विज्ञापन
This Article is From Feb 03, 2026

सत्ता की भूख में पिता बना हैवान: पंचायत चुनाव लड़ने के लिए 6 साल की बेटी की हत्या

महाराष्ट्र के नांदेड़ जिले से दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है, जहां पंचायत चुनाव लड़ने के लिए दो-बच्चा नियम से बचने की खातिर एक पिता ने अपनी 6 साल की बेटी की हत्या कर दी. पुलिस ने आरोपी पिता और गांव के सरपंच को गिरफ्तार कर लिया है.

सत्ता की भूख में पिता बना हैवान: पंचायत चुनाव लड़ने के लिए 6 साल की बेटी की हत्या
पंचायत चुनाव लड़ने के लिए 6 साल की बेटी की हत्या

महाराष्ट्र से इंसानियत को शर्मसार कर देने वाला एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है. पंचायत चुनाव लड़ने की चाह में एक पिता ने अपनी ही 6 वर्षीय बेटी की हत्या कर दी. यह सनसनीखेज वारदात महाराष्ट्र के नांदेड़ जिले से जुड़ी है, जबकि बच्ची का शव तेलंगाना के निजामाबाद जिले में एक नहर से बरामद हुआ.

दो-बच्चा नियम बना हत्या की वजह

आरोपी की पहचान पांडुरंग कोंडमंगले (28) के रूप में हुई है, जो नांदेड़ जिले के मुखेड तालुका के केरूर गांव का रहने वाला है और गांव में नाई की दुकान चलाता है. पांडुरंग पंचायत चुनाव लड़ना चाहता था, लेकिन महाराष्ट्र में स्थानीय निकाय चुनावों के लिए लागू दो-बच्चा नियम उसकी राह में बाधा बन रहा था. पांडुरंग के तीन बच्चे थे, एक तीन साल का बेटा और 6 साल की जुड़वां बेटियां. इसी नियम से बचने के लिए उसने अपनी ही बेटी प्राची को रास्ते से हटाने की साजिश रच डाली.

सरपंच के साथ मिलकर रची साजिश

पुलिस जांच में सामने आया कि पांडुरंग ने गांव के मौजूदा सरपंच गणेश रामचंद्र शिंदे से सलाह ली. दोनों ने पहले बच्ची को गोद देने या छोड़ देने के विकल्प पर विचार किया, लेकिन जन्म प्रमाण पत्र में नाम दर्ज होने की वजह से यह योजना सफल नहीं हो सकती थी. आखिरकार दोनों ने मिलकर बच्ची की हत्या को हादसे का रूप देने की साजिश रची.

नहर में फेंकी गई मासूम

पुलिस के मुताबिक, पांडुरंग अपनी बेटी प्राची को मोटरसाइकिल पर बैठाकर तेलंगाना के निजामाबाद जिले में स्थित निजाम सागर नहर तक ले गया और वहां उसे नहर में धक्का देकर फरार हो गया. घटना के समय पास के खेतों में काम कर रहे ग्रामीणों ने पानी में कुछ गिरने की आवाज सुनी और मौके पर पहुंचे. उन्होंने बच्ची का शव पानी में तैरता देखा और तुरंत पुलिस को सूचना दी.

सोशल मीडिया से हुई पहचान

पुलिस ने अज्ञात शव का मामला दर्ज कर जांच शुरू की. बच्ची की तस्वीरें सोशल मीडिया पर साझा की गईं. इसी दौरान महाराष्ट्र के केरूर गांव के एक शख्स ने तस्वीर देखकर बच्ची की पहचान की और पुलिस को जानकारी दी. इसके बाद पुलिस टीम गांव पहुंची और बच्ची के पिता पांडुरंग से पूछताछ की. शुरुआत में पांडुरंग ने पुलिस को गुमराह करने की कोशिश की और कहा कि बच्ची का इलाज चल रहा है. लेकिन सख्ती से पूछताछ करने पर उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया. निजामाबाद पुलिस आयुक्त पी. साई चैतन्य ने बताया कि आरोपी ने पंचायत चुनाव लड़ने के लिए यह खौफनाक कदम उठाया.

पिता और सरपंच गिरफ्तार

पुलिस ने आरोपी पिता पांडुरंग कोंडमंगले और गांव के सरपंच गणेश शिंदे को गिरफ्तार कर लिया है. दोनों के खिलाफ हत्या और साजिश की धाराओं में केस दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है. यह मामला न सिर्फ कानून व्यवस्था पर सवाल खड़े करता है, बल्कि सत्ता और राजनीतिक महत्वाकांक्षा के नाम पर गिरती इंसानियत की एक भयावह तस्वीर भी पेश करता है.

(इस खबर को एनडीटीवी टीम ने संपादित नहीं किया है. यह सिंडीकेट फीड से सीधे प्रकाशित की गई है।)
पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Maharashtra Panchayat Election Murder, Father Kills Daughter For Election, Two Child Norm Controversy
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com