- महाराष्ट्र के ठाणे जिले में 30 वर्षीय बैंक कर्मचारी अयाश विश्वनाथ अमीन ने रेबीज के डर से आत्महत्या की.
- अयाश को कुछ दिन पहले आवारा कुत्ते ने काटा था, जिसके बाद उसने रेबीज रोधी टीका लगवाया था.
- सुसाइड नोट में अयाश ने लिखा कि टीका लगवाने के बाद भी उसे रेबीज के लक्षण महसूस होने लगे थे.
30 साल के एक बैंककर्मी ने रेबीज के डर से फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली. बैंककर्मी की पहचान अयाश विश्वनाथ अमीन के रूप में हुई है. अयाश महाराष्ट्र के ठाणे का रहने वाला था. उसके पास से एक सुसाइड नोट भी मिला है. जिसमें उसने रेबीज के डर को इस आत्मघाती कदम का कारण बताया है. पुलिस ने सोमवार को बताया कि महाराष्ट्र के ठाणे जिले में एक 30 वर्षीय बैंक कर्मचारी ने आवारा कुत्ते के हमले के बाद रेबीज से संक्रमित होने के डर से कथित तौर पर आत्महत्या कर ली.
रेबीज के डर से तनाव में था अयाश
एक अधिकारी ने बताया कि अयाश विश्वनाथ अमीन रविवार शाम को कल्याण पूर्व के तिसगांव नाका इलाके में अपने घर में फांसी पर लटका हुआ मिला. उन्होंने बताया कि घटनास्थल से बरामद आत्महत्या नोट से पता चलता है कि अमीन गंभीर मानसिक तनाव में था और उसे डर था कि कुछ दिन पहले आवारा कुत्ते के काटने के बाद उसे रेबीज हो गया होगा.
युवक ने लेटर में लिखा- टीका लगवाने के बाद भी दिखने लगे थे लक्षण
घटनास्थल से बरामद सुसाइड नोट में अयास ने लिखा कि कुछ दिन पहले उसे एक आवारा कुत्ते ने काट लिया था. हालांकि उसने कथित तौर पर रेबीज रोधी टीका लगवाया था, फिर भी उसे ऐसे लक्षण महसूस होने लगे जिन्हें वह वायरस से संबंधित मानता था. रेबीज होने के भय से वह बुरी तरह से व्याकुल हो गया और गंभीर रूप से सदमे में आ गया, जिसके बाद उसने फांसी लगाकर जान दे दी.
यह भी पढ़ें - चेहरे पर इतने टांके कि रूह कांप रही... मॉर्निंग वॉक पर गई महिला को पालतू कुत्ते ने बुरी तरह नोंच डाला Video
| हेल्पलाइन | |
|---|---|
| वंद्रेवाला फाउंडेशन फॉर मेंटल हेल्थ | 9999666555 या help@vandrevalafoundation.com |
| TISS iCall | 022-25521111 (सोमवार से शनिवार तक उपलब्ध - सुबह 8:00 बजे से रात 10:00 बजे तक) |
| (अगर आपको सहारे की ज़रूरत है या आप किसी ऐसे शख्स को जानते हैं, जिसे मदद की दरकार है, तो कृपया अपने नज़दीकी मानसिक स्वास्थ्य विशेषज्ञ के पास जाएं) | |
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं