विज्ञापन

बीजेपी विधायक प्रीतम लोधी को पार्टी ने थमाया नोटिस, तीन दिन में मांगा जवाब; जानें पूरा मामला

भाजपा ने शिवपुरी की पिछोर सीट से विधायक प्रीतम सिंह लोधी को उनके विवादित आचरण को लेकर नोटिस जारी किया है और तीन दिन में जवाब मांगा है. भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने भी विधायक के व्यवहार को अनुशासनहीन माना है.

बीजेपी विधायक प्रीतम लोधी को पार्टी ने थमाया नोटिस, तीन दिन में मांगा जवाब; जानें पूरा मामला

Pritam Lodhi Notice by BJP: भाजपा के भीतर अनुशासन को लेकर एक बड़ा कदम सामने आया है. शिवपुरी जिले की पिछोर विधानसभा सीट से विधायक प्रीतम सिंह लोधी को पार्टी ने नोटिस जारी किया है. पार्टी नेतृत्व ने उनके हालिया व्यवहार को अनुचित मानते हुए तीन दिन के भीतर जवाब देने को कहा है. इस पूरे मामले ने राजनीतिक के साथ‑साथ सामाजिक स्तर पर भी हड़कंप मचा दिया है.

पार्टी ने माना विधायक का आचरण अनुशासनहीन

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष के कार्यालय ने साफ तौर पर स्वीकार किया है कि बीते दिनों विधायक प्रीतम सिंह लोधी का आचरण ठीक नहीं था. इसी आधार पर पार्टी मुख्यालय से उन्हें नोटिस जारी किया गया है. प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने कम लेकिन सटीक शब्दों में नोटिस भेजते हुए यह साफ कर दिया है कि यदि जवाब संतोषजनक नहीं रहा, तो आगे की कार्रवाई हो सकती है.

तीन दिन में जवाब देने का अल्टीमेटम

पार्टी द्वारा दिए गए नोटिस में विधायक को तीन दिन का समय दिया गया है, ताकि वे अपने पक्ष में जवाब रख सकें. यह नोटिस सीधे पार्टी मुख्यालय से जारी हुआ है, जिससे साफ है कि मामला शीर्ष नेतृत्व की नजर में गंभीर है.

एसडीओपी को धमकी से बढ़ा विवाद

पूरा विवाद 16 अप्रैल की घटना से जुड़ा माना जा रहा है. उस दिन विधायक के बेटे की थार गाड़ी से हुई दुर्घटना के बाद पुलिस की कार्रवाई से नाराज होकर विधायक ने करैरा एसडीओपी आयुष जाखड़ को लेकर आपत्तिजनक भाषा का इस्तेमाल किया था. विधायक ने कथित तौर पर उनके घर में गोबर भर देने जैसी धमकी दी थी, जिससे प्रदेश भर की आईपीएस लॉबी नाराज हो गई.

आईपीएस एसोसिएशन ने सीएम को लिखा पत्र

इस बयान के बाद मध्य प्रदेश आईपीएस एसोसिएशन ने मुख्यमंत्री को पत्र लिखकर विधायक के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की. पुलिस अधिकारियों ने इसे प्रशासनिक अधिकारियों का अपमान और कानून-व्यवस्था को कमजोर करने वाला बताया.

Latest and Breaking News on NDTV

सामाजिक संगठनों का भी बढ़ता विरोध

राजनीतिक कार्रवाई के साथ‑साथ सामाजिक स्तर पर भी विधायक के खिलाफ नाराजगी सामने आई. शिवपुरी में भीम आर्मी से जुड़े लोगों ने सड़कों पर उतरकर विधायक के खिलाफ प्रदर्शन किया. वहीं सहरिया क्रांति संगठन से जुड़े आदिवासी समाज ने भी चेतावनी देते हुए आंदोलन की बात कही और विधायक के व्यवहार को समाज के लिए अपमानजनक बताया.

अब मीडिया पर लगाए आरोप

नोटिस मिलने के बाद प्रीतम सिंह लोधी के सुर कुछ बदले हुए नजर आ रहे हैं. पिछले कुछ घंटों से उन्होंने मीडिया पर आरोप लगाना शुरू कर दिया है. उनका कहना है कि मीडिया ने उनके बयानों को तोड़‑मरोड़कर पेश किया और मामले को बेवजह तूल दिया. हालांकि पार्टी और सामाजिक संगठनों का रुख अभी भी सख्त बना हुआ है.

अब सबसे बड़ा सवाल यह है कि पार्टी के नोटिस का जवाब विधायक क्या देते हैं. उनके जवाब के आधार पर ही तय होगा कि आगे पार्टी की ओर से कोई बड़ी कार्रवाई होती है या नहीं. 

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Pritam Lodhi Notice By BJP, BJP MLA Controversy Madhya Pradesh, Shivpuri BJP MLA News, IPS Association Protest MP, BJP Disciplinary Action, BJP Internal Dispute
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com