तरीके से ले उड़ी कि वो अब भी हैरान हैं कि ऐसा कैसे हो गया. सुमित अरोरा के मुताबिक उस रात वो शूटिंग खत्म कर अपने घर जा रहे थे. दहिसर चेक नाका के पास गाड़ियां बहुत ही धीमी गति से रेंग रही थीं. तभी कार की बायीं तरफ के शीशे को एक शख्स ने ठक-ठकाना शुरू किया.

सुमित के मुताबिक जैसे ही उन्होंने शीशा नीचे किया वो शख्स चिल्लाने लगा कि कार मेरे पर क्यों चढ़ा दी. अभी वो उसे जवाब दे पाते तभी एक दूसरे शख्स ने दूसरी तरफ के शीशे को पीटना शुरू कर दिया. सुमित ने दूसरा शीशा भी नीचे कर उससे बात करना चाहा तो वो चला गया. सुमित कुछ समझ ही नहीं पाये, पलट कर पहले की तरफ देखा तो वो भी जा चुका था. तभी सुमित का ध्यान गया कि बगल में रखा उनका मोबाइल फ़ोन और बटुआ गायब हो चुका है.

सुमित अब भी हैरान हैं कि ऐसा कैसे हो गया? मुंबई में कभी स्पार्क गैंग तो कभी ठक-ठक गैंग कार चालकों को शिकार बनाते रहते हैं. पुलिस कहती है कि लोग ऐसे ठगों के झांसे में न आएं. लेकिन लोगों का कहना है कि पुलिस उनकी शिकायतों को गंभीरता से नहीं लेती. इसलिए अक्सर लोग ठगे जाने के बाद भी शिकायतें करने से बचते हैं जिसका फायदा ठग गिरोह उठाते हैं.
पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Mumbai Police, Spark Gang, Thak Thak Gang, Kurla Police
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com