मुंबई के घाटकोपर इलाके से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है, जहां एक जालसाज ने खुद को दिल्ली से सीबीआई का अधिकारी बताकर 69 साल के बुजुर्ग को अपने जाल में फंसाया. आरोपी ने बुजुर्ग से 7 लाख 70 हजार रुपये ठग लिए. पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.
कैसे बिछाया ठगी का जाल?
जानकारी के अनुसार, पीड़ित की पहचान 69 वर्षीय लालबाबू सिंह के रूप में हुई है. आरोपी ने उन्हें फोन किया और खुद का नाम 'इंस्पेक्टर प्रदीप शर्मा' बताते हुए कहा कि वह दिल्ली CBI से बोल रहा है. आरोपी ने पीड़ित को डराते हुए कहा कि उनके नाम पर हॉन्गकॉन्ग में एक बैंक खाता खोला गया है. इसके बाद उसने लालच देते हुए कहा कि उस खाते में 64 करोड़ रुपये जमा हुए हैं, जिसमें से 2 करोड़ रुपये पीड़ित को कमीशन के तौर पर मिलने की जानकारी CBI को मिली है.
इस कथित कमीशन की रकम को हासिल करने और कानूनी कार्रवाई से बचने के लिए, आरोपी ने 'अकाउंट वेरिफिकेशन' के नाम पर लालबाबू सिंह से कुछ पैसे ट्रांसफर करने को कहा. पीड़ित को विश्वास दिलाने के लिए जालसाज ने उन्हें भारतीय स्टेट बैंक का एक पत्र भी भेजा.
बुजुर्ग ने तुड़वा दी FD
झांसे में आकर लालबाबू सिंह ने अपनी 7 लाख 72 हजार रुपये की फिक्स्ड डिपॉजिट तुड़वा दी और कुल 7 लाख 70 हजार रुपये आरोपी द्वारा बताए गए फर्जी बैंक खाते में ट्रांसफर कर दिए. पैसे ऐंठने के बाद, आरोपी कुछ दिनों तक पीड़ित को रोज फोन करता रहा और एक तरह से उनकी 'हाजिरी' लेता रहा ताकि उन्हें शक न हो.
अचानक एक दिन आरोपी का फोन आना बंद हो गया. जब पीड़ित लालबाबू सिंह ने उसे कॉल किया, तो उसने फोन नहीं उठाया. शक होने पर जब पीड़ित ठग द्वारा दिए गए पत्र को लेकर SBI की स्थानीय ब्रांच पहुंचे, तो बैंक अधिकारियों ने बताया कि वह पत्र पूरी तरह से फर्जी है.
ठगी का अहसास होने के बाद लालबाबू सिंह ने पुलिस का रुख किया. इस मामले में घाटकोपर पुलिस स्टेशन में अज्ञात आरोपी के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर लिया गया है. पुलिस फिलहाल मामले की जांच कर रही है और आरोपी की तलाश में जुट गई है.
यह भी पढ़ें: जो अगवा हुआ पब्लिक उसी को बदमाश समझती रही... जयपुर में मर्सिडीज में CA के साथ फिल्मी स्टाइल किडनैपिंग
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं