विज्ञापन

बकरी चोरों को पकड़ने गई पुलिस टीम पर हमला, रिवॉल्वर छीनकर फरार हुए आरोपी

शहडोल संभाग के अनूपपुर जिले में बकरी तस्करों को पकड़ने गई पुलिस टीम पर हमला किया गया. हमलावरों ने चौकी प्रभारी से सर्विस रिवॉल्वर छीन ली और जंगल की ओर फरार हो गए. घटना में चौकी प्रभारी गंभीर रूप से घायल हुए हैं और उनका इलाज शहडोल जिला अस्पताल में जारी है.

बकरी चोरों को पकड़ने गई पुलिस टीम पर हमला, रिवॉल्वर छीनकर फरार हुए आरोपी

Smugglers Attack MP Police: शहडोल संभाग में कानून-व्यवस्था को चुनौती देने वाली एक गंभीर घटना सामने आई है. बकरी तस्करों को पकड़ने गई पुलिस टीम पर तस्करों ने हमला कर दिया. हमलावरों ने चौकी प्रभारी से उनकी सर्विस रिवॉल्वर भी छीन ली और जंगल की ओर फरार हो गए. इस घटना में चौकी प्रभारी गंभीर रूप से घायल हुए हैं और उनका इलाज जिला अस्पताल में जारी है.

तस्करों को पकड़ने गई थी पुलिस टीम

यह घटना शहडोल जोन के अंतर्गत अनूपपुर जिले के करनपठार थाना क्षेत्र की है. सरई चौकी प्रभारी मंगला दुबे, हवलदार रामप्रसाद के साथ बकरी तस्करों की सूचना पर कार्रवाई करने पहुंचे थे. इसी दौरान तीन आरोपियों ने पुलिस टीम पर पत्थरों से हमला कर दिया.

मारपीट कर छीनी सर्विस रिवॉल्वर

हमलावरों ने चौकी प्रभारी और हवलदार के साथ जमकर मारपीट की. इसी बीच चौकी प्रभारी मंगला दुबे की सर्विस रिवॉल्वर छीनकर आरोपी बाइक से जंगल की ओर भाग निकले. अचानक हुए इस हमले से पुलिस टीम संभल भी नहीं पाई.

घायल चौकी प्रभारी का इलाज जारी

हमले में घायल चौकी प्रभारी मंगला दुबे को तुरंत शहडोल जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है. उनकी हालत फिलहाल स्थिर बताई जा रही है.

अज्ञात आरोपियों पर मामला दर्ज

घटना के बाद हवलदार रामप्रसाद की शिकायत पर थाना करनपठार में अज्ञात आरोपियों के खिलाफ बीएनएस की धाराओं 309/6, 121/1, 324/4 और 351/3(5) के तहत मामला दर्ज किया गया है. पुलिस आरोपियों की तलाश में लगातार दबिश दे रही है.

सांसद ने जताई चिंता

इस घटना पर शहडोल की सांसद हिमाद्रि सिंह का भी बयान सामने आया है. उन्होंने कहा कि पूरे मामले को लेकर उच्च अधिकारियों से चर्चा की जाएगी और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी.

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com