Jharkhand Crime News: झारखंड के चतरा जिले के पिपरवार थाना क्षेत्र में एक बार फिर अपराधियों का खौफ देखने को मिला है. जहां अशोका गोलंबर के पास अज्ञात बदमाशों ने दिनदहाड़े ताबड़तोड़ फायरिंग कर इलाके में दहशत फैला दी. इस घटना में एक ट्रक मालिक गंभीर रूप से घायल हो गया.
बाइक सवार बदमाशों ने बरसाईं गोलियां
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक घटना के दौरान दो बाइक पर सवार 5 से 6 अपराधी अचानक मौके पर पहुंचे. बिना किसी चेतावनी के उन्होंने फायरिंग शुरू कर दी. बदमाशों ने करीब 4 से 5 राउंड गोलियां चलाईं जिससे आसपास के लोगों में भगदड़ मच गई.
ट्रक मालिक को लगी गोली
फायरिंग के दौरान बेती गांव निवासी 30 वर्षीय बासुदेव गंझु को गोली लग गई. गोली लगते ही वह मौके पर ही गिर पड़े और गंभीर रूप से घायल हो गए. घटना के बाद हमलावर तेजी से वहां से फरार हो गए.
स्थानीय लोगों ने तुरंत घायल को बचरा अस्पताल पहुंचाया. वहां प्राथमिक इलाज के बाद हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने उन्हें बेहतर इलाज के लिए रांची रेफर कर दिया.
पुलिस और CISF ने संभाला मोर्चा
घटना की सूचना मिलते ही पिपरवार थाना पुलिस और CISF की टीम मौके पर पहुंची. अधिकारियों ने घटनास्थल का जायजा लिया और आसपास के लोगों से पूछताछ शुरू की.
जंगल की ओर भागे आरोपी, छापेमारी जारी
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि सभी अपराधी वारदात के बाद पास के जंगल की ओर भाग गए. पुलिस ने इलाके की घेराबंदी कर सघन छापेमारी अभियान शुरू कर दिया है.
यह भी पढ़ें-
Rajasthan: चित्तौड़गढ़ में रॉन्ग साइड से आ रही बाइक ने टेम्पो को मारी टक्कर, मची चीख पुकार, 1 की मौत
धौलपुर: फर्जी फर्म बनाकर कर दी 12 करोड़ से ज्यादा की ठगी, 43 हजार का इनामी ठग दिल्ली से गिरफ्तार
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं