विज्ञापन

लड़कियों का ब्रेनवॉश, यौन शोषण.. कौन है IIT बाबा अभिषेक मिश्रा जिसको पुलिस ने किया गिरफ्तार

IIT Baba News: यूपी के मथुरा से अभिषेक मिश्रा नामक एक फर्जी बाबा को पुलिस ने गिरफ्तार किया है. IIT का डिग्रीधारी ये फर्जी बाबा वीडियो के जरिए लड़कियों को निशाना बनाता था. उसके खिलाफ उगाही का भी मामला दर्ज किया गया है.

लड़कियों का ब्रेनवॉश, यौन शोषण.. कौन है IIT बाबा अभिषेक मिश्रा जिसको पुलिस ने किया गिरफ्तार
IIT बाबा अभिषेक मिश्रा हुआ गिरफ्तार (फोटो- सोशल मीडिया)
  • अभिषेक मिश्रा ने IIT रुड़की से मेकैनिकल इंजीनियर में डिग्री ले रखी है
  • वो अपने वीडियो के जरिए लड़कियों को निशाना बनाता था
  • फिर लड़कियों का वीडियो बनाकर फर्जी बाबा उनका शोषण करता था
क्या हमारी की समरी आपके लिए उपयोगी रही ?
हमें बताएं
नई दिल्ली:

मथुरा में आईआईटी से पासआउट एक ऐसा फर्जी बाबा पकड़ा गया है, जो पढ़ी लिखी लड़कियों का ब्रेनवॉश करके उनका यौन शोषण करता था और उसका वीडियो बनाकर उन्हें और उनके परिवार को ब्लैकमेल करने का काम करता था. ऑनलाइन प्रवचन देकर ये अपने भक्त बनाने और उसकी आड़ में लड़कियों को आकर्षित कर उनका शोषण करने का काम करता था. एक पीड़िता की शिकायत के आधार पर मथुरा पुलिस ने आरोपी अभिषेक मिश्रा उर्फ आदिकर्ता नारायण दास को गिरफ्तार कर लिया है. 


कितनी लड़कियों का किया शोषण, पुलिस जांच में जुटी 

आईआईटियन बाबा की यौन शोषण मामले में गिरफ्तारी के बाद पुलिस पीड़िताओं की पड़ताल कर रही है कि आखिर इस फर्जी बाबा ने कितनी लड़कियों का शोषण किया है. मात्र 29 साल की उम्र में आईआईटी से पासआउट इस फर्जी बाबा ने दर्जनों लड़कियों को गंधर्व विवाह के नाम पर अपने साथ जोड़कर उनका यौन शोषण किया और अश्लील फोटो वीडियो के आधार पर उनको ब्लैकमेल करता रहा. इस फर्जी बाबा ने साल 2017 से 2021 तक आईआईटी रुड़की से मैकेनिकल इंजीनियरिंग की पढ़ाई की थी.

ओडिशा का रहने वाला है अभिषेक मिश्रा 

ओडिशा का रहने वाला आरोपी अभिषेक मिश्रा खुद को आदिकर्ता नारायण दास कहता था. मथुरा में जहां ये रहता था, वहां करीब 24 लड़के लड़कियां भी रहती थीं. हालांकि इसकी हरकतें देखकर धीरे-धीरे ज्यादातर उसका साथ छोड़कर चले गए. बताया जा रहा है कि इसने इन सबका ब्रेनवॉश करके अपने साथ जोड़ रखा था. इसके फोन से भी कुछ लड़कियों की तस्वीरें और वीडियो मिले हैं. छत्तीसगढ़ की एक लड़की की शिकायत के आधार पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए इसे गिरफ्तार किया है. 

वीडियो के जरिए लड़कियों को करता था टारगेट 

फर्जी बाबा आदिकर्ता नारायण दास ने यूट्यूब पर राधा कृपा अमृता नाम से एक चैनल बनाया था. इस चैनल पर वो ऑनलाइन अपने प्रवचन डालता था. इसमें हिंदी और इंग्लिश में ये ज्ञान देकर अपना प्रभाव बढ़ाने का काम कर रहा था. धर्म के नाम पर इन्हीं वीडियो के ज़रिए ये लड़कियों को टारगेट करता था. लिंक्डइन पर भी आदिकर्ता नारायण दास के नाम से इसने अपनी प्रोफाइल बनाई थी. बताया जा रहा है कि ये फर्जी बाबा खासतौर पर इंजीनियरिंग की हुई लड़कियों को अपने झांसे में लेता था.

लड़कियों का बना लेता था वीडियो 

मथुरा के राधाकुंज इलाके में बीते चार सालों से रहकर ये अपने आप को कथावाचक बताता था. अपने वीडियो के ज़रिए ये पहले लड़कियों से संपर्क करता था और धीरे धीरे उनका ऐसा ब्रेनवॉश करता था कि वो अपना सबकुछ छोड़कर इसके पास आकर रहने लगती थीं. साथ रखकर ये उनसे गन्धर्व विवाह की बात कहकर उन्हें प्रसाद के नाम पर नशे वाला दूध देता और फिर यौन शोषण कर उनका वीडियो बना लेता था.

अभिषेक के खिलाफ रेप का मामला 

मथुरा पुलिस ने बताया कि आरोपी अभिषेक मिश्रा के खिलाफ बलात्कार का मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की गई है. मथुरा पुलिस के मुताबिक लगभग छह महीने पहले एक लड़की के परिजन उसे ले जाने आए तो आदिकर्ता नारायण दास और उसके सहयोगियों ने जमकर हंगामा किया था. पुलिस के मुताबिक आरोपी की मां भी पहले साथ रहती थी लेकिन बेटे की हरकतों की वजह से वो साथ छोड़कर चली गई. पहले किराए पर रहने वाला नारायण दास ने बाद में अपना घर भी बनवा लिया.

पैसों की उगाही भी करता था IIT बाबा 

आदिकर्ता नारायण दास उर्फ अभिषेक मिश्रा को लेकर मथुरा पुलिस ने बताया कि ये अपने साथ रहने वाले लड़के लड़कियों के परिजनों से भी पैसों की उगाही करता था. साथ ही मुहल्ले में रहने वाली लड़कियों को भी आकर्षित करने की कोशिश में लगा रहता था. जिन लड़कियों को इसने अपने वश में किया था, वो सब पढ़ी लिखी लड़कियां थीं. फिलहाल पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर छानबीन शुरू कर दी है. पुलिस पता करने की कोशिश कर रही है कि आखिर इसने कितनों को अपना निशाना बनाया था.

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com