उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर से हैरान कर देने वाली घटना सामने आई है. चरथावल इलाके में एक बंदर घर के अंदर घुस गया और तीन महीने के मासूम बच्चे को करीब दो घंटे तक पकड़े बैठा रहा. बच्चा उस वक्त बेड पर अकेला लेटा था, तभी बंदर चुपचाप कमरे में आया और बच्चे के पास बैठकर उसे सहलाने और खेलने लगा. मौजूद लोगों को लगा कि जैसे वो उसे अपनी ही बच्चा समझ रहा हो.
जब परिजन कमरे में पहुंचे तो नजारा देखकर घबराहट मच गई. बंदर अचानक आक्रामक हो गया और पास आने वालों को काटने दौड़ने लगा. परिवार ने खाना देकर, डंडे से डराकर बच्चे को छुड़ाने की कोशिश की, लेकिन बंदर टस से मस नहीं हुआ.
इस पूरी घटना के दौरान बच्चा लगातार रोता रहा, लेकिन राहत की बात यह रही कि बंदर ने बच्चे को कोई नुकसान नहीं पहुंचाया. आखिरकार एनिमल रेस्क्यू टीम को बुलाया गया. रेस्क्यू करने वाले ने मोबाइल पर वाइल्ड लाइफ वीडियो दिखाकर बंदर का ध्यान भटकाया और उसी पल बच्चे को सुरक्षित बाहर निकाल लिया. घटना के बाद परिवार ने राहत की सांस ली और इलाके में दहशत का माहौल देखा गया.