- महाराष्ट्र FDA ने मुंबई के कोलाबा में रेडियो क्लब समेत 13 रेस्तरां के लाइसेंस सस्पेंड किए
- रेडियो क्लब में मक्खियां, कॉकरोच और गंदगी के कारण सुरक्षा तथा साफ-सफाई के नियमों का उल्लंघन पाया गया
- मैकडॉनल्ड्स पर सुरक्षा के 20 मानकों में से 18 पर खरा न उतरने के कारण जुर्माना लगाया गया
महाराष्ट्र फूड एंड ड्रग एडमिनिस्ट्रेशन (FDA) ने बड़ा एक्शन किया है. FDA ने मुंबई के कोलाबा में एक मैकडॉनल्ड्स कियोस्क की जांच की. यहां कई खामियां मिलने के बाद FDA ने मैकडॉनल्ड्स का लाइसेंस रद्द कर दिया. इसके अलावा कोलाबा में ही FDA ने रेडियो क्लब,स्टेटस रेस्टोरेंट समेत 13 फूड प्रतिष्ठानों के लाइसेंस सस्पेंड कर दिए.
रेडियो क्लब में कॉकरोच, मक्खियां और गंदगी
महाराष्ट्र FDA ने सुरक्षा और साफ-सफाई के नियमों के गंभीर उल्लंघन के कारण मुंबई के कोलाबा में बॉम्बे प्रेसिडेंसी रेडियो क्लब लिमिटेड का फ़ूड लाइसेंस सस्पेंड कर दिया है. 19 अगस्त को हुई अचानक जांच में 47% नियमों का पालन न करने की बात सामने आई. जांच में मक्खियों का भारी जमावड़ा, एक मरा हुआ कॉकरोच और बर्तन धोने की जगह के पास खुले कॉकरोच ट्रैप पाए गए.

क्या-क्या कमियां मिलीं?
अधिकारियों ने पाया कि खाना बनाने की जगह के ठीक ऊपर छत का प्लास्टर उखड़ रहा था, जिससे उसके खाने में गिरने का खतरा था. साथ ही खाने-पीने की चीजों के ठीक बगल में वॉशिंग पाउडर और केमिकल रखे हुए थे. बर्तन और खाने-पीने की चीजें सीधे जमीन पर रखी हुई मिलीं, नॉन-वेज रखने वाले रेफ्रिजरेटर साफ-सुथरे नहीं थे और फ्रोजन खाने की चीजों को ठीक से पिघलाया नहीं जा रहा था.
स्टाफ के पसीने से भीगे हेलमेट और कपड़े खाने-पीने की चीजों के साथ रखे मिले, रसोई के दरवाजे ठीक से बंद नहीं थे, खाना पकाने वाले स्टोव के पास कचरे के डिब्बे रखे थे और परिसर में थूकने के निशान भी दिखे.
जांच में पता चला कि संस्थान द्वारा नियमों का पालन न करने की कुल दर 47% थी. जन-स्वास्थ्य और सुरक्षा का हवाला देते हुए, FDA ने FSS एक्ट 2006 की धारा 32(3) के तहत लाइसेंस सस्पेंड कर दिया. क्लब को सस्पेंशन की अवधि के दौरान खाने-पीने की चीजों की खरीद, बिक्री और वितरण तुरंत रोकने का आदेश दिया गया है, साथ ही नियमों के उल्लंघन पर कड़ी कानूनी कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई है.
अधिकारियों ने पाया कि बुनियादी नियमों की बड़े पैमाने पर अनदेखी की जा रही थी, जैसे कि बिना हाथ धोए खाने को छूना, बिना कैलिब्रेट किए रेफ्रिजरेशन यूनिट का इस्तेमाल और तापमान की निगरानी का कोई रिकॉर्ड न रखना.

मैकडॉनल्ड्स पर भी जुर्माना
कोलाबा में मैकडॉनल्ड्स के कियोस्क पर जुर्माना लगाया गया क्योंकि वह सुरक्षा के 20 में से 18 मानकों पर खरा नहीं उतरा, उसने 148 पेज की गलत कंप्लायंस रिपोर्ट जमा की और मेनू में बताए बिना धोखे से चीज एनालॉग का इस्तेमाल किया.
FSS एक्ट 2006 के तहत ऑपरेशनल लाइसेंस तुरंत प्रभाव से सस्पेंड कर दिए गए हैं, जिससे खाने-पीने की चीजों के निर्माण, बिक्री और वितरण पर तब तक रोक लगा दी गई है जब तक कि कानूनी रूप से सभी नियमों का पालन सुनिश्चित न हो जाए.
यह भी पढ़ें: Ground Report: तुकाराम मुंढे की सख्ती का असर! मुंबई के वड़ा पाव स्टॉल बदले, अब खाने के तेल पर FDA की नजर
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं