Chitrakoot Mandakini River Boat Accident: धार्मिक नगरी चित्रकूट स्थित मंदाकिनी नदी के रामघाट पर बड़ा हादसा हो गया. शनिवार संध्याकालीन आरती के दौरान श्रद्धालुओं से भरी एक नाव अचानक पलट गई. जिसके बाद वहां अफरा-तफरी का माहौल बन गया. हादसे में नाव में सवार सभी लोग नदी में गिर गए, लेकिन मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों और स्थानीय लोगों की सतर्कता से सभी को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया.
अचानक पलटी नाव
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मध्य प्रदेश-उत्तर प्रदेश सीमा पर स्थित रामघाट में दिल्ली से आए श्रद्धालुओं का एक समूह आरती देखने के लिए नाव में सवार हुआ था. उत्तरप्रदेश ग्राम कटरा गुदर के रहने वाले नाव चालक रमेश केवट की नाव अचानक असंतुलित होकर पलट गई. नाव के पलटते ही घाट पर मौजूद लोगों में चीख-पुकार मच गई और स्थिति कुछ समय के लिए भयावह हो गई.
बाल-बाल बचे सभी श्रद्धालु
हादसे के तुरंत बाद ड्यूटी पर तैनात उत्तरप्रदेश पुलिस के सिपाही शिवम मिश्रा, रविंद्र राठौर, जंग बहादुर और लल्लू बिन्द ने बिना देर किए नदी में छलांग लगा दी. उन्होंने स्थानीय नाविकों और नागरिकों के सहयोग से सभी श्रद्धालुओं को एक-एक कर सुरक्षित बाहर निकाला.
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, पुलिस और स्थानीय लोगों की तत्परता ने एक बड़ा हादसा टाल दिया. बचाए गए श्रद्धालुओं में महिलाओं और बच्चों की संख्या भी शामिल थी. इनमें से एक महिला की पहचान नई दिल्ली की रहने वाली सुनीता प्रेहान के रूप में हुई है. अन्य श्रद्धालु भी उनके परिवार के सदस्य बताए जा रहे हैं. घटना के बाद रामघाट पर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े होने लगे हैं.
स्थानीय लोगों का कहना है कि आरती के समय यहां भारी भीड़ रहती है, ऐसे में नावों की संख्या, क्षमता और सुरक्षा मानकों की नियमित जांच अत्यंत आवश्यक है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं से बचा जा सके.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं