विज्ञापन

Apple के आधे कटे सेब वाले Logo का नीम करौली बाबा से है कोई कनेक्शन? जानें क्या है सच

Apple Logo Neem Karoli Baba Connection: फिल्म हनुमान अंश के बाद से ही नीम करौली बाबा की कई दिलचस्प कहानियां लोगों की जुबान पर हैं, इसी बीच कुछ लोग स्टीव जॉब्स और उनसे जुड़े कुछ किस्से भी बताते हैं. इनमें Apple कंपनी के Logo वाली कहानी भी खूब चलती है.

Apple के आधे कटे सेब वाले Logo का नीम करौली बाबा से है कोई कनेक्शन? जानें क्या है सच
Apple के लोगो की कहानी

नीम करौली बाबा पर बनी फिल्म हनुमान अंश ने कमाई के तमाम रिकॉर्ड तोड़ दिए हैं. महज दो करोड़ के बजट में बनी ये फिल्म 100 करोड़ से ज्यादा की कमाई कर चुकी है. इसी बीच नीम करौली बाबा को लेकर भी कई तरह की कहानियां फिर से सामने आ रही हैं. हर कहानी काफी दिलचस्प है और उनके भक्तों के लिए काफी खास भी है. मशहूर टेक कंपनी Apple के फाउंडर स्टीव जॉब्स भी नीम करौली बाबा की तलाश में कैंची धाम आए, जिसके बाद उन्होंने कई दिनों तक भारत की यात्रा की और फिर वापस लौटकर दुनिया की सबसे बड़ी कंपनी खड़ी कर दी. स्टीव जॉब्स और नीम करौली बाबा को लेकर कई तरह के भ्रम भी खूब चर्चा में रहते हैं, जो फिल्म के बाद फिर से लोगों की जुबान पर हैं. इसमें एक कहानी Apple के मशहूर Logo को लेकर भी बताई जाती है. 

नीम करौली बाबा और Apple Logo का कनेक्शन

कई लोग जो कहानियां सुनाते हैं, उनमें ये कहा जाता है कि जब स्टीव जॉब्स भारत आए तो नीम करौली बाबा ने उन्हें एक कटा हुआ सेब दिया था, जिसके बाद उन्होंने अपनी कंपनी का लोगो भी यही रखा. कुछ लोग ये भी मानते हैं कि स्टीव जॉब्स को नीम करौली बाबा ने काफी प्रभावित किया था और बाबा को सेब खाना पसंद था, इसलिए एपल का लोगो भी यही रखा गया. हालांकि ये तमाम कहानियां सच्ची नहीं हैं. 

दरअसल 1974 में राम दास की आध्यात्मिक किताब 'बी हियर नाउ' (Be Here Now) को पढ़ने के बाद स्टीव जॉब्स ने भारत आने का फैसला किया. आध्यात्मिक ज्ञान के लिए वो सीधे नैनीताल के पास नीम करौली बाबा के आश्रम पहुंचे. हालांकि तब तक नीम करौली बाबा का निधन हो चुका था, ये सुनकर स्टीव निराश हुए, लेकिन उन्होंने बाबा के बारे में पढ़ा और फिर कई दिनों तक भारत की यात्रा की. यानी स्टीव जॉब्स की मुलाकात नीम करौली बाबा से नहीं हुई थी. 

ये है Logo बनने की असली कहानी

Forbes को दिए गए एक इंटरव्यू में Apple के मशहूर लोगो को डिजाइन करने वाले रॉब जैनॉफ ने इसके पीछे की पूरी कहानी बताई है. साल 1977 में स्टीव जॉब्स एक कंप्यूटर बना चुके थे और अपनी कंपनी खड़ी कर चुके थे, लेकिन उन्हें Apple Ink नाम की इस कंपनी के लिए एक लोगो की तलाश थी. इसके लिए 24 साल के आर्ट डायरेक्टर रॉब जैनॉफ (Rob Janoff) से संपर्क किया गया, जो  Regis McKenna नाम की ऐड एजेंसी में काम कर रहे थे. 

कंप्यूटर को लोगों के लिए आसान बनाने की कोशिश

रॉब जैनॉफ ने अपने इंटरव्यू में बताया कि जब स्टीव जॉब्स कंप्यूटर लेकर आए, तब कंप्यूटर को एक बड़ा और भारी यंत्र माना जाता था. ये एक ऐसी मशीन थी, जिसे भारी भरकम चीजों से बनाया गया था. स्टीव जॉब्स ने इसी को तोड़ने की कोशिश की और लोगों के घरों तक कंप्यूटर को पहुंचा दिया. ऐसे में स्टीव चाहते थे कि उनकी कंपनी का लोगो ऐसा हो, जिससे लोग सीधे कनेक्ट करें और ये उन्हें कोई बोझिल मशीन ना लगे. इसीलिए सेब यानी एप्पल को ही लोगो के तौर पर चुना गया.  

कुछ लोगों का ये भी कहना है कि सेब की शेप वाला आइडिया भी स्टीव जॉब्स ने ही दिया था, इस भ्रम को रॉब जैनॉफ ने अपने इंटरव्यू में तोड़ दिया. उन्होंने बताया कि, "स्टीव जॉब्स की तरफ से मुझे सिर्फ एक ही हिदायत मिली थी कि इसे बहुत ज्यादा बचकाना या क्यूट नहीं बनाना है."

सेब में कटा हुआ हिस्सा क्यों बनाया गया?

Apple कंपनी के लोगो के तौर पर पूरा सेब भी बनाया जा सकता था, लेकिन इसमें ऊपर का एक छोटा हिस्सा कटा हुआ है. इस पर रॉब जैनॉफ ने बताया कि अगर ये कटा हुआ हिस्सा नहीं होता तो लोग एक नजर में इसे पहचान नहीं पाते, क्योंकि छोटा करने पर ये किसी टमाटर या चेरी की तरह दिख सकता था. यही वजह है कि इस पर इंसानी बाइट यानी कटे हुए का निशाना बनाया गया. उन्होंने कहा कि इससे कंप्यूटर का इस्तेमाल करने वाले लोगों को ये लगता कि वो ज्ञान का एक निवाला ले रहे हैं. 

रॉब जैनॉफ ने बताया कि उन्होंने सेब के कुछ स्केच बनाकर स्टीव जॉब्स को दिखाए, जिन्हें एक नजर में देखते ही उन्होंने इस डिजाइन को हरी झंडी दे दी. 15 अप्रैल 1977 को 'वेस्ट कोस्ट कंप्यूटर फेयर' में  Apple II लॉन्च हुआ था, इसी दौरान दुनिया ने पहली बार आधे कटे हुए सेब का ये लोगो देखा था. 

6 रंगों के साथ बना था पहला Logo

Apple कंपनी के पहले लोगो को 6 रंगों के साथ बनाया गया था. इसमें हरा, पीला, नारंगी, लाल, बैंगनी और नीला रंग था. Apple II उस वक्त पहला ऐसा पर्सनल कंप्यूटर था, जो मॉनिटर पर कलर विजुअल दिखा सकता था. यही वजह है कि इसमें ये रंग डाले गए और ब्लैक एंड व्हाइट की दुनिया में जी रहे लोगों ने भी इसे पसंद किया. 

ये भी पढ़ें - इस शख्स ने बनाया था भारत-पाकिस्तान का बॉर्डर, महज इतने हफ्ते में खींच दी बंटवारे की लकीर

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Apple Company, Hanuman Ansh, Apple Logo Story, Apple Logo Neem Karoli Baba Connection
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com