विज्ञापन

दशहरे पर कोल्हापुर महालक्ष्मी के दर्शन कर लौट रहे 7 दोस्तों के साथ हादसा; स्कॉर्पियो-ट्रक टक्कर में 4 की मौत

दशहरे पर मां महालक्ष्मी के दर्शन करने निकले 7 दोस्तों को क्या पता था कि घर वापसी का सफर आखिरी साबित होगा. कोल्हापुर से लौटते समय स्कॉर्पियो और ट्रक की भीषण टक्कर में 4 युवकों की मौत हो गई, जबकि तीन जिंदगी और मौत के बीच जंग लड़ रहे हैं.

दशहरे पर कोल्हापुर महालक्ष्मी के दर्शन कर लौट रहे 7 दोस्तों के साथ हादसा; स्कॉर्पियो-ट्रक टक्कर में 4 की मौत
महालक्ष्मी मंदिर से लौट रही स्कॉर्पियो ट्रक से टकराई, 4 युवकों की जान गई
NDTV
  • महालक्ष्मी दर्शन से लौट रहे 7 दोस्तों के साथ बड़ा हादसा, 4 की मौत
  • दशहरे पर मंदिर गए थे युवक, घर लौटते वक्त पलभर में उजड़ गईं खुशियां
  • स्कॉर्पियो-ट्रक टक्कर, कोल्हापुर से लौट रहे युवकों की कार का एक्सीडेंट
सतारा:

दशहरा पर्व पर कोल्हापुर स्थित प्रसिद्ध महालक्ष्मी मंदिर में दर्शन के लिए गए सात युवकों का घर लौटते समय दर्दनाक सड़क हादसा हो गया. सतारा जिले के कराड शहर के पास पुणे-बेंगलुरु हाईवे पर बने नए सिक्स-लेन फ्लाईओवर पर उनकी स्कॉर्पियो एक ट्रक से टकरा गई. टक्कर इतनी भीषण थी कि चार युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए. हादसे के बाद इलाके में शोक की लहर दौड़ गई. NDTV को प्राप्त जानकारी के अनुसार सभी युवक सतारा जिले के कातरखटाव गांव के रहने वाले बताए जा रहे हैं. एनडीटीवी के लिए सतारा से राहुल तपसे की रिपोर्ट.

नए फ्लाईओवर पर हुई ट्रक से जोरदार टक्कर

ये हादसा कराड शहर के पास हाल ही में यातायात के लिए खोले गए नए सिक्स-लेन फ्लाईओवर पर हुई. देर रात स्कॉर्पियो और ट्रक के बीच जोरदार टक्कर हो गई. बताया जा रहा है कि स्कॉर्पियो में सवार सभी सात युवक दशहरे के अवसर पर कोल्हापुर के महालक्ष्मी मंदिर में दर्शन करने गए थे. दर्शन के बाद वे अपने गांव लौट रहे थे, तभी रास्ते में यह हादसा हो गया.

ट्रक से टक्कर के बाद स्कॉर्पियो का हाल

ट्रक से टक्कर के बाद स्कॉर्पियो का हाल
Photo Credit: NDTV

चार युवकों की मौत

दुर्घटना में चार युवकों की जान चली गई. मृतकों की पहचान तेजस देशमुख (25 वर्ष), सागर निंबालकर (23 वर्ष), सुयश चिंचकर (20 वर्ष) और रोहित धोत्रे (21 वर्ष) के रूप में हुई है. हादसे में स्कॉर्पियो चला रहे तेजस देशमुख की भी मौत हो गई.

ये दोस्त थे सवार

ये दोस्त थे सवार
Photo Credit: NDTV

तीन युवक अस्पताल में भर्ती

दुर्घटना में घायल हुए ऋतुराज दुबले (21 वर्ष), शंतनू शिंगाडे (20 वर्ष) और अमन तांबोली (23 वर्ष) को तत्काल उपचार के लिए कराड के कृष्णा अस्पताल में भर्ती कराया गया है. अस्पताल में उनका इलाज जारी है. चिकित्सक उनकी हालत पर लगातार नजर बनाए हुए हैं.

हाल ही में शुरू हुआ था फ्लाईओवर

स्थानीय लोगों के अनुसार कराड के पास बना यह नया सिक्स-लेन फ्लाईओवर कुछ ही दिन पहले आम यातायात के लिए खोला गया था. इस पुल पर हुआ यह पहला बड़ा और बेहद गंभीर सड़क हादसा बताया जा रहा है. पुलिस मामले की जांच कर रही है और दुर्घटना के कारणों का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है.

यह भी पढ़ें : हाईवे के एक गड्ढे ने ली 5 की जान, अनियंत्रित होकर बस के सामने आई कार, उड़े परखच्चे

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Mahalakshmi Temple, Kolhapur, Karad Accident, Maharashtra Accident, Satara
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com