मुंह से बदबू आना ऐसी परेशानी है, जो कभी भी आपको दूसरों के सामने शर्मिंदा कर सकती है. अब, इसे छिपाने के लिए कई लोग च्युइंग गम, माउथ फ्रेशनर या माउथवॉश का इस्तेमाल करते हैं, लेकिन इनका असर कुछ ही समय के लिए रहता है. ऐसे में अगर आप कोई ऐसा तरीका ढूंढ रहे हैं, जो इस बदबू को हमेशा के लिए खत्म करने में असर दिखा सके, तो ये आर्टिकल आपके लिए मददगार हो सकता है. इसे लेकर फेमस आयुर्वेदिक डॉक्टर सलीम जैदी ने अपने यूट्यूब चैनल पर एक वीडियो शेयर किया है. वीडियो में उन्होंने मुंह की बदबू को दूर करने का ऐसा ही तरीका बताया है. आइए जानते हैं इसके बारे में-
मुंह से बदबू क्यों आती है?
डॉक्टर जैदी कहते हैं, मुंह की बदबू का सबसे बड़ा कारण मुंह में मौजूद बैक्टीरिया हो सकते हैं. दांतों के बीच फंसा खाना और जीभ पर जमा गंदगी इन बैक्टीरिया को बढ़ने का मौका देती है, जिससे बदबू भी बढ़ती रहती है.
क्या करें?इस बदबू को दूर करने के लिए डॉक्टर जैदी लौंग और दालचीनी से बने पानी से कुल्ला करने की सलाह देते हैं. इसके लिए-
- करीब 250 मिलीलीटर पानी में 4 से 5 लौंग को हल्का सा कूटकर डाल दें.
- इसके बाद पानी में 1 इंच दालचीनी का टुकड़ा डालें.
- अब, पानी को करीब 5 मिनट तक मीडियम फ्लेम पर उबालें.
- तय समय बाद गैस बंद कर दें और बर्तन को ढककर रख दें.
- जब पानी गुनगुना रह जाए, तब इसे छान लें.
वीडियो में डॉक्टर जैदी ने पानी से कुल्ला करने का भी सही तरीका बताया है. इसके लिए-
- एक घूंट पानी मुंह में लें और करीब 30 से 40 सेकंड तक इसे पूरे मुंह में अच्छी तरह घुमाएं.
- इसके बाद पानी को थोड़ा गले की तरफ ले जाकर करीब 20 सेकंड तक गार्गल करें. फिर पानी को थूक दें.
- इस तरह आप दिन में दो बार, सुबह ब्रश करने के बाद और रात में सोने से पहले इससे कुल्ला कर सकते हैं.
डॉक्टर जैदी बताते हैं, लौंग में यूजिनोल नाम का एक तत्व पाया जाता है. इसमें बैक्टीरिया के खिलाफ काम करने वाले गुण होते हैं. वहीं, दालचीनी में सिनेमल्डिहाइड नाम का तत्व होता है, जो भी बैक्टीरिया का सफाया करने में असर दिखा सकता है.
इन बातों का भी रखें ध्यान- बदबू को दूर करने के लिए डॉक्टर जैदी इस पानी के साथ कुल्ला करने से अलग रोज जीभ की अच्छी तरह सफाई करने की भी सलाह देते हैं.
- दिनभर पानी पीते रहें. मुंह का सूखापन भी बदबू बढ़ा सकता है.
- इन सब से अलग दांतों के बीच फंसा खाना साफ करने के लिए फ्लॉस का इस्तेमाल भी किया जा सकता है.
यह भी पढ़ें- दाल में घुन लगने से कैसे रोकें? ये एक सस्ती चीज डालने से महीनों तक नहीं होगी खराब
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं