- महाराष्ट्र के यवतमाल में आयोजित एक मेले में एक महिला के बाल झूले में फंस गए.
- बाल फंसने से महिला के सिर की चमड़ी उखड़ गई और वह गंभीर रूप से घायल हो गई.
- बताया जा रहा है कि महिला के बाल फेरिस व्हील की बेयरिंग में फंसे थे, जिससे यह घटना हुई.
अगर आप भी आसमानी झूले में झूलने के शौकीन हैं तो आपको सावधानी रखनी चाहिए. क्योंकि महाराष्ट्र के यवतमाल से एक ऐसी घटना सामने आई है, जिससे सब हैरान रह गए. यहां शुक्रवार दोपहर को एक महिला के बाल आसमानी झूले में फंसने से महिला के सिर की चमड़ी उखड़ गई. महिला की उम्र 25 साल बताई जा रही है. बताया जा रहा है कि महिला के बाल फेरिस व्हील की बेयरिंग में फंसे थे, जहां चलते हुए झूले ने उनके बालों को इतनी जोर से खींचा कि बालों के साथ-साथ उनके सिर की चमड़ी भी उखड़ गई. घटना के तुरंत बाद महिला को अस्पताल में भर्ती कराया गया है.
कैसे हुई यवतमाल की घटना
घटना शुक्रवार दोपहर करीब 3 बजे हुई थी. फुलसावंगी की ही रहने वाली 25 वर्षीय महिला बाली मारोती टालीकोटे झूले में बैठी थीं. जैसे ही झूला शुरू हुआ अचानक से उनके बाल झूले की बेयरिंग में उलझ गए. क्योंकि झूला तेज स्पीड से घूम रहा था, इसलिए कुछ ही पलों में बालों पर भारी दबाव पड़ा और झटके के साथ उनके सिर की पूरी चमड़ी बालों समेत उखड़ गई, जिससे उनके सिर में गंभीर चोटें आईं.
ये वीडियो भी देखिए
महिला का इलाज जारी
घटनास्थल पर मौजूद सहायक पुलिस निरीक्षक सुनील अंभुरे और कांस्टेबल सुहास कायटे को जैसे ही इस हादसे का पता चला. स्थानीय नागरिकों की मदद से उन्होंने तुरंत झूले को रुकवाया और घायल महिला को वहां से सुरक्षित बाहर निकाला. एम्बुलेंस बुलाई गई और बाली टालीकोटे को पुसद के एक निजी अस्पताल में ले जाया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है.
भारी भीड़ और श्रद्धालुओं की मौजूदगी के बीच हुए इस रोंगटे खड़े कर देने वाले हादसे ने मेलों में लगे मनोरंजन के साधनों और झूलों की सुरक्षा पर सवाल खड़े कर दिए हैं. अब इस बात को लेकर भी सवाल उठाए जा रहे हैं कि क्या इन झूलों का नियमित रखरखाव और मशीनरी की जांच की जाती है नहीं. इसके अलावा क्या झूले का संचालन शुरू करने से पहले जरूरी सुरक्षा उपायों का ध्यान रखा गया था.
ये भी पढ़ेंः नागपुर में पिता ने छीना बेटे का बचपन, छूट गई 10वीं की परीक्षा, 2 साल तक घर में करके रखा कैद
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं