विज्ञापन

Madhya Pradesh Premier League: एमपीएल में सबसे महंगे बिके आशुतोष शर्मा! पहले दिन 244 खिलाड़ी नीलाम

मध्यप्रदेश क्रिकेट लीग (MPL) 2026 का ऑक्शन इंदौर में संपन्न हुआ. पहले दिन 244 खिलाड़ियों की नीलामी हुई, जिसमें आशुतोष शर्मा 15 लाख रुपये में सबसे महंगे खिलाड़ी बने. ग्रेड‑ए खिलाड़ियों को लेकर टीमों में कड़ी प्रतिस्पर्धा दिखी.

Madhya Pradesh Premier League: एमपीएल में सबसे महंगे बिके आशुतोष शर्मा! पहले दिन 244 खिलाड़ी नीलाम

MPL Auction 2026: मध्य प्रदेश प्रीमियर लीग (MPL) के तीसरे सीजन का आगाज जोरदार तरीके से हो चुका है. इंदौर के ब्रिलियंट कन्वेंशन सेंटर में आयोजित पहले ऑक्शन डे ने क्रिकेट प्रेमियों और फ्रेंचाइजी मालिकों के बीच खासा उत्साह पैदा कर दिया. पहले ही दिन 244 खिलाड़ियों की नीलामी हुई, जिसमें सबसे ज्यादा चर्चा आशुतोष शर्मा की रही, जो इस सीजन के सबसे महंगे खिलाड़ी बने.

दरअसल, एमपीएल सीजन‑3 के लिए खिलाड़ियों की नीलामी प्रक्रिया मंगलवार को इंदौर में पूरी हुई. इस ऑक्शन में 10 पुरुष टीमों के लिए खिलाड़ियों का चयन किया गया. लंबे समय से इंतजार कर रहे फ्रेंचाइज़ी मालिकों ने अपनी‑अपनी टीम को मजबूत करने के लिए खुलकर बोली लगाई.

ग्रेड‑ए खिलाड़ियों को लेकर कड़ा मुकाबला

ऑक्शन के दौरान एमपीएल के ग्रेड‑ए खिलाड़ियों को लेकर जबरदस्त प्रतिस्पर्धा देखने को मिली. वेंकटेश अय्यर, रजत पाटीदार, अनिकेत वर्मा और आशुतोष शर्मा जैसे नामों पर सभी टीमों की नजर बनी हुई थी. इन खिलाड़ियों को अपनी टीम में शामिल करने के लिए फ्रेंचाइजी मालिकों के बीच लगातार बोली बढ़ती रही.

सबसे महंगे खिलाड़ी बने आशुतोष शर्मा

एमपीएल ऑक्शन में पहली बार शामिल हुए आईपीएल दिल्ली डेयरडेविल्स के स्टार खिलाड़ी आशुतोष शर्मा पर सबसे ज्यादा दांव लगे. आखिरकार मालवा स्टॉलियंस ने 15 लाख रुपये की बोली लगाकर उन्हें अपनी टीम में शामिल किया. इसके साथ ही आशुतोष शर्मा इस सीजन के सबसे महंगे खिलाड़ी बन गए.

अन्य खिलाड़ियों पर भी जमकर लगी बोली

आशुतोष शर्मा के बाद अक्षत रघुवंशी 13 लाख 80 हजार रुपये, अनिकेत वर्मा 13 लाख 20 हजार रुपये, शिवांग कुमार 13 लाख रुपये और मंगेश यादव 12 लाख रुपये में बिके. वहीं, माधव तिवारी को 10 लाख 60 हजार रुपये में चुना गया. रॉयल निमाड़ ईगल्स ने सारांश जैन को 9 लाख 60 हजार रुपये में अपनी टीम का हिस्सा बनाया. इस तरह पहले दिन सैकड़ों खिलाड़ियों की किस्मत का फैसला हुआ.

इस साल उतरेंगी 10 टीमें

एमपीएल के इस सीजन में टूर्नामेंट और बड़ा हो गया है. इस बार तीन नई पुरुष टीमें मालवा, निमाड़ और उज्जैन को शामिल किया गया है. इसके साथ ही महिला क्रिकेट को भी बढ़ावा देते हुए दो नई महिला टीमों का गठन किया गया है.

महानआर्यमन सिंधिया ने किया ऑक्शन का शुभारंभ

एमपीसीए अध्यक्ष महानआर्यमन सिंधिया ने ऑक्शन की औपचारिक शुरुआत की. उन्होंने फ्रेंचाइज़ी मालिकों और मौजूद सभी लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि एमपीएल अब मध्यप्रदेश के क्रिकेट टैलेंट को खोजने और आगे बढ़ाने का सबसे बड़ा मंच बन चुका है. उन्होंने बताया कि एमपीएल से निकले कई खिलाड़ी आईपीएल, डब्ल्यूपीएल और भारतीय टीम तक का सफर तय कर चुके हैं.

खिलाड़ियों को मिल रहा बेहतरीन मंच

महानआर्यमन सिंधिया ने कहा कि इस बार पहली बार ऑक्शन सिस्टम अपनाया गया है, जिससे फ्रेंचाइज़ी मालिकों को अपनी टीम मजबूत बनाने का पूरा मौका मिल रहा है. प्लेयर डेवलपमेंट प्रोग्राम के जरिए युवा खिलाड़ियों को सही प्लेटफॉर्म और बेहतर एक्सपोजर मिल रहा है, जिससे उनका आत्मविश्वास बढ़ रहा है.

चारू शर्मा ने संभाली ऑक्शन की कमान

ऑक्शन की पूरी प्रक्रिया को प्रसिद्ध स्पोर्ट्स एंकर चारू शर्मा ने संभाला. अपने अनुभव और प्रोफेशनल अंदाज़ से उन्होंने नीलामी को बेहद सहज और रोचक बनाया. उनके संचालन ने पूरे आयोजन को और भी प्रभावशाली बना दिया.

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com