विज्ञापन
This Article is From Apr 25, 2018

इंदौर में कथित रूप से मॉडल की स्कर्ट खींचने के मामले में दो गिरफ्तार

आरोपियों तक पहुंचने में पुलिस को करनी पड़ी काफी मशक्कत, एसपी अवधेश गोस्वामी की टीम को मिली सफलता

इंदौर में कथित रूप से मॉडल की स्कर्ट खींचने के मामले में दो गिरफ्तार
इंदौर में कथित छेड़छाड़ के मामले में मॉडल को चोट लगी थी.
  • सरेराह छेड़छाड़ के मामले को लेकर उठे नए सवाल
  • सीसीटीवी में स्कर्ट खींचने का कोई दृश्य नहीं
  • आरोपियों ने मॉडल के इस आरोप को खारिज किया
भोपाल: इंदौर में एक मॉडल के साथ छेड़छाड़ के मामले में इंदौर पुलिस ने दो आरोपियों को हिरासत में लिया है. दोनों शहर के परदेशीपुरा इलाके के रहने वाले हैं. युवती ने दोनों आरोपियों को पहचान लिया है. आरोपियों के नाम लकी ओर बंटी हैं. दोनो आरोपी दुकान में काम करते हैं.

इस मामले में आरोपियों को पकड़ने के लिए एसपी अवधेश गोस्वामी की टीम ने सक्रियता से काम किया.  60 सीसीटीवी के फुटेज देखे गए और लगातार प्रयास करके आरोपियों को पकड़ लिया. पुलिस की इस टीम को 20 हजार रुपये का इनाम मिलेगा. पुलिस टीम ने दो आरोपियों को पकड़ा है और पीड़ित ने उनकी पहचान कर ली है.

परदेशीपुरा के रहने वाले आरोपी कपड़े की दुकान में काम करते हैं. लकी और बंटी की उम्र करीब 24 साल है. उनका अपराध का कोई पुराना रिकार्ड नहीं है. घटना की सूचना 24 घंटे के बाद मिली इसलिए उन्हें पकड़ने में देर हुई. आरोपियों का कोई भी सुराग नहीं था. सीसीटीवी की मदद से पुलिस उन तक पहुंच सकी.

यह भी पढ़ें : मध्य प्रदेश : इंदौर में छेड़छाड़ की शिकार मॉडल ने कहा, 'गलती छोटे कपड़ों की नहीं, गंदी सोच की है'

इंदौर के विजयनगर चौराहे के पास मंगल सिटी के पास यह घटना हुई थी. मॉडल से सरेराह छेड़छाड़ की इस बहुचर्चित वारदात की कहानी को लेकर अब नए सवाल उठ रहे हैं. पुलिस उप महानिरीक्षक (डीआईजी) हरिनारायणाचारी मिश्रा ने बताया कि भारतीय दंड विधान की धारा 354 (स्त्री की लज्जा भंग करने की नीयत से उस पर हमला या आपराधिक बल का प्रयोग) और धारा 509 (स्त्री की लज्जा के अनादर की नीयत से किया गया कार्य) के तहत लकी और बंटी को गिरफ्तार किया गया है.

मिश्रा ने एक सवाल पर कहा, "आरोपियों की गिरफ्तारी के महत्वपूर्ण आधार के रूप में अभी हमारे पास पीड़ित युवती का बयान ही है. पुलिस को छेड़छाड़ की कथित घटना के संबंध में फिलहाल साक्ष्य नहीं मिले हैं. हालांकि हम मामले की तमाम बिंदुओं पर विस्तृत जांच कर रहे हैं.’’ डीआईजी ने कहा कि पुलिस की शुरुआती पूछताछ के दौरान दोनों आरोपियों ने मॉडल के इस आरोप को खारिज किया है कि उन्होंने विजय नगर क्षेत्र में रविवार को सरेराह उसका स्कर्ट खींचने की कोशिश की थी. आरोपियों ने हालांकि यह जरूर स्वीकारा कि मॉडल के स्कूटर से उनकी मोटसाइकिल की टक्कर हुई थी.

यह भी पढ़ें : इंदौर में सरेराह मॉडल से छेड़छाड़, स्कर्ट खींचने की कोशिश, CM ने दिए जांच के आदेश

उन्होंने बताया कि सीसीटीवी कैमरों के वीडियो फुटेज के आधार पर मॉडल ने दोनों आरोपियों की पहचान की है. लेकिन इस फुटेज में अब तक इस आशय के दृश्य नहीं मिले हैं कि दोनों आरोपियों ने उसका स्कर्ट खींचने की कोशिश की थी.

डीआईजी ने कहा कि युवती ने पुलिस को मामले की जानकारी कथित घटना के करीब 24 घंटे बाद दी. पुलिस का दरवाजा खटखटाने से पहले मॉडल ने ट्वीट करके कहा था कि दो लड़कों ने उसकी स्कर्ट खींचने की कोशिश की थी.

युवती ने अपने ट्वीट में कहा कि उसने दोनों लड़कों को रोकने की कोशिश की. लेकिन वह अपने स्कूटर से संतुलन खो बैठी और नीचे गिरकर दुर्घटना की शिकार हो गई. उसने ट्विटर पर अपने छिले हुए घुटने की फोटो भी पोस्ट की थी.

VIDEO : मासूम बच्ची हुई हैवानियत की शिकार

युवती के ट्वीट को लेकर सोशल मीडिया पर महिला सुरक्षा के विषय में बहस जारी है. इस ट्वीट को हजारों लोगों ने सोशल मीडिया पर साझा किया है और महिलाओं के खिलाफ बढ़ते अपराधों पर गहरी चिंता जताई है. मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कल युवती के ट्वीट का संज्ञान लिया और उसके साथ हुई घटना को "शर्मनाक" बताया था. उन्होंने अपने आधिकारिक ट्विटर हैंडल पर पुलिस और प्रशासन को मामले की जांच के निर्देश दिए थे.
(इनपुट भाषा से भी)
पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
2 Arrested In Indore Molestation Case
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com