विज्ञापन
1 hour ago

Election Commision Poll Date Announcement: पश्चिम बंगाल, असम, तमिलनाडु, केरल और पुडुचेरी में विधानसभा चुनाव के तारीखों की घोषणा हो गई है. इन पांच में चार राज्यों में एक ही चरण में वोटिंग होगी. रविवार को नई दिल्ली में आयोजित प्रेस कॉफ्रेंस में मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार ने सभी राज्यों के चुनावी तारीखों की घोषणा करते हुए बताया कि असम, केरल, पुडुचेरी में एक चरण में 9 अप्रैल को वोटिंग होगी. जबकि तमिलनाडु में भी एक ही चरण में 23 अप्रैल को वोटिंग होगी. पश्चिम बंगाल में 23 और 29 अप्रैल को दो चरणों में वोटिंग होगी. सभी राज्यों के नतीजे 4 मई को आएंगे. 

Latest and Breaking News on NDTV

LIVE Updates: Election 2026 Date Announcement | West Bengal, Tamil Nadu, Keralam, Assam, Puducherry Assembly Poll Schedule

चुनाव की घोषणा से कुछ घंटे पहले ममता के ऐलान पर एक्शन लेगा आयोग? CEC ने दिया जवाब

By-Election Date: 6 राज्य की 8 विधनासभा सीटों पर उपचुनाव की भी घोषणा

असम, पश्चिम बंगाल, केरल, तमिलनाडु और केंद्र शासित प्रदेश पुडुचेरी में होने वाले विधानसभा चुनावों के साथ-साथ कई राज्यों की सीटों पर उपचुनाव भी होंगे. गोवा, गुजरात, कर्नाटक, महाराष्ट्र और नागालैंड की 8 विधानसभा सीटों पर उपचुनाव भी होंगे. गोवा, कर्नाटक, नागालैंड और त्रिपुरा में होने वाले उपचुनाव के लिए मतदान 9 अप्रैल को होगी. जबकि महाराष्ट्र और गुजरात की तीन सीटों पर 23 अप्रैल को उपचुनाव का मतदान होगा. इसमें बारामती सीट पर भी उपचुनाव होगा, जहां से पूर्व डिप्टी सीएम अजीत पवार विधायक थे. 

जहां धर्म है, वहां जीत है... चुनाव की घोषणा के बाद असम सीएम हिमंता का ट्विट

असम में विधानसभा चुनाव के तारीख की घोषणा के बाद मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा ने एक ट्विट किया है. इस ट्विट में उन्होंने संस्कृत के तीन शब्द लिखे हैं. जिसका मतलब है- जहां धर्म है, वहां जीत है.

Election 2026 Date: बंगाल, असम, केरल, तमिलनाडु और पुडुचेरी में कब होंगे चुनाव, कार्ड से जानिए

चुनाव आयोग ने रविवार को असम, पश्चिम बंगाल, केरल, तमिलनाडु और केंद्र शासित प्रदेश पुडुचेरी में होने वाले विधानसभा चुनावों को लेकर प्रेस कॉन्फ्रेंस कर अहम जानकारियां साझा की. इन सभी राज्यों में चुनाव कब होंगे, आइए कार्ड से जानते हैं.





 

Tamil Nadu Election 2026 Date: तमिलनाडु विधानसभा चुनाव 2026 का पूरा कार्यक्रम

तमिलनाडु विधानसभा चुनाव 2026 का पूरा कार्यक्रम
दक्षिण भारतीय राज्य तमिलनाडु में विधानसभा की कुल 234 सीटें हैं. इन सभी सीटों पर एक चरण में 23 अप्रैल को वोटिंग होगी. वोटों की गिनती 4 मई को होगी. तमिलनाडु में गजट नोटिफिकेशन 30 मार्च को लागू होगा. नामांकन की आखिरी तारीख 6 अप्रैल है. स्क्रूटनी 7 अप्रैल को होगी. 9 अप्रैल तक नाम वापस लिया जा सकेगा. 

Election 2026 Date: चुनावी तारीखों की घोषणा के साथ ही सभी 5 राज्यों में आचार संहिता लागू

चुनाव आयोग ने रविवार को असम, पश्चिम बंगाल, केरल, तमिलनाडु और केंद्र शासित प्रदेश पुडुचेरी में होने वाले विधानसभा चुनावों को लेकर प्रेस कॉन्फ्रेंस कर अहम जानकारियां साझा की. असम, केरल और पुडुचेरी में एक चरण में 9 अप्रैल को चुनाव होंगे. वहीं, पश्चिम बंगाल में दो चरणों में 23 और 29 अप्रैल को मतदान होगा. जबकि, तमिलनाडु में एक चरण में 23 अप्रैल को मतदान होगा. इन सभी राज्यों और केंद्रशासित प्रदेश के चुनावों के नतीजे 4 मई को जारी किए जाएंगे. पांचों राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों में चुनाव की घोषणा होने के साथ ही तत्काल प्रभाव से आदर्श आचार संहिता लागू हो गई है.

Bengal Assembly Elections Date: बंगाल में दो चरण में चुनाव

बंगाल में दो चरण में चुनाव होंगे. पहले चरण में राज्य के 152 विधानसभा सीटों में 23 अप्रैल को वोटिंग होगी. जबकि दूसरे चरण में 142 विधानसभा सीटों पर 29 अप्रैल को वोटिंग होगी. वोटों की गिनती 4 मई को सभी 5 राज्यों के साथ ही होगी. मालूम हो कि बंगाल में विधानसभा की कुल सीटें 294 हैं.

Election 2026 Date Announcement Live: असम, केरल, पुडुचेरी में एक चरण में 9 अप्रैल को चुनाव, 4 मई को नतीजे

असम, केरल, पुडुचेरी में एक चरण में 9 अप्रैल को चुनाव, 4 मई को नतीजे

Election 2026 Date Announcement Live: असम में एक चरण में 9 अप्रैल को चुनाव, 4 मई को नतीजे

असम की सभी 126 विधानसभा सीटों पर एक चरण में 9 अप्रैल को वोटिंग होगी. वोटों की गिनती 4 मई को सभी 5 राज्यों के साथ होगी. गजट नोटिफिकेशन 16 मार्च को जारी होगा, नामांकन का आखिरी तारीख 23 मार्च होगी.  24 मार्च को स्क्रूटनी तो 26 मार्च तक नामवापसी की डेट है. वोटिंग 9 अप्रैल को होगी.

Elections Dates Announcement Live: कुल 7.4 करोड़ वोटर करेंगे मतदान

इन 5 राज्यों के चुनाव में कुल मतदान केंद्र: 2.18 लाख है. पश्चिम बंगाल में 80 हजार से अधिक मतदान केंद्र हैं. मुख्य चुनाव आयुक्त के अनुसार, इस चुनाव में 7.4 करोड़ मतदाता मतदान करेंगे. मुख्य चुनाव आयुक्त ने कहा चुनाव आयोग प्रत्येक मतदाता का स्वागत करने के लिए तैयार है. मैं सभी मतदाताओं से आग्रह करता हूं कि वे मतदान में भाग लें और गर्व के साथ अपना वोट डालें. पश्चिम बंगाल, असम, तमिलनाडु, पुडुचेरी और केरल में मतदान हुआ.

Elections Dates Announcement Live: चुनाव वाले किस राज्य में कितने वोटर, CEC ने बताया

सीईसी ज्ञानेश कुमार ने कहा, राज्य दौरों के दौरान आयोग ने सभी राजनीतिक दलों, राज्य अधिकारियों और मुख्य कार्यकारी अधिकारियों से मुलाकात की. पश्चिम बंगाल, असम, तमिलनाडु, पुडुचेरी और केरल में चुनाव का उत्सव मनाया जा रहा है. मुख्य चुनाव आयुक्त के अनुसार, इस चुनाव में 17.4 करोड़ मतदाता मतदान करेंगे. मुख्य चुनाव आयुक्त: चुनाव आयोग प्रत्येक मतदाता का स्वागत करने के लिए तैयार है। मैं सभी मतदाताओं से आग्रह करता हूं कि वे मतदान में भाग लें और गर्व के साथ अपना वोट डालें.

जानिए किस राज्य में कितने वोटर

  • असम: 2.50 करोड़
  • केरल: 2.70 करोड़
  • पुडुचेरी: 9.44 लाख
  • तमिलनाडु: 5.67 करोड़
  • पश्चिम बंगाल: 6.44 करोड़

Assembly Elections Live: 5 राज्यों के चुनाव में 25 लाख चुनाव अधिकारी लगेंगे

सीईसी ज्ञानेश कुमार ने बताया कि इन सभी 5 राज्यों के चुनाव में कुल 25 लाख चुनाव कर्मी और अधिकारी लगेंगे. इसमें 15 लाख पोलिंग अधिकारी होंगे. 8.5 लाख सुरक्षा कर्मी होंगे.

Assembly Elections Live: 5 राज्यों में कुल 824 विधानसभा, 2.19 लाख पोलिंग स्टेशन

चुनावी तारीखों की घोषणा से पहले सीईसी ज्ञानेश कुमार ने बताया कि इन सभी 5 राज्यों में 2.19 लाख पोलिंग स्टेशन होंगे. सभी पोलिंग स्टेशन से वेब कास्टिंग होगी. 5 राज्यों के चुनाव में कुल 824 विधानसभा सीटों पर वोटिंग होगी. 

Election 2026 Date ECI Live Updates: 'चुनाव का पर्व हम सब का गर्व', CEC ने SIR के लिए कर्मियों को दी बधाई

चुनावी तारीखों की घोषणा से पहले मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार ने चुनावी राज्यों में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण को सफलता पूर्वक पूरा करने के लिए मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार ने इलेक्शन कमीशन द्वारा नियुक्त सभी कर्मचारियों को बधाई दी और उनकी प्रशंसा की.

बंगाल, असम, तमिलनाडु सहित 5 राज्यों के चुनाव तारीखों के ऐलान थोड़ी देर में, चुनाव आयोग की PC शुरू

बंगाल, असम, तमिलनाडु, पुडुचेरी और केरल के 5 राज्यों के विधानसभा चुनाव के लिए चुनाव आयोग की प्रेस कॉफ्रेंस शुरू हो गई है. मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार ने कहा कि कुछ दिनों पहले चुनाव अधिकारियों ने सभी राज्यों का दौरा किया. सभी राज्यों के राजनीतिक दलों के साथ-साथ, डीएम, एसपी और अन्य नोडल अधिकारियों के साथ चर्चा की है.

Tamil Nadu Election: तमिलनाडु में भी चुनाव का ऐलान आज, पिछले चुनाव का हाल जानिए

बंगाल, असम के साथ-साथ आज दक्षिण भारतीय राज्य तमिलनाडु में होने वाले चुनाव के तारीखों की भी घोषणा होगी. इससे पहले राज्य के पिछले चुनाव पर एक नजर डालिए.

2021 का चुनाव तमिलनाडु के लिए ऐतिहासिक था क्योंकि यह राज्य के दो दिग्गज नेताओं जयललिता और करुणानिधि के बिना पहला विधानसभा चुनाव था.

  • कुल सीटें: 234
  • बहुमत का आंकड़ा: 118
  • नतीजे: एम.के. स्टालिन के नेतृत्व वाले DMK गठबंधन ने शानदार जीत हासिल की थी.
  • DMK: 133 सीटें
  • AIADMK: 66 सीटें
  • कांग्रेस: 18 सीटें
  • PMK: 5 सीटें
  • BJP: 4 सीटें
  • वोट शेयर: DMK को लगभग 37.7% और AIADMK को 33.3% वोट मिले थे.
  • चरण: 2021 में तमिलनाडु में एक ही चरण में 6 अप्रैल को मतदान हुआ था.

Election 2026 Date ECI Live Updates: असम विधानसभा चुनाव 2021 पर एक नजर

आज असम चुनाव के लिए तारीखों का ऐलान होगा. इससे पहले असम के पिछले चुनाव के बारे में जानिए.
असम विधानसभा चुनाव 2021 में बीजेपी ने ऐतिहासिक जीत दर्ज कर लगातार दूसरी बार सरकार बनाई थी. चुनाव के बाद बीजेपी ने सर्वानंद सोनोवाल की जगह हिमंत बिस्वा सरमा को मुख्यमंत्री बनाया था. 

  • कुल सीटें: 126
  • चरण: पिछली बार चुनाव 3 चरणों (27 मार्च, 1 अप्रैल और 6 अप्रैल) में संपन्न हुए थे.
  • बहुमत का आंकड़ा: 64
  • नतीजे: बीजेपी ने 60 सीटें जीती थीं, जबकि उसकी सहयोगी एजीपी (AGP) को 9 और यूपीपीएल (UPPL) को 6 सीटें मिली थीं. कांग्रेस ने 29 सीटें और एआईयूडीएफ (AIUDF) ने 16 सीटों पर जीत दर्ज की थी.
  • वोट शेयर: एनडीए (NDA) गठबंधन को करीब 44% वोट मिले थे, जबकि कांग्रेस नीत 'महाजोत' को लगभग 43% वोट मिले थे.

Election 2026 Date ECI Live Updates: चुनाव कितने भी चरणों में हो, सुरक्षित मतदान का मौका मिलना चाहिएः हुमायूं कबीर

चुनावी तारीखों के ऐलान से पहले जन उन्नयन पार्टी के संस्थापक हुमायूं कबीर ने कहा, "चुनाव आयोग आज शाम 4 बजे चुनाव की घोषणा करेगा... चुनाव चाहे कितने भी चरणों में हों, सबको सुरक्षित रूप से मतदान करने का मौका मिले, ऐसी तैयारी होनी चाहिए... चुनाव के तारीखों की घोषणा करना और केंद्रीय बलों को तैनात करना चुनाव आयोग का मामला है, यह उनकी ज़िम्मेदारी है."

Election 2026 Date ECI Live Updates: बंगाल विधानसभा चुनाव 2021 पर एक नजर

आज बंगाल में होने वाले चुनाव के तारीखों की घोषणा से पहले राज्य में हुए पिछले चुनाव पर एक नजर डालते हैं. 

  • कुल सीटें: 294
  • चरण: 2021 के चुनाव कोरोना महामारी के बीच 8 चरणों में संपन्न हुए थे.
  • नतीजे: ममता बनर्जी के नेतृत्व वाली तृणमूल कांग्रेस (TMC) ने प्रचंड बहुमत हासिल करते हुए 213 सीटों पर जीत दर्ज की थी.
  • विपक्ष: बीजेपी मुख्य विपक्षी दल के रूप में उभरी, जिसने 77 सीटों पर जीत हासिल की. हालांकि, वाम मोर्चा और कांग्रेस का प्रदर्शन निराशाजनक रहा था और वे शून्य पर सिमट गए थे.
  • वोट शेयर: TMC को लगभग 48% वोट मिले थे, जबकि बीजेपी को करीब 38% वोट प्राप्त हुए थे.

Election 2026 Date ECI Live Updates: चुनाव तारीखों के ऐलान से ममता का राज्यकर्मियों को बकाया DA देने की घोषणा

बंगाल चुनाव की तारीखों के ऐलान से ठीक पहले सीएम ममता बनर्जी बड़े ऐलान कर रही हैं. पुजारियों-मुअज्जिनों का मानदेय बढ़ाने के बाद अब ममता बनर्जी ने राज्य सरकार के कर्मचारियों का बकाया डीए देने की घोषणा की है. पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने ट्वीट किया, "मुझे यह घोषणा करते हुए खुशी हो रही है कि हमारी मां, माटी, मानुष सरकार ने अपने सभी कर्मचारियों और पेंशनभोगियों, साथ ही हमारे शिक्षण संस्थानों के लाखों शिक्षकों और गैर-शिक्षण कर्मचारियों, और पंचायतों, नगर निकायों, अन्य स्थानीय निकायों आदि जैसे अनुदान प्राप्त संस्थानों के कर्मचारियों/पेंशनभोगियों से किए गए वादे को पूरा किया है. उन्हें वित्त विभाग द्वारा जारी अधिसूचनाओं में विस्तृत प्रक्रिया के अनुसार मार्च 2026 से आरओपीए 2009 के तहत महंगाई भत्ता (डीए) का बकाया मिलना शुरू हो जाएगा."

Election 2026 Date ECI Live Updates:चुनाव आयोग की पीसी से 1 घंटा 20 मिनट पहले सीएम ममता का चुनावी दांव

पश्चिम बंगाल सहित पांच राज्यों की चुनावी तारीखों के ऐलान से पहले सीएम ममता बनर्जी ने गजब दांव खेला है. सीएम ने घोषणा करते हुए बताया कि मुझे यह बताते हुए खुशी हो रही है कि हमने अपने पुरोहितों और मुअज्जिनों के मासिक मानदेय में ₹500 की वृद्धि की है.

उनकी सेवाएं हमारे समाज और समुदायों के आध्यात्मिक जीवन को मजबूती देती हैं. इस संशोधन के बाद अब उन्हें ₹2,000 प्रति माह दिए जाएंगे.साथ ही पुरोहितों और मुअज्जिनों की ओर से जमा किए गए सभी नए आवेदन भी राज्य सरकार द्वारा स्वीकृत कर दिए गए हैं. हम इस बात पर गर्व करते हैं कि हम ऐसा वातावरण बना रहे हैं जहां हर समुदाय और हर परंपरा का सम्मान और सशक्तिकरण हो.हमारा प्रयास है कि हमारी समृद्ध आध्यात्मिक विरासत के संरक्षकों को वह पहचान और सहयोग मिले जिसके वे हकदार हैं.

Election 2026 Date ECI Live Updates: असम में किसका पलड़ा भारी?

इस चुनावी मौसम की दूसरी बड़ी लड़ाई असम में लड़ी जा रही है, जिसे पूर्वोत्तर का प्रवेश द्वार माना जाता है.मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा दूसरी बार सत्ता में आने की कोशिश में हैं, जबकि कांग्रेस इस बार कुछ बड़ा करने की उम्मीद लगाए हुए है. विपक्ष की कमान राज्य कांग्रेस अध्यक्ष और वरिष्ठ नेता गौरव गोगोई के हाथ में है, लेकिन पिछले कुछ महीनों में विपक्ष को कई बड़े नेताओं के पार्टी छोड़ने का सामना करना पड़ा है, जिनमें पूर्व प्रदेश अध्यक्ष भूपेन बोरा भी शामिल हैं. कांग्रेस को बीजेपी को कड़ी चुनौती देने के लिए अपने संगठन को मजबूत और एकजुट रखना होगा.

Election 2026 Date Announcement Updates: तमिलनाडु में सत्ता में वापसी करेगी डीएमके?

DMK प्रमुख एम.के. स्टालिन दूसरी बार सत्ता में आने की कोशिश में हैं.विपक्ष की बात करें तो AIADMK और BJP ने गठबंधन किया है. लेकिन इस चुनाव में सबसे ज्यादा चर्चा में हैं अभिनेता-नेता विजय की जो अपनी पार्टी TVK के साथ राजनीति में पूरी तरह प्रवेश कर चुके हैं.

Election 2026 Date Announcement: हम तो चुनाव के लिए पूरे तैयार; चुनाव तारीखों के ऐलान के पहले AIADMK का बयान

पांच राज्यों के चुनाव कार्यक्रम की घोषणा होने की संभावना पर AIADMK प्रवक्ता कोवई सत्यन ने कहा कि चुनाव की तारीखें आज शाम 4 बजे तक घोषित हो सकती हैं.हम पूरी तरह तैयार हैं.चुनाव अगर कल ही हों,तब भी हम पूरी तैयारी के साथ मैदान में उतरेंगे.

Election 2026 Date Announcement LIVE: पिछले चुनाव में क्या थे नतीजे?

असम: 126 सीटों के लिए पिछली बार तीन चरणों में चुनाव हुए थे.एनडीए ने 75 सीटें जीती थीं. लगातार दूसरी बार असम में बीजेपी की सरकार बनी थी.

पश्चिम बंगाल: राज्य की 294 सीटों के लिए पिछली बार 8 चरणों में चुनाव हुए थे. टीएमसी ने 215 और बीजेपी ने 77 सीटें जीती थीं. ममता बनर्जी मुख्यमंत्री बनी थीं.

तमिलनाडु: 234 विधानसभा सीटों के लिए एक ही चरण में वोट डाले गए थे. डीएमके ने 133 सीटें जीती थीं. अन्नाद्रमुक ने 66 और बीजेपी ने 5 सीटें जीती थीं. एमके स्टालिन सीएम बने थे.

केरल: 140 सीटों के लिए एक ही चरण में वोटिंग हुई थी. एलडीएफ ने 99 और यूडीएफ ने 41 सीटें जीती थीं. पिनराई विजयन लगातार दूसरी बार मुख्यमंत्री बने थे.

पुडुचेरी: 30 विधानसभा सीटों के लिए एक चरण में वोट पड़े थे. एनडीए ने 16 और यूपीए ने 9 सीटें जीती थीं. एनडीए के एन. रंगास्वामी मुख्यमंत्री बने थे.

Election 2026 Date Announcement LIVE Updates: किस राज्य में कितनी विधानसभा सीटों पर होंगे चुनाव?

आज 5 राज्यों के चुनाव तारीखों का ऐलान हो जाएगा. शाम 4 बजे इलेक्शन कमीशन की प्रेस कॉन्फ्रेंस है. इससे पहले आपको बता देते हैं कि पांच राज्यों में कितनी विधानसभा सीटों पर इस बार चुनाव होगा. पश्चिम बंगाल में कुल 294 सीटों के लिए, असम में 126 सीटों के लिए,पुडुचेरी में 30, तमिलनाडु में 234 और केरलम में 140 सीटों के लिए चुनाव होंगे. 

Election commission LIVE: केरल में लड़ाई कांग्रेस बनाम लेफ्ट

केरल में वामपंथ बनाम कांग्रेस की लड़ाई है.यह राज्य आमतौर पर हर चुनाव में सरकार बदल देता है, लेकिन इस बार CPM के वरिष्ठ नेता पिनराई विजयन को लगातार दो बार मौका मिल चुका है, और अब वे तीसरी बार सत्ता में आने की कोशिश कर रहे हैं. दूसरी ओर, कांग्रेस 2024 लोकसभा चुनाव के नतीजों से उत्साहित है. लेकिन राज्य में सफलता तभी मिल सकती है, जब पार्टी अपने अंदर की आपसी लड़ाई और गुटबाज़ी को काबू में रख पाए.

ECI Press Conference LIVE:बंगाल को छोड़ बाकी 4 राज्यों में एक फेज में होंगे चुनाव

चुनाव आयोग के सूत्रों के अनुसार,बंगाल को छोड़कर सभी राज्यों में चुनाव एक ही चरण में कराए जा सकते हैं. बंगाल हर चुनाव में राजनीतिक हिंसा की वजह से सुर्खियों में रहता है.सूत्रों का कहना है कि पश्चिम बंगाल में चुनाव 3-4 चरणों में हो सकते हैं.2021 के विधानसभा चुनाव में बंगाल में मतदान आठ चरणों में हुआ था.असम में चुनाव तीन चरणों में करवाए गए थे,जबकि तमिलनाडु,केरल और पुडुचेरी में एक ही चरण में मतदान कराया गया था. 

ECI Press Conference LIVE: चुनाव की तारीखों के ऐलान के लिए चुनाव आयोग ने भेजा निमंत्रण, 4 बजे प्रेस कॉन्फ्रेंस

चुनाव आयोग ने एक पत्र जारी कर आज शाम होने वाली प्रेस कॉन्फ्रेंस की जानकारी दी है. प्रेस कॉन्फ्रेंस दिल्ली के विज्ञान भवन में होगी और आज असम, पश्चिम बंगाल, केरल, पुडुचेरी, तमिलनाडु में होने वाले चुनाव तारीखों की घोषणा की जाएगी. 

Election Commision Poll Date Announcement LIVE:कहां-कब-कब खत्म हो रहे विधानसभा के कार्यकाल?

चुनाव आयोग के मुताबिक, असम विधानसभा का कार्यकाल 20 मई, केरल का 23 मई, तमिलनाडु का 10 मई, पश्चिम बंगाल का 7 मई और पुडुचेरी का 15 जून को खत्म हो रहा है. यानी 7 मई से पहले-पहले पांचों राज्यों में चुनाव खत्म हो सकते हैं.

  

Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com