- मुंबई के मुलुंड इलाके में मेट्रो निर्माण कार्य के दौरान एक भारी स्लैब ऑटो-रिक्शा पर गिर गया.
- हादसे के बाद के वीडियो में ऑटो के अंदर फंसी एक सवारी को लोग बाहर निकालने की कोशिश करते दिखे.
- घटना में दो लोग घायल हुए, जिन्हें तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया और उनका इलाज चल रहा है.
Metro Slab Collapse: मुंबई के मुलुंड इलाके में शनिवार को मेट्रो निर्माण कार्य के दौरान एक बड़ा हादसा हो गया, जिसने स्थानीय लोगों को दहला दिया. मुलुंड स्थित जॉन्सन एंड जॉन्सन कंपनी के सामने बन रहे मेट्रो स्टेशन पर अचानक से एक भारी स्लैब नीचे गिर गया. यह स्लैब सीधे सड़क पर चल रहे एक ऑटो‑रिक्शा पर आ गिरा, जिससे ऑटो पूरी तरह से पिचक गया. इस हादसे का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें साफ दिखाई देता है कि घटना के समय एक सवारी ऑटो के अंदर ही फंसी हुई थी. मौके पर मौजूद लोग चीख‑पुकार के बीच उसे बचाने की कोशिश करते नजर आए. अचानक हुए इस हादसे ने मेट्रो निर्माण की सुरक्षा व्यवस्थाओं पर एक बार फिर सवाल खड़े कर दिए हैं.
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, स्लैब गिरते ही मौके पर अफरातफरी मच गई. इस घटना में दो लोग घायल हुए हैं, जिन्हें तुरंत अस्पताल ले जाया गया. दोनों का अस्पताल में इलाज किया जा रहा है. वीडियो में दिख रहा है कि ऑटो के भीतर फंसी सवारी को निकालने के लिए लोगों और बचावकर्मियों ने काफी मशक्कत की. इसके साथ ही वीडियो में नजर आता है कि एक कार भी हादसे में क्षतिग्रस्त हो गई है.
🔴BREAKING: मुंबई में मेट्रो के पिलर का स्लैब गिरा, हादसे में कई लोग घायल#MumbaiMetro | @Aayushinegi6 pic.twitter.com/M9N30FtHAM
— NDTV India (@ndtvindia) February 14, 2026
स्लैब गिरने पर एमएमआरडीए का बयान
मेट्रो स्लैब हादसे पर एमएमआरडीए ने एक बयान जारी कर बताया कि आज दोपहर करीब 12:15 बजे मुलुंड फायर स्टेशन के पास मेट्रो लाइन निर्माण स्थल के पियर पी196 के निकट एक घटना घटी, जहां पैरापेट का एक हिस्सा ऊंचाई से गिर गया और गुजर रहे एक ऑटो रिक्शा से टकरा गया. इसमें दो लोग घायल हो गए और उन्हें तुरंत पास के अस्पताल में भर्ती कराया गया. उनकी हालत पर नजर रखी जा रही है और उन्हें हर संभव चिकित्सा सहायता दी जा रही है.
साथ ही एमएमआरडीए ने कहा कि मेट्रो परियोजना टीम मौके पर मौजूद है और बीएमसी और आपदा प्रबंधन अधिकारियों के साथ मिलकर राहत कार्यों और स्थल को सुरक्षित करने में लगी हुई है.
पहले भी हो चुके हैं इस तरह के हादसे
यह कोई पहला मौका नहीं है, जब यहां पर इस तरह की घटना हुई है. इस स्थान पर पहले भी मेट्रो के स्लैब और गर्डर डालने के दौरान कई बार इस तरह की दुर्घटनाएं हो चुकी हैं, जिनमें लोग हताहत हुए हैं.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं