विज्ञापन
This Article is From Sep 01, 2022

VIDEO: जब PM उम्मीदवार पर KCR से पूछा गया सवाल तो असहज नीतीश सीट से उठ खड़े हुए, फिर हुआ कुछ ऐसा..

केसीआर ने बुधवार को ‘‘विपक्षी एकता’’ बनाने के प्रयासों के तहत बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से मुलाकात की.

केसीआर ने कहा, बीजेपी के जितने भी विरोधी दल हैं, हम उन्‍हें एकजुट करने का प्रयास करेंगे
पटना:

तेलंगाना के सीएम के चंद्रशेखर राव (KCR) आम चुनाव 2024 के पहले सत्‍ताधारी भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) के खिलाफ विपक्ष को एकजुट करने के खास मिशन पर हैं. बुधवार को बिहार की यात्रा पर पहुंचे केसीआर से जब विपक्ष के पीएम पद के दावेदार के बारे में सवाल पूछा गया तो तेलंगाना के सीएम से अधिक नीतीश कुमार असहज नजर आए. दरअसल, संवाददाता सम्‍मेलन में केसीआर से एक पत्रकार ने सवाल किया था कि विपक्षी एकता पर कांग्रेस की भूमिका क्‍या रहेगी और क्‍या राहुल गांधी पीएम पद के दावेदार होंगे? इस सवाल पर नाखुश नजर आए बिहार के सीएम नीतीश कुमार ने कहा-यह सवाल काहे पूछ रहे हो. नीतीश इसके बाद उठ खड़े हुए और केसीआर की ओर मुखातिब होते हुए कहा, 'अब चलिए.' हालांकि केसीआर ने बिहार के सीएम को बैठने का इशारा दिया. उन्‍होंने इस सवाल का जवाब देते हुए कहा कि बीजेपी के जितने भी विरोधी दल हैं, हम उनको एकजुट करने का प्रयास करेंगे. इस पर प्रतिक्रिया देते हुए नीतीश ने कहा, 'इससे बेहतर क्‍या जवाब हो सकता था. '

केसीआर ने बुधवार को ‘‘विपक्षी एकता'' बनाने के प्रयासों के तहत बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से मुलाकात की. नीतीश से मुलाकात के बाद केसीआर ने आरजेडी सुप्रीमो लालू यादव से भी भेंट की. संवाददाता सम्‍मेलन के दौरान तेलंगाना के सीएम  इस सवाल को टाल गए कि संयुक्त विपक्ष का नेतृत्व कौन करेगा और क्या उसमें कांग्रेस को शामिल किया जाएगा? राव ने प्रेसवार्ता के दौरान नीतीश कुमार को ‘‘बड़े भाई'' कहकर संबोधित किया. बीजेपी के खिलाफ मुखर रहे राव ने प्रधानमंत्री पद के उम्मीदवार और इसमें कांग्रेस की भूमिका से जुड़े सवाल के जवाब में कहा, ‘‘इन चीजों पर समय आने पर फैसला किया जाएगा. हमें कोई जल्दी नहीं है.''

केसीआर ने आरोप लगाया कि केंद्र की गलत नीतियों के कारण व्यवसायी देश से अपना पैसा निकाल रहे हैं. उन्होंने सशस्त्र बलों में भर्ती की ‘‘अग्निपथ'' योजना को ‘‘किसी भी विपक्षी दल से परामर्श किए बिना'' लाने के लिए भी मोदी सरकार की आलोचना की.टीआरएस प्रमुख ने निजीकरण की होड़ में जाने और राज्य की चिंताओं के प्रति उदासीनता दिखाने का आरोप भी भाजपा नीत केंद्र सरकार पर लगाया और विशेष श्रेणी की स्थिति के लिए बिहार की मांग को ठुकराने का उदाहरण दिया. केसीआर ने कई साल पहले अमेरिका की यात्रा के दौरान ‘‘अब की बार ट्रंप सरकार'' कहने के लिए प्रधानमंत्री मोदी पर तंज किया और इसे ‘‘राजनयिक भूल'' बताया. यह पूछे जाने पर कि क्या बिहार के मुख्यमंत्री को विपक्ष के प्रधानमंत्री पद के उम्मीदवार के रूप में माना जा सकता है, इस पर केसीआर ने कहा, ‘‘ये बातें हम बाद में तय करेंगे.''हालांकि, साथ ही यह भी कहा कि नीतीश कुमार देश के सबसे वरिष्ठ और सर्वश्रेष्ठ नेताओं में शुमार हैं.

* दिल्ली के उपराज्यपाल विनय कुमार सक्सेना करेंगे AAP नेताओं के ख़िलाफ़ कानूनी कार्रवाई
* जैकलीन फर्नांडिज से दिल्ली पुलिस करेगी पूछताछ, 12 सितंबर को बुलाया गया
* कर्नाटक के मंत्री के खिलाफ मामला दर्ज, एक परिवार को धमकाने का है आरोप

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Nitish Kumar, Bihar News In Hindi, K Chandrashekar Rao
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com