दाल हर भारतीय घर में लगभग रोज ही बनाई-खाई जाती है. अरहर, मूंग, मसूर से लेकर चना और उड़द की दाल न केवल खाने में स्वादिष्ट लगती हैं, बल्कि ये पेट पर हल्की भी होती हैं, साथ ही इनमें कई जरूरी पोषक तत्व भी होते हैं. ऐसे में लोग एक ही बार बाजार जाकर दाल खरीदकर लाते हैं और स्टॉक कर रख लेते हैं. लेकिन दाल को लंबे समय तक संभालकर रखना हमेशा आसान नहीं होता. कुछ समय बाद इसमें छोटे-छोटे कीड़े या घुन लगने लगते हैं. खासकर बारिश और नमी के मौसम में यह परेशानी और ज्यादा बढ़ जाती है. ऐसे में यहां हम आपको इस परेशानी से बचने का एक आसान नुस्खा बता रहे हैं.
दाल में घुन लगने से कैसे रोकें?
ये खास नुस्खा मास्टरशेफ पंकज भदौरिया ने अपने इंस्टाग्राम हैंडल पर शेयर किया है. इंस्टाग्राम पर एक वीडियो शेयर कर मास्टरशेफ बताती हैं, दाल को कीड़ों से बचाने के लिए अक्सर तेजपत्ता, लौंग या कपूर इस्तेमाल करने की सलाह दी जाती है, लेकिन इस सब के बाद भी कई बार दाल में घुन लग ही जाता है.
तो क्या करें?पंकज भदौरिया कहती हैं, तेजपत्ता, लौंग या कपूर की जगह आप दाल में केवल एक चम्मच नमक डालकर रख सकते हैं. मास्टरशेफ के मुताबिक, नमक डालकर रखने से दाल में घुन नहीं लगता है और ऐसे में दाल महीनों तक खराब नहीं होती है. यह तरीका बेहद आसान है और इसके लिए आपको बाजार से कोई खास चीज खरीदने की भी जरूरत नहीं पड़ती. ऐसे में आप भी इसे आजमाकर देख सकते हैं.
इन बातों का भी रखें ध्यान
- दाल को हमेशा एयरटाइट कंटेनर में स्टोर कर रखें. डिब्बे में नमी नहीं होनी चाहिए. नमी से घुन जल्दी लगता है.
- आप बाजार से दाल लाने के बाद उसे थोड़ी देर के लिए धूप में सुखा सकते हैं. इससे दाल की शेल्फ लाइफ बढ़ाई जा सकती है.
- अगर किसी पुरानी दाल में पहले से घुन या कीड़े लगे हैं, तो उसे नई दाल के साथ मिलाकर न रखें.
- साथ ही, दाल के डिब्बों को समय-समय पर चेक करते रहें. अगर किसी डिब्बे में छोटे कीड़े, जाला या अजीब गंध महसूस हो, तो उसे बाकी सामान से अलग कर दें.
यह भी पढ़ें- चूहों को बिना मारे घर से दूर कैसे भगाएं? इस तरीके से घर में एक भी चूहा नहीं आएगा नजर
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं