विज्ञापन

मास्टरशेफ पंकज भदौरिया को हुआ ब्रेस्ट कैंसर, डॉक्टर से जानें शुरुआती लक्षण, कारण और बचाव

​Breast Cancer Prevention Tips: हाल ही में पंकज भदौरिया ने अपने इंस्टाग्राम हैंडल पर एक पोस्ट डाला और लिखा, "मुझे ब्रेस्ट कैंसर हुआ है. मुझे आपकी दुआओं और सपोर्ट की जरूरत है. इस आर्टिकल में डॉक्टर से जानें क्यों महिलाओं में बढ़ रही है ये बीमारी.

मास्टरशेफ पंकज भदौरिया को हुआ ब्रेस्ट कैंसर, डॉक्टर से जानें शुरुआती लक्षण, कारण और बचाव
Breast Cancer: ब्रेस्ट कैंसर से बचाव के लिए क्या करें.

टीवी की दुनिया का बेहद जाना-माना नाम और 'मास्टरशेफ इंडिया' सीजन 1 की विनर पंकज भदौरिया (Pankaj Bhadouria) को लेकर एक बेहद भावुक करने वाली खबर सामने आई है. अपने स्वाद और अनोखे अंदाज से करोड़ों दिलों को जीतने वाली पंकज भदौरिया इस समय एक बड़ी बीमारी से जंग लड़ रही हैं. उन्हें ब्रेस्ट कैंसर हुआ है. ​पंकज भदौरिया ने खुद सोशल मीडिया के जरिए अपने फैंस के साथ यह बात शेयर की है. उन्होंने अपने इंस्टाग्राम हैंडल पर एक पोस्ट डाला और लिखा, "मुझे ब्रेस्ट कैंसर हुआ है. मुझे आपकी दुआओं और सपोर्ट की जरूरत है.  तो चलिए (डॉ. रुचि सिंह फरीदाबाद में रेडिएशन ऑन्कोलॉजी की एचओडी और सीनियर कंसलटेंट) से जानते हैं आखिर क्यों इस उम्र में महिलाओं को बढ़ जाता है ब्रेस्ट कैंसर का खतरा.

​आखिर क्या होता है ब्रेस्ट कैंसर?

बहुत ही आसान शब्दों में कहें तो, ब्रेस्ट कैंसर तब होता है जब ब्रेस्ट (स्तन) के अंदर की कुछ कोशिकाएं यानी सेल्स अचानक से अजीब तरीके से बढ़ने लगती हैं और उन पर शरीर का कोई कंट्रोल नहीं रहता. ये बढ़ते-बढ़ते एक गांठ या ट्यूमर का रूप ले लेती हैं. ​अगर सही समय पर इस बीमारी का पता न चले और इसका इलाज न कराया जाए, तो ये खतरनाक सेल्स धीरे-धीरे शरीर के बाकी हिस्सों में भी फैलने लगते हैं. ये पहले पास के लिंफ नोड्स (ग्रंथियों) में जाते हैं और फिर खून के जरिए शरीर के दूसरे अंगों तक पहुंच जाते हैं. 

​किसे होता है इसका खतरा?

ब्रेस्ट कैंसर पुरुषों और महिलाओं दोनों को हो सकता है. लेकिन महिलाओं में इसका खतरा बहुत ज्यादा होता है. 

ब्रेस्ट कैंसर के शुरुआती लक्षण-

  • गांठ या सूजन 
  • स्किन में बदलाव 
  • निप्पल का उलटना 
  • निप्पल से स्राव 
  • स्किन का लाल होना

​50 साल से ज्यादा उम्र की महिलाओं को क्यों है ज्यादा खतरा?

  • डॉक्टर के अनुसार जैसे-जैसे महिलाओं की उम्र बढ़ती है, खासकर 50 साल के पार, वैसे-वैसे ब्रेस्ट कैंसर होने का खतरा काफी ज्यादा बढ़ जाता है. इसके पीछे कई मुख्य वजहें हैं-
  • ​बढ़ती उम्र और सेल्स में बदलाव- जैसे-जैसे शरीर बूढ़ा होता है, हमारे शरीर के सेल्स में गड़बड़ी होने के चांस बढ़ जाते हैं. सालों तक शरीर में होने वाले बदलावों के कारण कैंसर होने का रिस्क बढ़ जाता है.
  • ​हार्मोनल बदलाव- 50 की उम्र के आस-पास ज्यादातर महिलाओं का मेनोपॉज (पीरियड्स बंद होना) हो जाता है. इस दौरान शरीर में एस्ट्रोजन और प्रोजेस्टेरोन जैसे हार्मोन्स का लेवल बदलता है, जो कई बार कैंसर सेल्स को बढ़ाने में मदद कर सकता है.
  • ​लाइफस्टाइल और वजन- उम्र बढ़ने के साथ फिजिकल एक्टिविटी कम हो जाती है और वजन बढ़ने लगता है. मोटापा भी ब्रेस्ट कैंसर के बड़े कारणों में से एक है.

​बचाव के लिए क्या करें?

डॉक्टर के अनुसार इस बीमारी से बचने का सबसे अच्छा तरीका है 'जल्द पहचान'. 40 से 50 साल की उम्र पार करने के बाद हर महिला को साल में कम से कम एक बार मैमोग्राफी (एक तरह का एक्स-रे) जरूर करवानी चाहिए. इसके अलावा, महिलाओं को खुद भी समय-समय पर अपने शरीर की जांच (सेल्फ एग्जामिनेशन) करते रहना चाहिए. अगर ब्रेस्ट में किसी भी तरह की गांठ, दर्द या स्किन में बदलाव दिखे, तो तुरंत डॉक्टर से संपर्क करना चाहिए.

डॉ. रुचि सिंह वर्तमान में एशियन इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज (Asian Institute of Medical Sciences), फरीदाबाद में रेडिएशन ऑन्कोलॉजी की एचओडी और सीनियर कंसलटेंट के रूप में कार्यरत हैं.

ये भी पढ़ें-  सिर्फ टेस्ट नहीं, सेहत का खजाना है अनानास, जानें हीट स्ट्रोक बचाव से लेकर पीरियड्स तक के फायदे

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com