विज्ञापन
This Article is From Mar 22, 2021

महिला ने खुद का बच्चा पाने की चाह में पड़ोसी के तीन-वर्षीय बच्चे की बलि दे दी : पुलिस

एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि महिला का विवाह 2013 में हुआ था, लेकिन डॉक्टरों की सलाह के बावजूद वह मां नहीं बन सकी, इसलिए एक तांत्रिक की सलाह पर उसने पड़ोसी के बच्चे की 'बलि' चढ़ा दी.

महिला ने खुद का बच्चा पाने की चाह में पड़ोसी के तीन-वर्षीय बच्चे की बलि दे दी : पुलिस
दिल्ली के रोहिणी इलाके में एक महिला ने एक तांत्रिक की सलाह पर अपने पड़ोसी के तीन-वर्षीय बच्चे की हत्या कर डाली...

उत्तर-पश्चिम दिल्ली के रोहिणी इलाके में दिल दहला देने वाली एक वारदात में अपना बच्चा पाने की आस में एक महिला ने एक तांत्रिक की सलाह पर अपने पड़ोसी के तीन-वर्षीय बच्चे की हत्या कर डाली, और उसके शव को प्लास्टिक के थैले में भरकर इमारत की छत पर फेंक दिया. यह जानकारी पुलिस ने रविवार को दी.

वारदात के आरोप में गिरफ्तार की गई 25-वर्षीय महिला ने पुलिस को बताया कि उसे बच्चा नहीं होने की वजह से ससुराल पक्ष और अन्य रिश्तेदारों की तरफ से बहुत ताने दिए जाते थे, जिनके चलते उस पर बहुत दबाव था. इसी वजह से वह एक तांत्रिक के पास पहुंची, जिसने परमात्मा को खुश करने के लिए एक बच्चे की बलि देने की बात कही. पुलिस ने बताया कि इसके बाद महिला ने अपने पड़ोसी के बच्चे को मार डाला और उसके शव को प्लास्टिक की थैली में भर दिया.

एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि नीलम गुप्ता ने पुलिस को बताया है कि उसका विवाह 2013 में हुआ था, लेकिन डॉक्टरों की सलाह के बावजूद वह मां नहीं बन सकी. इसलिए चार साल पहले वह उत्तर प्रदेश के हरदोई में रहने वाले एक तांत्रिक के पास गई, जिसने कहा कि अगर वह मां बनना चाहती है, तो उसे एक बच्चे की बलि देनी होगी.

पुलिस अधिकारी के मुताबिक, मामला शनिवार को प्रकाश में आया, जब लापता बच्चे के माता-पिता पुलिस के पास शिकायत दर्ज कराने पहुंचे, और फिर पुलिस द्वारा उसकी तलाश शुरू की गई.

वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि तलाशी अभियान के दौरान एक पुलिसकर्मी ने पड़ोस के घर की छत पर एक थैला देखा. जब उसे खोला गया, तो लापता बच्चे का शव मिला, जिसकी गर्दन पर चोट के निशान थे. प्रथम दृष्टया लगता है कि बच्चे की हत्या गला घोंटकर की गई.

पुलिस अधिकारी के अनुसार, बच्चे के पिता के बयान के आधार पर हत्या का केस दर्ज कर लिया गया है. जांच के दौरान परिवार के सदस्यों, रिश्तेदारों और पड़ोसियों से पूछताछ की गई, जिससे पता चला कि बच्चे को आखिरी बार एक पड़ोसी के साथ देखा गया था. उन्होंने बताया कि पूछताछ की शुरुआत में नीलम ने पुलिस को गुमराह करने की कोशिश की, लेकिन बाद में कबूल कर लिया कि उसने बच्चे को तब मार डाला था, जब वह छत पर अकेला खेल रहा था.

पुलिस उपायुक्त (रोहिणी) प्रणव तायल ने कहा, "पूछताछ के दौरान, महिला ने बताया कि बच्चा नहीं होने के चलते ससुराल वालों, अन्य रिश्तेदारों और समाज के तानों की वजह से वह काफी दबाव में थी, इसलिए चार साल पहले वह हरदोई में एक तांत्रिक के पास गई, जिसने बच्चा पाने के लिए एक बच्चे की बलि देने की सलाह दी..."

प्रणव तायल के मुताबिक, "खुद का बच्चा पाने की चाह में महिला ने परमात्मा को खुश करने लिए पड़ोसी के बच्चे को मार डालने का फैसला किया... योजना के अनुसार, शनिवार को जब उसने बच्चे को छत पर अकेला खेलता देखा, तो जाकर उसका कत्ल कर दिया..."

पुलिस ने बताया कि आरोपी महिला गृहिणी है, और उसका पति सब्ज़ियां बेचता है.

देखें VIDEO: दिल्ली में मामूली विवाद के बाद सड़क पर दो युवकों की चाकुओं से गोदकर हत्या

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Woman Kills Boy To Please Gods, Delhi Police, Human Sacrifice, Crime In Delhi, Murder In Delhi
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com