उज्जैन के महाकाल मंदिर क्षेत्र में फायर सेफ्टी जांच करने पहुंची नगर निगम की टीम के एक अधिकारी के साथ मारपीट हो गई. आरोप है कि एक होटल कारोबारी के बेटे ने जांच का विरोध करते हुए अधिकारी को सबके सामने थप्पड़ जड़ दिए. घटना का सीसीटीवी वीडियो भी सामने आया है, जिसके बाद मामला चर्चा में आ गया. नगर निगम की शिकायत पर पुलिस ने शासकीय कार्य में बाधा सहित विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है.
फायर सेफ्टी जांच के दौरान हुआ विवाद
हाल के दिनों में आगजनी की घटनाओं को देखते हुए नगर निगम का अग्निशमन विभाग महाकाल मंदिर क्षेत्र के होटलों और धर्मशालाओं में फायर सेफ्टी व्यवस्थाओं की जांच कर रहा है. इसी अभियान के तहत बुधवार को फायर अधिकारी लक्ष्मण प्रसाद साहू अपनी टीम के साथ जयसिंहपुरा स्थित मां पीताम्बरा होटल रेजीडेंसी पहुंचे थे. यहां वे फायर एनओसी, फायर ऑडिट रिपोर्ट और अन्य सुरक्षा इंतजामों की जांच कर रहे थे.
होटल संचालक के बेटे पर हमला करने का आरोप
जांच के दौरान होटल संचालक मनोहरलाल अरोन्या का पुत्र विकास वहां पहुंच गया. आरोप है कि उसने जांच का विरोध शुरू कर दिया और फायर अधिकारी से कहासुनी करने लगा. विवाद बढ़ने पर उसने अधिकारी का पहचान पत्र छीन लिया और उनके साथ मारपीट कर दी. सामने आए सीसीटीवी फुटेज में भी आरोपी अधिकारी को थप्पड़ मारते हुए दिखाई दे रहा है.
सरकारी सामान को भी पहुंचाया नुकसान
शिकायत के अनुसार, मारपीट के दौरान आरोपी ने रिसेप्शन पर रखा वायरलेस सेट, कार्बन पेपर और अन्य सरकारी दस्तावेज उठाकर बाहर फेंक दिए. इससे वायरलेस सेट क्षतिग्रस्त हो गया. घटना के बाद मौके पर कुछ देर तक अफरा-तफरी का माहौल बना रहा.
फायर अधिकारी लक्ष्मण प्रसाद साहू का कहना है कि आरोपी ने उन्हें लगातार चार थप्पड़ मारे. इस हमले में उनके चेहरे, सिर और बाईं आंख में चोट आई. घटना के बाद उन्होंने वरिष्ठ अधिकारियों को पूरी जानकारी दी और पुलिस में शिकायत दर्ज कराई.
पुलिस ने दर्ज किया मामला
महाकाल थाना पुलिस ने नगर निगम अधिकारी की शिकायत पर आरोपी विकास के खिलाफ शासकीय कार्य में बाधा पहुंचाने समेत विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है. पुलिस का कहना है कि आरोपी की तलाश की जा रही है और उसे जल्द गिरफ्तार किया जाएगा.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं