विज्ञापन
This Article is From May 08, 2017

पुराने नोट बदलकर दे पाने में असफल रहने वाले मुलुंड के व्यापारी को किया गया था अगवा

सुनील और उसके साथी उसे आगे दो और दूसरे लोगों के जरिये 50 फीसदी कमीशन में बदलकर 30 फीसदी कमाने के फिराक में थे.

पुराने नोट बदलकर दे पाने में असफल रहने वाले मुलुंड के व्यापारी को किया गया था अगवा
मुंबई: नोटबंदी के बाद पुराने नोट बदलने की अवधि भी खत्म हो चुकी है लेकिन नोट बदलने के नाम पर ठगी का धंधा अब भी चल रहा है. मुलुंड में ऐसे ही एक मामले में 2 व्यापारियों को अगवा कर उनकी पिटाई का मामला सामने आया है. पुलिस ने मामले में 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया है. गिरफ्तार आरोपियों के नाम मनीष ठाकुर, जनप्रकाश पुरोहित, सिद्दिकी राहीन, प्रसन्ना कुमार, और हितेष पटेल हैं. पुलिस के मुताबिक मुलुंड में रहने वाले सुनील और भरत पुराने नोट बदलवाकर मोटा कमीशन कमाने की फिराक में थे. लेकिन जिनके जरिये 50 फीसदी कमीशन पर नोट बदलवाना था वो इनसे रुपये लेकर फरार हो गए. नतीजा जिनके रुपये थे उन्होंने इन दोनों को ही पहले अगवा किया फिर एक घर मे बंद कर पिटाई की और छोड़ने के बदले में 1 करोड़ रुपये की मांग कर डाली.

सुनील के मुताबिक फरार आरोपियों ने ट्रायल के तौर पर बुलाया था, हम एक करोड़ 10 लाख रुपये लेकर पहुंचे थे. वहां हमारे साथ तकरीबन 19 व्यापारी थे और लेकिन रुपया पाते ही वो भाग गए और हम फंस गए. भरत के मुताबिक आरोपी हम दोनों को पकड़ कर पहले नवी मुंबई फिर वसई ले गए. एक कमरे में बंद रखा और खूब पिटाई की. वो हमसे एक करोड़ रुपये की मांग कर रहे थे. सुनील ने फोन कर किडनैप होने की जानकारी दी.

भाई की शिकायत पर मुलुंड पुलिस ने मोबाइल फ़ोन के जरिये लोकेशन पता कर 5 लोगों को धर दबोचा. डीसीपी सचिन पाटिल के मुताबिक आरोपियों का लोकेशन ट्रेस कर जब पुलिस टीम वसई पहुंची तब कमरा बाहर से बंद था. पुलिस ने दरवाजा खोल कर दोनों को छुड़ाया. पता चला है कि मुंबई और वसई के तकरीबन 20 व्यापारी अपने पास पड़े बंद हो चुके पुराने नोट बदलने के बदले में 80 फीसदी कमीशन भी देने को तैयार हो गए थे.

सुनील और उसके साथी उसे आगे दो और दूसरे लोगों के जरिये 50 फीसदी कमीशन में बदलकर 30 फीसदी कमाने के फिराक में थे लेकिन सामने वाले एक करोड़ 10 लाख की पूरी रकम लेकर फरार हो गए और दोनों बुरे फंस गए. पुलिस अब रुपये लेकर फरार दोनो अरोपियों की तलाश में है. लेकिन हैरानी इस बात की है कि नोटबंदी के इतने दिनों बाद भी कुछ लोगों के पास करोड़ों के पुराने नोट पड़े हैं और ऐसे लोग लुट भी रहे हैं.
पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Mumbai Police, Two Abducted Men Rescued, Demonetised Notes, Demonetisation, Five Persons Arrested
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com