UP News: भदोही के पूर्व विधायक व बाहुबली विजय मिश्रा के खिलाफ पुलिस ने गैंगस्टर एक्ट के तहत बड़ी कार्रवाई की है. जिला मजिस्ट्रेट के आदेश पर महाराष्ट्र के धाराशिव जिले में स्थित उनकी 100.25 करोड़ रुपये की दाल मिल को कुर्क कर लिया गया. दाल मिल लल्ली एग्रो इंडस्ट्रीज के नाम से संचालित हो रही थी. पुलिस के अनुसार, यह संपत्ति अपराध से अर्जित अवैध धन से बनाई गई थी. वहीं दामाद के नाम से विजय मिश्र द्वारा संपत्ति का क्रय करने का आरोप है. भदोही जिला प्रशासन की टीम ने महाराष्ट्र के धाराशिव में जाकर संपत्ति जब्त की.
भदोही जिला प्रशासन ने कार्रवाई की
मंगलवार को पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और कुर्की की पूरी प्रक्रिया पूरी की. पुलिस के मुताबिक, विजय मिश्र और उनके गैंग की आर्थिक गतिविधियों की जांच के दौरान इस दाल मिल का पता चला. वहीं मिल का संचालन विजय मिश्र के दामाद के नाम से किया जा रहा था.
विजय मिश्र पर 70 से अधिक मुकदमे दर्ज
पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक, विजय मिश्र के खिलाफ 70 से अधिक मुकदमे दर्ज हैं. हत्या, रंगदारी, गैंगस्टर एक्ट जैसे संगीन मामलों के अलावा उस पर वाराणसी की एक गायिका से दुष्कर्म करने का भी आरोप है. फिलहाल वो आगरा जेल में बंद हैं. वहीं सात मामलों में उन्हें दोषी ठहराया जा चुका है. इसी साल एक अदालत ने विजय मिश्र,जीत नारायण, संतराम और बलराम को दोषी करार देते हुए 10-10 साल के कठोर कारावास की सजा सुनाई थी. बता दें कि पूर्व विधायकके खिलाफ अवैध संपत्तियों पर कार्रवाई जारी है.
ये भी पढ़ें: आगरा, अलीगढ़ के बीच बसेगा नया शहर, यमुना एक्सप्रेसवे पर नोएडा एयरपोर्ट से नजदीक, NCR से होगा कनेक्ट
ये भी पढ़ें: तेलंगाना: पत्नी ने पति को लगा दिया टॉयलेट क्लीनर वाला इंजेक्शन, मौत; पहले छत से दिया था धक्का
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं