विज्ञापन

मुजफ्फरपुर के उसी 'बदनाम' होटल में आधी रात पुलिस ने फिर मारी रेड, 4 युवकों संग कमरे में मिली 1 युवती

बिहार के मुजफ्फरपुर में आधी रात को पुलिस की छापेमारी से हड़कंप मच गया. अघोरिया बाजार स्थित एक नामी होटल में दो कमरों का नजारा देख खुद पुलिस अधिकारी भी दंग रह गए.

मुजफ्फरपुर के उसी 'बदनाम' होटल में आधी रात पुलिस ने फिर मारी रेड, 4 युवकों संग कमरे में मिली 1 युवती
होटल में मिले सभी युवक-युवतियों का पुलिस पकड़कर थाने ले आई है.
NDTV Reporter

Bihar News: बिहार के मुजफ्फरपुर जिले के अघोरिया बाजार स्थित 'होटल द सेंटर पार्क' में मंगलवार की देर रात पुलिस ने विशेष चेकिंग अभियान के तहत छापेमारी की. इस कार्रवाई के दौरान पुलिस ने होटल के कमरों से अवैध रूप से शराब का सेवन करते कुल 8 युवकों और एक युवती को गिरफ्तार किया है. इसके साथ ही नियमों के उल्लंघन और इस पूरी गतिविधि को शह देने के आरोप में होटल के मैनेजर को भी हिरासत में लिया गया है. गौरतलब है कि यह होटल पहले भी कई गंभीर आपराधिक और अनैतिक मामलों को लेकर चर्चा में रह चुका है.

SSP के निर्देश पर आधी रात को हुई छापेमारी

मुजफ्फरपुर के वरीय पुलिस अधीक्षक (SSP) कांतेश कुमार मिश्रा ने बताया कि काजी मोहम्मदपुर थाना पुलिस ने इन सभी आरोपियों को दो अलग-अलग कमरों से हिरासत में लिया है. पुलिस की तलाशी के दौरान होटल के एक कमरे से चार युवक और एक युवती को शराब की बोतलों के साथ पाया गया, जबकि दूसरे कमरे से चार अन्य युवक भी शराब का सेवन करते हुए रंगे हाथों पकड़े गए. पुलिस ने मौके से सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया और होटल प्रबंधन की लापरवाही को देखते हुए मैनेजर को भी नामजद किया.

डांसर की हत्या और जिस्मफरोशी से जुड़ा है होटल का इतिहास

अघोरिया बाजार चौक के समीप स्थित यह होटल पहले भी कई बार गंभीर विवादों और पुलिसिया कार्रवाई के कारण सुर्खियों में रहा है. पूर्व में इस होटल के एक कमरे में एक डांसर की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी, जिसकी जांच लंबे समय तक चली थी. इसके बाद, विगत वर्ष इसी परिसर में जिस्मफरोशी का एक बड़ा मामला उजागर हुआ था, जिसके बाद प्रशासनिक आदेश पर काजी मोहम्मदपुर थाना पुलिस ने होटल को पूरी तरह से सील कर दिया था. हाल ही में सील खुलने के बाद होटल में दोबारा इस तरह की अवैध गतिविधियों का संचालन प्रशासन के लिए एक गंभीर विषय बन गया है.

होटल का लाइसेंस रद्द करने की तैयारी में पुलिस प्रशासन

मामले की आधिकारिक पुष्टि करते हुए एसएसपी कांतेश कुमार मिश्रा ने बताया कि शहरी क्षेत्र में कानून व्यवस्था और प्रोहिबिशन एक्ट का पालन सुनिश्चित कराने के लिए यह औचक निरीक्षण किया गया था. होटल द सेंटर पार्क से गिरफ्तार किए गए सभी 9 लोगों और होटल मैनेजर के खिलाफ काजी मोहम्मदपुर थाने में प्रोहिबिशन एक्ट और अन्य संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है. एसएसपी ने स्पष्ट किया कि बार-बार नियमों की अनदेखी करने और परिसर में अवैध गतिविधियों को बढ़ावा देने के कारण इस होटल के लाइसेंस को स्थाई रूप से रद्द करने के लिए जल्द ही संबंधित विभाग को प्रस्ताव भेजा जा रहा है.

ये भी पढ़ें:- पत्नी का गला रेतकर शव के पास बैठा रहा पति, बिहार के इस गांव में हुई दिल दहला देने वाली वारदात

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Muzaffarpur Hotel Center Park, Hotel The Center Park Muzaffarpur Raid, Aghoria Bazar Muzaffarpur Hotel Crime News, Muzaffarpur Hotel Police Raid Update, Aghoria Bazar
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com