छत्तीसगढ़ के कवर्धा जिले में भारी बारिश के बीच एक बड़ा हादसा टल गया. पंडरिया ब्लॉक के ढोलढोली गांव में बाढ़ के पानी के बीच यात्रियों से भरा एक वाहन रपटे पर फंस गया. वाहन में करीब 25 लोग सवार थे. पानी का बहाव लगातार बढ़ रहा था और यात्रियों की चिंता भी बढ़ती जा रही थी. ऐसे में ग्रामीणों ने साहस और सूझबूझ दिखाते हुए ह्यूमन चेन बनाई और सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया. इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो भी सामने आया है.
सतीश पात्रे की रिपोर्ट...
बाढ़ के पानी में फंस गया था वाहन
जानकारी के मुताबिक, वनांचल क्षेत्र में पिछले कई दिनों से लगातार मूसलाधार बारिश हो रही है. बारिश के कारण आगर नदी का जलस्तर बढ़ गया और ढोलढोली रपटा के ऊपर से पानी बहने लगा. इसी दौरान यात्रियों से भरा एक वाहन रपटा पार करते समय बीच में फंस गया. देखते ही देखते स्थिति गंभीर हो गई और वाहन में बैठे लोगों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ने लगी.
ग्रामीणों ने दिखाई बहादुरी
घटना की जानकारी मिलते ही गांव के लोग मौके पर पहुंच गए. उन्होंने किसी भी तरह का जोखिम उठाने के बजाय संगठित तरीके से बचाव अभियान शुरू किया. ग्रामीणों ने ह्यूमन चेन बनाकर एक-दूसरे का हाथ थामा और धीरे-धीरे यात्रियों को वाहन से निकालकर सुरक्षित स्थान तक पहुंचाया. ग्रामीणों की तत्परता और समझदारी की वजह से सभी 25 लोगों की जान बच गई.
बारिश से बढ़ी मुश्किलें
स्थानीय लोगों के अनुसार, आगर नदी में हल्की बाढ़ आते ही ढोलढोली रपटा के ऊपर से पानी बहने लगता है. बरसात के मौसम में यह स्थिति अक्सर बनती है, जिससे आसपास के दर्जनों गांवों का संपर्क टूट जाता है. लगातार हो रही बारिश के कारण इस बार भी ग्रामीणों को आवागमन में काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है.
समय रहते ग्रामीणों द्वारा किए गए रेस्क्यू के चलते एक बड़ा हादसा टल गया. यदि बचाव कार्य में थोड़ी भी देरी होती, तो तेज बहाव के बीच स्थिति और खतरनाक हो सकती थी. घटना के बाद इलाके में ग्रामीणों की सराहना हो रही है.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं