विज्ञापन

हेलमेट चेकिंग के दौरान दारोगा ने युवक के साथ की गाली-गलौज, TI ने जड़ा थप्पड़, VIDEO वायरल

आरोप है कि हेलमेट चेकिंग के दौरान दरोगा ने युवक के साथ गाली-गलौज की. इसके बाद सिटी कोतवाली थाना प्रभारी मनीष सिंघल भी मौके पर पहुंच गए और उन्होंने युवक को थप्पड़ मारा.

हेलमेट चेकिंग के दौरान दारोगा ने युवक के साथ की गाली-गलौज, TI ने जड़ा थप्पड़, VIDEO वायरल
युवक को थप्पड़ मारते सिटी कोतवाली थाना प्रभारी.

मध्य प्रदेश के सागर शहर में पुलिस की कार्यप्रणाली एक बार फिर सवालों के घेरे में आ गई है. सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र के कटरा बाजार में हेलमेट चेकिंग के दौरान पुलिसकर्मियों द्वारा एक युवक के साथ अभद्रता और मारपीट का मामला सामने आया है. घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें पुलिस अधिकारी युवक को गंदी-गंदी गालियां देते और थप्पड़ मारते दिखाई दे रहे हैं.

युवक को दारोगा ने दी गाली

जानकारी के मुताबिक, शहर के कटरा बाजार इलाके में शाम के समय पुलिस द्वारा वाहन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था. इस दौरान बिना हेलमेट लगाए एक युवक को पुलिस ने रोक लिया. आरोप है कि युवक के रुकते ही वहां मौजूद दारोगा का गुस्सा फूट पड़ा और उन्होंने युवक को गालियां देना शुरू कर दिया. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, पुलिसकर्मी का व्यवहार देखकर युवक भी आक्रोशित हो गया और उसने विरोध जताया. देखते ही देखते दोनों पक्षों के बीच तीखी बहस शुरू हो गई. मौके पर मौजूद लोगों ने बीच-बचाव करने की कोशिश की, लेकिन मामला लगातार बढ़ता गया.

थाना प्रभारी ने युवक को जड़ा थप्पड़

इसी दौरान सिटी कोतवाली थाना प्रभारी मनीष सिंघल भी मौके पर पहुंच गए. वायरल वीडियो में थाना प्रभारी युवक को थप्पड़ मारते नजर आ रहे हैं. घटना के बाद वहां मौजूद लोगों की भीड़ जमा हो गई और किसी ने पूरे घटनाक्रम का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया.

वीडियो सामने आने के बाद पुलिस की कार्यशैली को लेकर लोगों में नाराजगी देखने को मिल रही है. सोशल मीडिया पर लोग सवाल उठा रहे हैं कि आखिर मामूली ट्रैफिक नियम उल्लंघन पर पुलिस को इस तरह गाली-गलौज और मारपीट करने का अधिकार किसने दिया. कई लोगों ने पुलिस के व्यवहार को खाकी की गुंडागर्दी बताया है.

कार्रवाई की मांग

वहीं, कुछ लोग यह भी कह रहे हैं कि ट्रैफिक नियमों का पालन करवाना पुलिस की जिम्मेदारी है, लेकिन कानून का पालन करवाने के नाम पर आम लोगों के साथ अपमानजनक व्यवहार करना गलत है. वायरल वीडियो के बाद मामले ने तूल पकड़ लिया है और लोग संबंधित पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई की मांग कर रहे हैं. हालांकि, इस पूरे मामले में अभी तक पुलिस विभाग की ओर से कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है, लेकिन वीडियो वायरल होने के बाद यह मामला शहरभर में चर्चा का विषय बना हुआ है.

ये भी पढ़ें: Twisha Sharma Case: समर्थ से पुराने रिश्ते की जानकारी जुटा रही CBI, मां-बेटों के जवाबों में दिखा विराधाभास

ये भी पढ़ें: छतरपुर: डंडे से पीट-पीटकर पति की हत्या, खुद थाने पहुंची महिला, बोली- 'इतना पीटा कि मर गया'

ये भी पढ़ें: श्योपुर किसान हत्याकांड: कराहल TI-तहसीलदार पर गिरी गाज, जिला प्रभारी ने किया सस्पेंड

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com