विज्ञापन

अंडरपास डूबे, सब-वे बंद, सड़कों पर सैलाब, तैरती कारें... मुंबई में बारिश का कहर, IMD अलर्ट से बढ़ी टेंशन

मुंबई, रायगढ़, ठाणे, पालघर सहित महाराष्ट्र के कई जिलों में लगातार भारी बारिश का दौर जारी है. इससे कई जगहों पर सड़कों पर सैलाब जैसी स्थिति हो गई है. बारिश और जलजमाव के कारण अलग-अलग हादसों में लोगों की मौत भी हो रही है. इस बीच मौसम विभाग की नई चेतावनी ने लोगों की चिंता और बढ़ा दी है.

अंडरपास डूबे, सब-वे बंद, सड़कों पर सैलाब, तैरती कारें... मुंबई में बारिश का कहर,  IMD अलर्ट से बढ़ी टेंशन
Mumbai Rain Alert: मुंबई सहित आस-पास के जिलों में आज भी बारिश की चेतावनी जारी की गई है.
NDTV
  • पिछले 24 घंटों में मुंबई शहर में 109 मिलीमीटर, पूर्वी उपनगरों में 93 मिलीमीटर बारिश दर्ज हुई है.
  • अंधेरी इलाके में रातभर मूसलाधार बारिश का दौर जारी है. जलजमाव के कारण अंधेरी सबवे को बंद कर दिया गया है.
  • इधर मौसम विभाग ने आगे भी बारिश की चेतावनी जारी की है, इससे लोगों की चिंता बढ़ गई है.
मुंबई:

Mumbai Rain Alert: मुंबई और आस-पास के जिलों में लगातार हो रही बारिश से जगह-जगह जलजमाव हो गया है. निचले इलाकों में लोगों के घरों में पानी घुस गया है. अंधेरी सहित कई सबवे डूब चुके हैं. पालघर, रायगढ़, ठाणे सहित अन्य जगहों से लगातार बारिश और भारी जलजमाव की खबरें सामने आ रही है. अलग-अलग जगहों पर हादसों में लोगों की मौत भी हो रही है. कहीं पानी में करंट फैलने से तो कही नाले में गिरने से लोगों की मौत हो जा रही है. पानी के तेज बहाव में डूब कर भी लोगों की जान जा रही है. कुल मिलाकर स्थिति लगातार खराब होती जा रही है. इस बीच मौसम विभाग ने आज भी मुंबई में बारिश की चेतावनी जारी की है. जिससे लोगों के साथ-साथ प्रशासन की परेशानी बढ़ी हुई है.

जलजमाव के कारण अंधेरी सब वे को बंद किया गया है.

जलजमाव के कारण अंधेरी सब वे को बंद किया गया है.
Photo Credit: NDTV

अंधेरी में मूसलाधार बारिश जारी, सब-वे बंद

अंधेरी इलाके में रातभर मूसलाधार बारिश का दौर जारी है. भारी बारिश के चलते अंधेरी के पूर्व और पश्चिम हिस्से को जोड़ने वाले महत्वपूर्ण मार्ग अंधेरी सब-वे को बंद कर दिया गया है. साकीनाका की हालिया घटना के बाद मुंबई महानगरपालिका सतर्क हो गई है और एहतियात के तौर पर मौके पर बीएमसी कर्मचारियों की तैनाती की गई है.

पिछले 24 घंटों में मुंबई शहर में 109 मिलीमीटर, पूर्वी उपनगरों में 93 मिलीमीटर और पश्चिमी उपनगरों में 97 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई है. मुंबई में बीती रात से लगातार बारिश का सिलसिला जारी है.

मुंबई में आज के लिए ऑरेज तो रायगढ़ के लिए रेड अलर्ट 

लगातार हो रही तेज बारिश के कारण अंधेरी के कई इलाकों में जलभराव की स्थिति पैदा हो गई है. वहीं, मौसम विभाग ने मुंबई के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी करते हुए नागरिकों से सतर्क रहने और आवश्यक होने पर ही घर से बाहर निकलने की अपील की है. रायगढ़ जिले के लिए आज रेड अलर्ट, जबकि मुंबई महानगर क्षेत्र के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है.

Latest and Breaking News on NDTV

बुलढाणा, अकोला, अमरावती के लिए भी ऑरेंज अलर्ट

मानसून के सक्रिय रहने से मुंबई समेत महाराष्ट्र के कई हिस्सों में मध्यम से भारी बारिश की संभावना जताई गई है. मौसम विभाग के अनुसार, बारिश का यह दौर 5 जुलाई तक जारी रह सकता है. 3 जुलाई को पूरे कोंकण क्षेत्र में ऑरेंज अलर्ट जारी है, जबकि रायगढ़ और पुणे के घाट क्षेत्रों में रेड अलर्ट घोषित किया गया है. बुलढाणा, अकोला और अमरावती जिलों के लिए भी ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है.

16 जुलाई तक महाराष्ट्र में होती रहेगी बारिश

4 जुलाई को ठाणे, रायगढ़, पुणे और सातारा के घाट क्षेत्रों में रेड अलर्ट रहेगा, जबकि कोंकण के बाकी हिस्सों में ऑरेंज अलर्ट लागू रहेगा. 5 जुलाई को पुणे के घाट क्षेत्रों में रेड अलर्ट और पूरे कोंकण में ऑरेंज अलर्ट जारी रहेगा. 3 से 9 जुलाई के बीच महाराष्ट्र में सामान्य से अधिक बारिश होने का अनुमान है.

IMD ने 9 से 16 जुलाई तक अधिकांश हिस्सों में अच्छी बारिश की संभावना जताई है. 16 से 22 जुलाई और 23 जुलाई से 3 अगस्त के बीच बारिश की गतिविधियों में उल्लेखनीय कमी आने के संकेत हैं. 

Latest and Breaking News on NDTV

भिवंडी में जगह-जगह घुटने तक जलजमाव

भिवंडी में रातभर हुई मूसलाधार बारिश के बाद तीन बत्ती और निजामपुरा इलाके की प्रमुख बाजारपेठ जलमग्न हो गई. भाजी मार्केट और आसपास की सड़कों पर घुटनों तक पानी भर गया, जिससे लोगों और दुकानदारों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा. दुकानों के बाहर और बाजार परिसर में जलभराव के कारण कई जगहों पर कारोबार प्रभावित हुआ, जबकि कुछ दुकानों में पानी भी घुस गया.

बिजली के खंभों के आसपास पानी भरने से करंट लगने का खतरा बना हुआ है. इसके बावजूद लोग जान जोखिम में डालकर पानी के बीच से आवाजाही कर रहे हैं. रिक्शा और दोपहिया वाहन पानी में रास्ता बनाते नजर आए, जबकि रात के समय कम दृश्यता के कारण हादसों का खतरा भी बढ़ गया.

दुकानदारों का कहना है कि हर बारिश में यही स्थिति बन जाती है. जल निकासी की व्यवस्था प्रभावी न होने से उन्हें हर साल आर्थिक नुकसान उठाना पड़ता है. व्यापारियों ने नगर निगम से तत्काल जल निकासी की व्यवस्था करने और इस समस्या के स्थायी समाधान की मांग की है.

पालघर में तेज बहाव में बहकर युवक की मौत

महाराष्ट्र के पालघर जिले में लगातार हो रही भारी बारिश के बीच एक और दर्दनाक हादसा सामने आया है. पालघर तालुका के चहाडे गांव के सज्जनपाड़ा निवासी 28 वर्षीय चंदन किशन वरठा की तेज पानी के बहाव में बह जाने से मौत हो गई. बताया जा रहा है कि चंदन मछली पकड़ने गया था. लगातार बारिश के कारण पानी का बहाव बेहद तेज था, जिससे वह बह गया.

पालघर में तेज बहाव में डूबने से युवक की मौत.

पालघर में तेज बहाव में डूबने से युवक की मौत.
Photo Credit: NDTV

अगली सुबह ग्रामीणों ने उसका शव पानी में तैरता हुआ देखा, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई. पुलिस, ग्राम पंचायत और स्थानीय लोगों की मदद से शव को बाहर निकालकर पोस्टमार्टम के लिए पालघर ग्रामीण अस्पताल भेज दिया गया है. लगातार हो रही बारिश के कारण पालघर जिले की नदियां और नाले उफान पर हैं. प्रशासन ने लोगों से नदी-नालों और तेज बहाव वाले इलाकों से दूर रहने की अपील की है.

यह भी पढ़ें - महाराष्‍ट्र में जानलेवा हुई बार‍िश: ठाणे के मुंब्रा में जलभराव में उतरा करंट, 17 वर्षीय आलिया की मौत

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Mumbai Rain, Mumbai Rain Alert, Maharashtra Weather, Maharashtra Weather Alert, Maharashtra Weather Latest News
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com