IPL 2026 PBKS vs GT: आईपीएल 2026 का चौथा मुकाबला पंजाब किंग्स और गुजरात टाइटंस के बीच होना है. पंजाब के होम ग्राउंड पर होने वाला यह मैच ब्लॉकबस्टर होने की उम्मीद है क्योंकि दोनों टीमों में टॉप पर मौजूद धुरंधर मैच का नतीजा शुरुआती 6 ओवरों में ही तय कर सकते हैं. गुजरात और पंजाब की 6 बार टक्कर हुई है. 3 बार जहां बाजी पंजाब ने मारी है तो 3 बार नतीजा गुजरात के पक्ष में रहा. पंजाब को अब भी अपने पहली आईपीएल ट्रॉफी का इंतजार है तो दूसरी तरफ गुजरात, जो 2022 में लीग में आई थी, उसने खिताब भी जीत लिया है और प्लेऑफ में पहुंचने के मामले में पंजाब की बराबरी भी कर ली है. दोनों ही टीमें 2-2 बार फाइनल में पहुंची है, जबकि 3-3 बार प्लेऑफ में.
कप्तान बनाम कप्तान की दिलचस्प जंग
इस मुकाबले में दो कप्तान- शुभमन गिल और श्रेयस अय्यर पर भी नजरें होंगी. आईपीएल 2025 में शुभमन गिल सर्वाधिक रन बनाने वाले कप्तानों की सूची में टॉप पर थे, तो अय्यर इस लिस्ट में दूसरे स्थान पर थे. अय्यर ने पिछले सीजन 39 छक्के जड़े थे, जो उनकी बैटिंग तकनीक में बदलाव की ओर इशारा करते हैं.
यह भी पढ़ें: PBKS vs GT: आईपीएल के 2 सबसे बड़े सुपर स्टार कप्तान, दोनों टीम इंडिया से बाहर, जानें क्यों
ओपनर vs ओपनर की जंग
इस मुकाबले में पंजाब किंग्स की सलामी जोड़ी प्रभसिमरन सिंह- प्रियांश आर्य पर खास नजरें होंगी. पिछले सीजन प्रभसिमरन ने 347 रन बनाए थे जबकि प्रियांश आर्य ने 342. यह दोनों पिछले सीजन पावरप्ले में सर्वाधिक रन बनाने वाले खिलाड़ियों की सूची में तीसरे और चौथे स्थान पर थे. प्रभसिमन और प्रियांस ने पंजाब के लिए 9.6 की रन रेट से रन बनाए थे. यह आईपीएल में पंजाब के लिए किसी भी सलामी जोड़ी का सर्वश्रेष्ठ रन रेट है. प्रियांश आर्य, आईपीएल में बतौर ओपनर सबसे बेहतर स्ट्राइक रेट से रन बनाने वाले बल्लेबाजों की सूची में तीसरे स्थान पर है. बतौर ओपनर उनका स्ट्राइक रेट 179 का है.
बात अगर गुजरात टाइटंस की करें तो उनके ओपनर भी पीछे नहीं है. गुजरात के टॉप-3 बल्लेबाजों ने पिछले सीजन 1967 रन बनाए थे, जबकि बाकी बल्लेबाजों ने 799 रन ठोके थे. गुजरात आईपीएल 2025 में टॉप ऑर्डर बल्लेबाजों में, सबसे बेहतर औसत के मामले में पहले स्थान पर रही. गुजरात के शीर्ष क्रम ने पिछले सीजन 53.2 की औसत से रन बनाए थे.
गुजरात के लिए साई सुदर्शन के बल्ले से आईपीएल 2025 में 15 पारियों में 759 रन आए थे, जबकि शुभमन गिल ने 650 रन ठोके. गिल का स्ट्राइक रेट 156 का रहा, जबकि सुदर्शन का 156 का. सुदर्शन पिछले सीजन लीग में सर्वाधिक रन बनाने वाले बल्लेबाज थे. आईपीएल में ओपनिंग विकेट के लिए किसी भी सलामी जोड़ी में सबसे बेहतर औसत साई सुदर्शन और शुभमन गिल की जोड़ी का है. साई सुदर्शन-शुभमन गिल की जोड़ी ने 18 पारियों में 1240 रन ठोके हैं. पिछले सीजन शुरुआती 6 ओवर में सर्वाधिक रन बनाने वाले बल्लेबाज साई सुदर्शन थे, जबकि प्रभसिमरन सिंह तीसरे स्थान पर थे.
हालांकि, यह सीजन अलग है और चुनौतियां भी अलग होंगी. शुभमन गिल पर जहां प्रेशर होगा खुद को साबित करने का तो अय्यर टीम में अपनी जगह बनाने के लिए पूरा जोर लगाएंगे. इसके अलावा प्रभसिमरन सिंह और प्रियांश आर्य की नजरें भी एक बेहतरीन सीजन के बाद टीम इंडिया का दरवाजा खटखटाने की है. वहीं साई सुदर्शन है, जो आईपीएल प्रदर्शन के बाद, टीम इंडिया में जगह बनाने में सफल रहे, लेकिन कोई छाप नहीं छोड़ पाए, उनकी कोशिश भी एक शानदार सीजन की होगी.
यह भी पढ़ें: PBKS vs GT: न्यू चंडीगढ़ की पिच क्या असर दिखाएगी, गेंदबाज बरपाएंगे कहर या बल्लेबाज मचाएंगे तहलका
यह भी पढ़ें: PBKS vs GT: न्यू चंडीगढ़ की पिच क्या असर दिखाएगी, गेंदबाज बरपाएंगे कहर या बल्लेबाज मचाएंगे तहलका
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं