- CWC बैठक में दिग्विजय सिंह ने कहा कि नीतीश कुमार को इंडिया ब्लॉक से नहीं जाने देना चाहिए था.
- इस पर खरगे ने कहा- गठबंधन का संयोजक बनने की कोशिश महज दिखावा थी.
- सोनिया गांधी ने जवाब दिया- नीतीश को जाना ही था, वो इंडिया गठबंधन में रुकना नहीं चाहते थे.
राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में मंगलवार को कांग्रेस वर्किंग कमेटी (CWC) की मीटिंग हुई. इस दौरान कांग्रेस चीफ मल्लिकार्जुन खरगे ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को कथित 'अनियमितताओं' के कारण तुरंत हटाने की मांग की और चुनाव आयोग के प्रमुख पर 'दबाव' डालने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से नैतिक आधार पर इस्तीफा भी मांगा. CWC मीटिंग को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी वोटर लिस्ट और चुनाव प्रक्रिया में कथित अनियमितताओं के मुद्दों को लेकर सड़कों पर उतरेगी और संसद में भी इन मुद्दों को उठाएगी.
मीटिंग के दौरान कांग्रेस नेता दिग्विजय सिंह ने कहा कि हमको इंडिया ब्लॉक से नीतीश कुमार को नहीं जाने देना चाहिए था, वरना सियासी हालात अलग होते. इस पर सोनिया गांधी ने जवाब देते हुए कहा, "नीतीश कुमार को जाना ही था. वो इंडिया ब्लॉक में रुकना नहीं चाहते थे. अच्छा हुआ वक्त रहते चले गए, उनको वहीं जाना था. वो इंडिया ब्लॉक से बाहर निकलने के लिए नए नए रास्ते तलाश रहे थे."
इसके बाद कांग्रेस चीफ मल्लिकार्जुन खरगे ने कहा, "मैं ये बोलना नहीं चाहता था लेकिन बता रहा हूं कि नीतीश कुमार इंडिया ब्लॉक से निकलने का रास्ता खोज रहे थे. इंडिया ब्लॉक का संयोजक बनने की उनकी कोशिश महज दिखावा थी, जबकि वो पहले मुझसे कह चुके थे कि वो राज्य की राजनीति में रहना चाहते हैं और केंद्र में इंडिया ब्लॉक का समर्थन करेंगे.
ये भी पढ़ें: रामलीला मैदान में रैली, CWC बैठक में तय हुआ CEC के खिलाफ सड़क से संसद तक कैसे उतरेगा इंडिया गठबंधन
मल्लिकार्जुन खरगे ने CWC बैठक में पांच मुख्य मांगें रखीं.
- वोटर लिस्ट में हुए बदलावों से जुड़ा सारा डेटा पब्लिक किया जाए.
- जिन वोटर्स के नाम हटा दिए गए हैं, उन्हें अपील करने का मौका दिया जाए.
- सभी सियासी दलों को वोटर लिस्ट सही वक्त पर आसान फॉर्मेट में दी जाए.
खरगे ने यह भी मांग की है कि जहां गंभीर गड़बड़ियां पाई जाएं, वहां एक स्वतंत्र और तय समय-सीमा वाली जांच हो. चुनाव प्रक्रिया को पारदर्शी बनाया जाए, जिससे किसी को यह न लगे कि जानकारी छिपाई जा रही है.
ये भी पढ़ें: जब मल्लिकार्जुन खरगे ने शशि थरूर से कहा- रैली में आना, कहीं अखबार में लेख मत लिखने लगना
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं