विज्ञापन
This Article is From Apr 19, 2016

IPL : इस फटाफट क्रिकेट में सबसे अधिक सेंचुरी लगाने वाले कौन हैं टॉप-10 विस्फोटक बल्लेबाज

IPL : इस फटाफट क्रिकेट में सबसे अधिक सेंचुरी लगाने वाले कौन हैं टॉप-10 विस्फोटक बल्लेबाज
आईपीएल में सबसे अधिक सेंचुरी लगाने वाले टॉप-10 बल्लेबाजों में गेल का दबदबा है (फाइल फोटो)
आईपीएल 2016 की पहली सेंचुरी दिल्ली डेयरडेविल्स के क्विंटन डि कॉक के नाम रही, जिन्होंने रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर जैसी मजबूत टीम के सामने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 108 रन बनाए। 2008 से लेकर अब तक इस लीग के इतिहास में 36 सेंचुरी लग चुकी हैं। इस सूची में जहां सहवाग, क्रिस गेल, ब्रेंडन मैक्कलम, डिविलियर्स जैसे बड़े नाम शामिल हैं, वहीं इसमें रिद्धिमान साहा, मनीष पांडे जैसे कुछ कम लोकप्रिय नाम भी हैं, जबकि विराट कोहली इस मामले में पीछे रह गए हैं। हम आपको बता रहे हैं कि आईपीएल में सबसे अधिक सेंचुरी बनाने वाले टॉप-10 बल्लेबाजों में कौन से खिलाड़ी शामिल हैं, लीग के किस सीजन में सबसे अधिक सेंचुरी लगी हैं और अब तक किस-किस बल्लेबाज ने सेंचुरी बनाने में सफलता हासिल की है -

5 सेंचुरी के साथ गेल हैं शीर्ष पर
टी-20 में तूफानी बल्लेबाजी और सेंचुरी की बात हो और गेल का नाम न आए ऐसा हो ही नहीं सकता। आईपीएल के इतिहास में सबसे अधिक सेंचुरी का रिकॉर्ड भी उन्ही के नाम है। वेस्टइंडीज के विस्फोटक बल्लेबाज ने 84 मैच खेले हैं और 5 सेंचुरी उनके बल्ले से निकली हैं। उन्होंने 18 फिफ्टी भी बनाई हैं। आईपीएल में उनके नाम पर 3200 रन दर्ज हैं और उनका बेस्ट 175 है। इस दौरान गेल ने 262 चौके और 230 छक्के उड़ाए हैं।

7 बल्लेबाजों के नाम दो-दो सेंचुरी
टॉप-10 में गेल के बाद सात बल्लेबाजों ने दो-दो सेंचुरी लगाई हैं, जिनमें स्ट्राइक रेट के मामले में वीरेंद्र सहवाग सबसे ऊपर हैं। सहवाग ने 155.44 के स्ट्राइक रेट के साथ 104 मैचों में 2728 रन ठोके हैं, जिनमें दो सेंचुरी और 16 फिफ्टी शामिल हैं। सहवाग के बाद एबी डिविलियर्स आते हैं। उनके बल्ले ने 106 मैचों में 2707 रन उगले हैं, जिनमें दो सेंचुरी और 17 फिफ्टी भी हैं।

दो-दो सेंचुरी वाले अन्य 5 बल्लेबाज हैं- डेविड मिलर, शेन वाटसन, मुरली विजय, ब्रेंडन मैक्कलम और एडम गिलक्रिस्ट।

दो बल्लेबाजों ने लगाई है एक-एक सेंचुरी
टॉप-10 में शामिल सुरेश रैना और रोहित शर्मा दो ऐसे बल्लेबाज हैं, जिन्होंने आईपीएल में एक-एक शतक लगाया है। हालांकि रैना के नाम इस लीग में 135 मैचों में सबसे अधिक 3770 रन हैं। उन्होंने 25 फिफ्टी बनाई हैं, जबकि रोहित शर्मा ने 132 मैचों में 3488 रन स्कोर किए हैं।

विराट कोहली नहीं लगा पाए हैं शतक
विराट कोहली का बल्ला इंटरनेशनल स्तर के बाद अब आईपीएल में भी खूब चल रहा है, लेकिन वह इस लीग में अब तक कोई भी सेंचुरी नहीं लगा पाए हैं। हालांकि वह एक बार नर्वस नाइंटी का शिकार हो चुके हैं और 99 रन पर आउट हो गए थे। उन्होंने 125 मैचों में 3291 रन बनाए हैं जिनमें 21 फिफ्टी लगाई हैं।

3 सीजन में लगीं 6-6 सेंचुरी
आईपीएल-9 सहित इसके इतिहास को देखें तो इसके तीन सीजन में 6-6 सेंचुरी बनी हैं। इसके पहले सीजन (2008) में ही 6 शतक बन गए थे, जो अलग-अलग बल्लेबाजों के नाम रहे। इसके अलावा आईपीएल-5 (2012) और आईपीएल-4 (2011) में भी 6 शतक लगे।

3 सीजन में लगीं 4-4 सेंचुरी
आईपीएल के अन्य तीन सीजन में बल्लेबाजों ने 4-4 सेंचुरी लगाकर कमाल किया। सीजन-8, 2015, सीजन-6, 2013 और सीजन-4, 2011 में यह उपलब्धि रही।

आईपीएल में अलग-अलग सीजन में अब तक लगी सेंचुरी और बल्लेबाजों पर एक नजर :
  • आईपीएल-9, 2016 : इसमें अभी तक केवल एक ही शतक लगा है, जो दिल्ली डेयरेडविल्स के क्विंटन डि कॉक (108) ने बनाया है।
  • आईपीएल-8, 2015 में 4 शतक : ब्रैंडन मैक्कलम (सीएसके) 100 नाबाद, क्रिस गेल (आरसीबी) 117, एबी डिविलियर्स (आरसीबी) 133 नाबाद, शेन वॉटसन (राजस्थान रॉयल्स) 104 रन नाबाद
  • आईपीएल-7, 2014 में 3 शतक : लेंडल सिमन्स (मुंबई इंडियन्स) 100 नाबाद, वीरेंद्र सहवाग (किंग्स इलेवन पंजाब) 122, रिद्धिमान साहा (किंग्स इलेवन पंजाब) 115 नाबाद।
  • आईपीएल-6, 2013 में 4 शतक : शेन वॉटसन (राजस्थान रॉयल्स) 101, क्रिस गेल (आरसीबी) 175 रन नाबाद, सुरेश रैना (सीएसके) 100, डेविड मिलर (किंग्स इलेवन पंजाब) 101 रन।
  • आईपीएल-5, 2012 में 6 शतक : अजिंक्य रहाणे (राजस्थान रॉयल्स) 103, केविन पीटरसन (दिल्ली डेयरडेविल्स) 103, डेविड वॉर्नर (दिल्ली डेयरडेविल्स) 109, रोहित शर्मा (मुंबई इंडियन्स) 109, क्रिस गेल (आरसीबी) 128, मुरली विजय (सीएसके) 113 रन।
  • आईपीएल-4, 2011 में 6 शतक : सचिन तेंदुलकर (मुंबई इंडियन्स) 100 नाबाद, पॉल वाल्थटी (किंग्स इलेवन पंजाब) 120, क्रिस गेल (आरसीबी) 102, क्रिस गेल (आरसीबी) 107, वीरेंद्र सहवाग (दिल्ली डेयरडेविल्स) 119, एडम गिलक्रिस्ट (किंग्स इलेवन पंजाब) 106 रन।
  • आईपीएल-3, 2010 में 4 शतक : यूसुफ पठान (राजस्थान रॉयल्स) 100, डेविड वॉर्नर (dd) 107, मुरली विजय (चेन्नई सुपर किंग्स) 127, महेला जयवर्धने (किंग्स इलेवन पंजाब) 110 रन।
  • आईपीएल-2, 2009 में 2 शतक : डिविलियर्स (दिल्ली डेयरडेविल्स) 105, मनीष पांडे (आरसीबी), 114 रन।
  • आईपीएल-1, 2008 में 6 शतक : माइक हसी (सीएसके) 116, ब्रैंडन मैक्कलम (केकेआर) 158, एंड्रयू साइमंड्स (डेक्कन चार्जर्स) 117,  एडम गिलक्रिस्ट (डेक्कन चार्जर्स) 109, सनत जयसूर्या (मुंबई इंडियन्स) 114, शॉन मार्श (किंग्स इलेवन पंजाब) 115 रन।

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
डार्क मोड/लाइट मोड पर जाएं
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com