गिरिडीह में रिश्वतखोरी के मामले में सेंट्रल इन्वेस्टीगेशन ब्यूरो (CBI) ने बड़ी कार्रवाई की है. सीबीआई धनबाद की टीम ने बुधवार गिरिडीह के सेंट्रल जीएसटी कार्यालय में छापेमारी की, यहां लगभग 13 घंटे तक पूरी छानबीन की गई. बुधवार रात लगभग 2 बजे सुपरिटेंडेंट बुद्धेश्वर सुंडी और इंस्पेक्टर बिरजू कुमार को गिरफ्तार कर लिया है. गुरुवार सुबह लगभग 3 बजे दोनों को CBI अपने साथ लेकर धनबाद चली गई है.
व्यापारी ने CBI से शिकायत की
बिरनी प्रखंड के खाखीपीपर निवासी राजू अंसारी ने सीबीआई से शिकायत की थी. राजू ने सीबीआई को बताया था कि उन्हें 95 लाख रुपये का जीएसटी टैक्स जमा करने का नोटिस भेजा गया था. विभाग की ओर से उन्हें तीन बार नोटिस भेजा गया. राजू अंसारी ने बताया कि नोटिस मिलने के बाद जब वे जीएसटी कार्यालय पहुंचे तो उन्हें अपने साथ धोखाधड़ी होने का संदेह हुआ.
सेटलमेंट के लिए मांगी रिश्वत
आरोप है कि इसके बाद संबंधित अधिकारियों और सीए मामले को सेटलमेंट के जरिए खत्म करने की बात कही, और इसके एवज में 90 हजार रुपये की घूस मांगी. इसमें उनके चार्टर्ड अकाउंटेंट और गिरिडीह जीएसटी कार्यालय में पदस्थापित सुपरिटेंडेंट बुद्धेश्वर सुंडी तथा इंस्पेक्टर बिरजू कुमार मिलीभगत की जानकारी मिली. राजू के अनुसार, ऐसे ने वह परेशान होकर सीधे धनबाद स्थित सीबीआई कार्यालय पंहुचा, और पूरे मामले की जानकारी सीबीआई के एसपी भंवर लाल मीणा को दी.
65 हजार रुपये पर सेटलमेंट तय हुआ
सीबीआई के निर्देश पर घूस की रकम कम कराने को लेकर बातचीत हुई, जिसके बाद 65 हजार रुपये में सौदा तय हुआ. ऐसे में सीबीआई ने योजना बनायी. तय योजना के अनुसार, बुधवार के दिन में ही राजू अंसारी 50 हजार रुपये लेकर गिरिडीह के सेंट्रल जीएसटी कार्यालय पहुंचा, यहां अधिकारियों ने हाथ में खुद पैसे लेने के बजाय किसी अन्य व्यक्ति के माध्यम से रकम मंगवाई और उसे सुपरिटेंडेंट के घर भिजवा दिया, चूंकि सीबीआई पहले से उन नोटों और केमिकल लगाया था.
सीबीआई जीएसटी कार्यालय पर मारा छापा
सीबीआई बुधवार सुबह तकरीबन 11 बजे इंस्पेक्टर रघुनाथ कुमार के नेतृत्व में टीम जीएसटी कार्यालय पहुंची और दबिश दी. इसके बाद करीब 13 घंटे तक अधिकारियों से गहन पूछताछ की गई.पूछताछ के दौरान दबाव बढ़ने पर सुपरिटेंडेंट बुद्धेश्वर सुंडी के घर से घूस की राशि मंगवाई गई.केमिकल टेस्ट में पुष्टि होने के बाद जीएसटी सुपरिटेंडेंट बुद्धेश्वर सुंडी और इंस्पेक्टर बिरजू कुमार को गिरफ्तार कर लिया गया. सीबीआई के अधिकारियों ने ऑन कैमरा कुछ नहीं बोला हालांकि गिरफ्तारी की पुष्टि की है.
यह भी पढ़ें: क्या सोशल मीडिया पर वायरल होने के लिए पूछा गया सवाल? NDTV के इंटरव्यू में घिरीं नॉर्वे की पत्रकार हेले लिंग
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं