अपने बयानों और अनोखे अंदाज के लिए अक्सर सुर्खियों में रहने वाले पिछोर विधानसभा से भाजपा विधायक प्रीतम सिंह लोधी (Pritam Singh Lodhi) एक बार फिर चर्चा में हैं इस बार वजह उनका कोई आक्रामक बयान नहीं, बल्कि सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा एक वीडियो है. वीडियो में दिख रहा है कि जब क्षेत्र की जनता ने विधायक जी के सामने पानी, बिजली और सड़क जैसी बुनियादी समस्याओं का अंबार लगा दिया, तो भारी-भरकम दावों के बीच से विधायक के पास जनता के लिए सिर्फ 'एक छोटी बोतल पानी' निकला.
क्या है पूरा मामला?
दरअसल, विधायक प्रीतम सिंह लोधी अपने विधानसभा क्षेत्र के दौरे पर थे. इसी दौरान ग्रामीणों ने उनके काफिले को रोक लिया. ग्रामीणों ने विधायक को घेरकर क्षेत्र में लंबे समय से चली आ रही पानी की किल्लत, खराब सड़कों और बिजली कटौती की गंभीर समस्याओं से अवगत कराया. जनता अपनी मांगें रख ही रही थी कि इसी बीच विधायक प्रीतम सिंह लोधी ने अपनी गाड़ी में से पानी की एक छोटी सी बोतल निकाली और उसे ग्रामीणों की तरफ बढ़ाते हुए कहा कि उनके पास फिलहाल यही है.
तंज या मजबूरी...?
जहां एक तरफ जनता बुनियादी सुविधाओं के अभाव में प्यासी और परेशान है, वहीं विधायक जी समस्या के समाधान के बजाय एक बोतल पानी बढ़ाए जाने को लेकर अब सोशल मीडिया पर तरह-तरह के मीम्स और कमेंट्स तैर रहे हैं.
'250 किलो का हाथ' बनाम 'एक बोतल पानी'
यह वीडियो इसलिए भी ज्यादा वायरल हो रहा है, क्योंकि कुछ समय पहले ही प्रीतम सिंह लोधी का एक और बयान सुर्खियों में था, जिसमें उन्होंने फिल्मी अंदाज में अपने हाथ को '250 किलो का हाथ' बताया था. अब सोशल मीडिया यूजर्स चुटकी लेते हुए लिख रहे हैं, "हाथ भले ही 250 किलो का हो, लेकिन जब जनता ने हक मांगा तो गाड़ी से सिर्फ एक बोतल पानी ही नसीब हुआ."
विवादों से पुराना नाता
यह कोई पहली बार नहीं है जब प्रीतम सिंह लोधी अपने किसी कारनामे या बयान को लेकर चर्चा में हैं. इसके पहले भी वे ब्राह्मणों और कथावाचकों पर विवादित टिप्पणी कर चुके हैं (जिसके बाद उन्हें पार्टी से निष्कासित भी होना पड़ा था और बाद में वापसी हुई). पटवारियों और अधिकारियों को सरेआम मंच से धमकी देने के मामलों में घिरे रहे हैं. अपने क्षेत्र में कथित तौर पर अधिकारियों को 'उल्टा लटकाने' जैसे बयानों के लिए जाने जाते हैं.
विपक्ष को मिला बैठे-बिठाए मुद्दा
चुनावी माहौल और क्षेत्र में विकास कार्यों के दावों के बीच इस वीडियो ने विपक्ष को भी हमलावर होने का मौका दे दिया है. स्थानीय कांग्रेस नेताओं का कहना है कि यह वीडियो भाजपा के 'विकास के दावों' की पोल खोलता है. जब जनता पीने का पानी मांग रही है, तो जनप्रतिनिधि मजाक के अंदाज में एक बोतल पानी थमा रहे हैं. फिलहाल इस वायरल वीडियो पर विधायक प्रीतम सिंह लोधी या उनके समर्थकों की तरफ से कोई आधिकारिक सफाई सामने नहीं आई है, लेकिन सोशल मीडिया पर यह वीडियो जमकर धमाल मचा रहा है.
ये भी पढ़ें: MP: प्राइवेट कॉलेजों में कलेक्टर की सख्ती भी बेअसर, बायोमेट्रिक लागू कराने का प्रस्ताव 6 माह से फाइलों में कैद
ये भी पढ़ें: Monsoon: एक जगह रुका मानसून, MP के 40 जिलों में नहीं पहुंचा, आधे छत्तीसगढ़ को भी इंतजार, क्या कह रहा मौसम विभाग
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं