विज्ञापन
This Article is From Jan 23, 2017

बीएमसी चुनाव : भाजपा ने कहा - शिवसेना की 60 सीटों की पेशकश अपमानजनक

बीएमसी चुनाव : भाजपा ने कहा - शिवसेना की 60 सीटों की पेशकश अपमानजनक
उद्धव ने कहा है कि गठबंधन पर अंतिम फैसला देवेंद्र फडणवीस के साथ चर्चा के बाद लिया जाएगा (फाइल फोटो)
मुंबई: शिवसेना द्वारा बृहन्नमुंबई महानगरपालिका (बीएमसी) की 227 सीटों में से 114 सीटों पर चुनाव लड़ने की भाजपा की मांग के उलट उसे केवल 60 सीट देने की पेशकश करने के बाद पार्टी प्रमुख उद्धव ठाकरे ने रविवार को गठजोड़ की संभावना को लेकर अपने पत्ते खोलने से इनकार कर दिया.

हालांकि शिवसेना की ताजा पेशकश से भाजपा में नाराजगी है और उसके चुनाव प्रबंधक इसे पार्टी का 'अपमान' बता रहे हैं. जहां ठाकरे ने कहा कि अंतिम फैसला मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के साथ उनकी चर्चाओं के बाद लिया जाएगा, वहीं शिवसेना के वरिष्ठ नेता संजय राउत ने कहा, 'निकाय चुनाव के लिए भाजपा को 60 सीटों की पेशकश पर्याप्त है.'

राउत ने कहा, 'स्वभाव से दरियादिल (शिवसेना प्रमुख) उद्धव ठाकरे ने भाजपा को अधिक सीटें दी हैं. मुंबई नगर निगम चुनावों में भाजपा को 60 सीटें काफी हैं. शिवसेना के भीतर बातचीत चल रही है कि भाजपा को 60 से अधिक सीटें न दी जाएं.' भाजपा कुल 227 में से 114 सीटें चाहती हैं, जबकि शिवसेना अपने साझीदार को केवल 60 सीटें देने को तैयार है.

राउत ने कहा, हम मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस का बहुत सम्मान करते हैं और शिवसेना द्वारा की गई यह पेशकश सम्मानपूर्वक की गई है. बीएमसी चुनावों में छोटी पार्टियों को अधिक सीटें देने के पीछे एक वैध एवं ठोस कारण होना चाहिए. 2010 में हुए बीएमसी चुनावों में शिवसेना ने 75 सीटों पर जीत हासिल की थी, जबकि भाजपा 31 सीटों पर विजयी रही थी.

(हेडलाइन के अलावा, इस खबर को एनडीटीवी टीम ने संपादित नहीं किया है, यह सिंडीकेट फीड से सीधे प्रकाशित की गई है।)

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
शिवसेना, भाजपा, बीएमसी चुनाव, मुंबई महानगरपालिका चुनाव, महाराष्ट्र, Shiv Sena, BJP, BMC Elections, Maharashtra
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com