विज्ञापन

विदिशा में 2600 लोगों की जांच में 586 में कैंसर या उसके लक्षण, आंकड़े देख केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह ने किया बड़ा ऐलान 

विदिशा मेडिकल कॉलेज में आयोजित कैंसर स्क्रीनिंग अभियान में करीब 2600 लोगों की जांच में 586 लोगों में कैंसर या इससे जुड़े लक्षण पाए गए हैं. इनमें सबसे अधिक मामले मुंह के कैंसर हैं. केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने आंकड़ों पर चिंता जताई और एक बड़े जनआंदोलन का ऐलान किया.

विदिशा में 2600 लोगों की जांच में 586 में कैंसर या उसके लक्षण, आंकड़े देख केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह ने किया बड़ा ऐलान 
विदिशा में आयोजित कैंसर स्क्रीनिंग अभियान में शामिल हुए केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान.

मध्य प्रदेश के विदिशा में आयोजित कैंसर स्क्रीनिंग अभियान के चौंकाने वाले आंकड़े सामने आए हैं. करीब 2600 लोगों की जांच में 586 लोगों में कैंसर या कैंसर संबंधी गंभीर लक्षण पाए गए हैं. इन आंकड़ों ने स्वास्थ्य विशेषज्ञों और प्रशासन दोनों की चिंता बढ़ा दी है. इस आंकडे को देखते हुए केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कैंसर और नशे के खिलाफ बड़ा जनआंदोलन छेड़ने का ऐलान किया है. उन्होंने कहा- कैंसर के बढ़ते मामले बेहद चिंताजनक हैं, इससे लड़ने के लिए पूरे समाज को आगे आना होगा. 

सबसे अधिक मामले मुंह के कैंसर के सामने आए

दरअसल, विदिशा मेडिकल कॉलेज में आयोजित विशाल कैंसर स्क्रीनिंग शिविर में लगभग 2600 लोगों की जांच की गई. जांच के दौरान 586 लोगों में कैंसर या कैंसर संबंधी गंभीर लक्षण पाए गए. अभी कई नमूनों की रिपोर्ट भी आना बाकी है. केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि जांच में सामने आए आंकड़े बेहद चिंताजनक हैं. उन्होंने बताया कि सबसे अधिक मामले मुंह के कैंसर के सामने आए हैं, जो मुख्य रूप से तंबाकू और नशे के सेवन से जुड़े हैं. उन्होंने तंबाकू सेवन करने वाले लोगों से जांच कराने और नशे से दूर रहने की अपील की. 

ये भी पढ़ें- मोटापे से कैंसर तक, मेडिकल साइंस की 5 नई खोजें जो बदल सकती हैं इलाज का तरीका

शिवराज ने की आंदोलन शुरू करने की घोषणा 

शिवराज सिंह चौहान ने कहा- केवल सरकार के प्रयासों से नशे की समस्या खत्म नहीं होगी. इसके लिए समाज, परिवार और विशेष रूप से माताओं और बेटियों को आगे आना होगा. इस दौरान उन्होंने नशा मुक्ति के लिए एक व्यापक सामाजिक आंदोलन शुरू करने की घोषणा की. उन्होंने कहा- सोशल मीडिया के माध्यम से नशा मुक्ति अभियान की शुरुआत की जा रही है. इसके लिए एक विशेष नंबर जारी किया गया है, जिस पर मिस्ड कॉल देकर लोग इस जनआंदोलन से जुड़ सकते हैं और नशा मुक्त समाज बनाने में अपनी भूमिका निभा सकते हैं. 

अवैध शराब की बिक्री रोकने आगे आए युवा और महिलाएं 

केंद्रीय मंत्री चौहान ने अवैध शराब कारोबार पर भी कड़ा संदेश दिया. उन्होंने कहा कि गांव-गांव में अवैध शराब की बिक्री रोकने के लिए युवाओं और महिलाओं को आगे आना होगा, जो लोग इस कारोबार में लगे हैं, वे इसे छोड़ दें, सरकार उनके लिए वैकल्पिक रोजगार उपलब्ध कराने का प्रयास करेगी.

ये भी पढ़ें-  पैनक्रियाटिक कैंसर के खिलाफ बड़ी कामयाबी, नई दवा से दोगुनी होगी मरीजों की उम्र

सर्वाइकल कैंसर बड़ी चुनौती 

शिवराज सिंह चौहान ने महिलाओं में तेजी से बढ़ रहे सर्वाइकल कैंसर को देश की बड़ी स्वास्थ्य चुनौतियों में से एक बताया. उन्होंने कहा कि हर वर्ष हजारों महिलाओं की मौत इस बीमारी के कारण होती है. उन्होंने बताया कि विशेषज्ञों के अनुसार, एचपीवी संक्रमण इसके प्रमुख कारणों में से एक है. एचपीवी वैक्सीन लगवाने से इससे बचा जा सकता है. 

ये भी पढ़ें-  मास्टरशेफ पंकज भदौरिया को हुआ ब्रेस्ट कैंसर, डॉक्टर से जानें शुरुआती लक्षण, कारण और बचाव

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com