विज्ञापन

अमानवीयता : पैसे नहीं थे तो 11 साल की बेहोश बच्ची को एंबुलेंस से नीचे उतारा; बीड़ के गरीब मजदूर की आपबीती

महाराष्ट्र के बीड़ जिले में एक बेहोश छात्रा और उसके पिता को कथित तौर पर एंबुलेंस से उतार दिया गया। आरोप है कि परिवार भुगतान नहीं कर पाया था. घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल है.

बेहोश बच्ची को एंबुलेंस से उतारने का आरोप, महाराष्ट्र का वीडियो वायरल
NDTV (वायरल वीडियो का स्क्रीनशॉट)
बीड़:

महाराष्ट्र के बीड़ जिले से मानवता को शर्मसार करने वाला एक मामला सामने आया है. यहां एक 11 वर्षीय बच्ची, जो स्कूल में दौरा पड़ने के बाद बेहोश हो गई थी, और उसके पिता को कथित तौर पर एंबुलेंस से इसलिए उतार दिया गया क्योंकि वे चालक की मांग के अनुसार भुगतान नहीं कर सके. घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद लोगों में नाराजगी है. मामला ग्रामीण स्वास्थ्य सेवाओं, आपातकालीन चिकित्सा सुविधा और आर्थिक रूप से कमजोर मरीजों के साथ व्यवहार को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर रहा है.

स्कूल में अचानक बेहोश हुई थी बच्ची

जानकारी के अनुसार, यह घटना 29 सितंबर की है. दिंद्रुड गांव की पांचवीं कक्षा में पढ़ने वाली 11 वर्षीय छात्रा को स्कूल में अचानक दौरा पड़ा और वह बेहोश हो गई. स्थिति गंभीर होने पर शिक्षकों ने तत्काल उसे दिंद्रुड प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया. यहां मेडिकल ऑफिसर डॉ. निलेश धाकणे ने बच्ची की हालत को देखते हुए उसे आगे के इलाज के लिए रेफर कर दिया.

एंबुलेंस किराए को लेकर हुआ विवाद

आरोप है कि अस्पताल से रेफर किए जाने के बाद परिवार को एंबुलेंस की व्यवस्था तो मिल गई, लेकिन किराए के भुगतान को लेकर विवाद खड़ा हो गया. बच्ची के पिता कथित रूप से चालक द्वारा मांगी गई रकम देने में सक्षम नहीं थे. इसी वजह से बेहोश बच्ची और उसके पिता को एंबुलेंस से उतरने के लिए कहा गया. घटना का वीडियो सामने आने के बाद पूरे मामले ने तूल पकड़ लिया है.

आर्थिक तंगी से जूझ रहा है परिवार

बताया जा रहा है कि बच्ची की मां का निधन हो चुका है. परिवार आर्थिक रूप से कमजोर है और पिता मजदूरी करके अपने चार बच्चों का पालन-पोषण करते हैं. ऐसे में गंभीर हालत में इलाज के लिए ले जाई जा रही बच्ची को कथित तौर पर एंबुलेंस से उतारे जाने की घटना ने लोगों को झकझोर दिया है.

स्वास्थ्य व्यवस्था पर उठे सवाल

यह मामला ऐसे समय सामने आया है जब सरकार ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने के लिए विभिन्न योजनाएं संचालित कर रही है. "माझे गाव, आरोग्य संपन्न गाव" और राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम जैसी योजनाओं का उद्देश्य दूरदराज के इलाकों में चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराना है. घटना के बाद लोगों ने सवाल उठाया है कि यदि आपातकालीन स्थिति में भी गरीब परिवारों को ऐसी परेशानी का सामना करना पड़े, तो योजनाओं का लाभ जमीनी स्तर पर कितना प्रभावी है.

वायरल वीडियो के बाद जांच की मांग

सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद मामले को लेकर आक्रोश बढ़ गया है. लोगों ने एंबुलेंस चालक की भूमिका और संबंधित अधिकारियों की जिम्मेदारी तय करने की मांग की है.

यह भी पढ़ें : सड़क के गड्ढे में फंसी प्रेगनेंट महिला की एंबुलेंस, घंटों की जद्दोजहद के बाद पहुंची हॉस्पिटल; बच्चे की मौत

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Maharashtra Viral Video, Beed News, Ambulance Controversy, Unconscious, Emergency Medical Services
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com