- इराक के पास समुद्र में तेल टैंकर पर हुए हमले में मुंबई के इंजीनियर की मृत्यु हो गई
- मृतक देवोनंदन प्रसाद सिंह एमटी सेफसी विष्णु तेल टैंकर पर एडिशनल चीफ इंजीनियर के पद पर तैनात थे
- हमला इराक के बसरा के पास खोर अल जुबैर पोर्ट के नजदीक हुआ, तनाव के बीच जहाज को निशाना बनाया गया
ईरान-इजरायल जंग से सिर्फ वहां के लोगों को ही नुकसान नहीं हो रहा बल्कि वहां रहने वाले भारतीयों को भी इसकी कीमत चुकानी पड़ रही है. इराक के पास समुद्र में एक तेल टैंकर पर हुए हमले में मुंबई के कांदिवली ईस्ट में रहने वाले बिहार के एक भारतीय इंजीनियर की मौत हो गई. मृतक की पहचान देवोनंदन प्रसाद सिंह के रूप में हुई है, जो एमटी सेफसी विष्णु नाम के तेल टैंकर पर एडिशनल चीफ इंजीनियर (सुपरिंटेंडेंट) के पद पर तैनात थे.
ये भी पढ़ें- खाड़ी में 12 दिन में 18 जहाजों पर अटैक! आखिर जंग ने होर्मुज को 'आग का समंदर' कैसे बना दिया
जंग के बीच तेल के जहाज पर हमला
जानकारी के मुताबिक, बुधवार को यह जहाज इराक के बसरा के पास खोर अल जुबैर पोर्ट के करीब था, तभी उस पर हमला हुआ. शुरुआती रिपोर्ट्स के मुताबिक, क्षेत्र में चल रहे तनाव और सुरक्षा हालात के बीच जहाज को निशाना बनाया गया. इस हमले में देवोनंदन सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए थे. बाद में इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई.
बिहार के रहने वाले थे देवोनंदन सिंह
देवोनंदन सिंह मूल रूप से बिहार के रहने वाले थे. वह साल 2019 में मुंबई शिफ्ट हुए और अपने परिवार के साथ कांदिवली ईस्ट स्थित रहेजा इटरनिटी सोसाइटी में रहते थे. परिवार में उनकी पत्नी और दो बच्चे हैं. उनकी उम्र करीब 50 साल के आसपास बताई जा रही है. घटना की जानकारी मिलने के बाद संबंधित समुद्री एजेंसियों और अधिकारियों को सूचित कर दिया गया है. जहाज पर हुए हमले की परिस्थितियों को लेकर जांच शुरू कर दी गई है. फिलहाल यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि हमला किस तरह और किन हालात में हुआ.
जहाज पर मौजूद बाकी क्रू मेंबर्स की सुरक्षा बड़ी जिम्मेदारी
जहाज के मैनेजमेंट और इससे जुड़े स्टेकहोल्डर्स ने देवोनंदन सिंह के निधन पर गहरा दुख जताया है. कंपनी की तरफ से उनके परिवार को हर संभव मदद और सहयोग देने की बात कही गई है. साथ ही जहाज पर मौजूद बाकी क्रू मेंबर्स की सुरक्षा को लेकर भी कदम उठाए जा रहे हैं.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं