विज्ञापन

झारखंड इस्पात प्लांट में फर्नेस ब्लास्ट, 9 मजदूर झुलसे और 7 की हालत नाजुक

फर्नेस के पास काम कर रहे मजदूर गर्म पिघले लोहे और आग की लपटों की चपेट में आ गए. इस दौरान अफरा-तफरी मच गई, और कार्य ठप हो गया.

झारखंड इस्पात प्लांट में फर्नेस ब्लास्ट, 9 मजदूर झुलसे और 7 की हालत नाजुक
झारखंड इस्पात प्लांट में फर्नेस ब्लास्ट होने से 9 मजदूर झुलस गए.

झारखंड के रामगढ़ जिले में हेसला स्थित 'झारखंड इस्पात प्लांट प्राइवेट लिमिटेड' में सोमवार तड़के फर्नेस फटने से भीषण विस्फोट हुआ, जिसकी चपेट में आकर 9 मजदूर बुरी तरह झुलस गए. घायलों में से 7 की स्थिति अत्यंत चिंताजनक बताई जा रही है, जिन्हें बेहतर इलाज के लिए रांची रेफर किया गया है. प्राप्त जानकारी के अनुसार, सोमवार तड़के करीब 4 बजे जब प्लांट में काम चल रहा था, तभी अचानक फर्नेस में जोरदार धमाका हुआ. धमाका इतना शक्तिशाली था कि आसपास के इलाके में दहशत फैल गई. 

7 मजदूरों की हालत नाजुक 

हादसे के तुरंत बाद सभी 9 घायलों को रांची रोड स्थित 'द होप हॉस्पिटल' ले जाया गया. अस्पताल के चिकित्सकों के अनुसार, घायल मजदूरों में से 7 की हालत बेहद नाजुक है, जो 60 से 90% तक झुलस चुके हैं. प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर रूप से झुलसे मजदूरों को रांची स्थित देवकमल अस्पताल रेफर कर दिया गया है. हादसे में झुलसे मजदूरों की पहचान अखिल राय, बृजलाल बेदिया, राजबालन यादव, महेश महतो, अशोक बेदिया, पंडित जी (राजू झा), छोटू साव और सुरेश बेदिया के रूप में हुई है. 

मजदूर संगठनों में आक्रोश 

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे और जांच शुरू कर दी. शुरुआती तौर पर तकनीकी खराबी या सुरक्षा मानकों की अनदेखी को हादसे की वजह माना जा रहा है. इधर, घटना के बाद स्थानीय लोगों और मजदूर संगठनों में भारी आक्रोश है. लोगों ने प्लांट प्रबंधन पर सुरक्षा नियमों की अनदेखी का आरोप लगाते हुए दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है. प्रशासन ने मामले की उच्चस्तरीय जांच के आदेश दिए हैं और प्रबंधन को घायलों के समुचित इलाज का निर्देश दिया है. पुलिस और फॉरेंसिक टीम ब्लास्ट के वास्तविक कारणों का पता लगाने में जुटी है. 

यह भी पढ़ें: मोमो, चिंकी, चीनी...', पटना में बदसलूकी का अरुणाचल की लड़कियों ने जो जवाब दिया वो सबको सुनना चाहिए

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Jharkhand, Ramgarh, Furnace Blast, Steel Plant 9 Workers Injured, 7 Workers Critical, Furnace Bursts Into Flames
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com